ईस्ट जोन जूनियर हॉकी चैंपियनशिप : झारखंड की महिला एवं पुरुष की टीम ने अपने-अपने मैच जीत कर खिताब पर किया कब्जा

Edited By:  |
Reported By:
east jone juniur hockey champianship east jone juniur hockey champianship

खूंटी : प्रथम हॉकी इंडिया ईस्ट जोन जूनियर महिला एवं पुरुष राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप 2023 में झारखंड की महिला हॉकी टीम ने मिजोरम की टीम से पेनाल्टी शूटआउट में जीत हासिल की है. वहीं झारखंड की पुरुष हॉकी टीम ने ओडिशा की टीम से 3-1 से जीत हासिल की. एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम एवं बिरसा कॉलेज, खूंटी में 19 मार्च से 26 मार्च तक आयोजित हॉकी प्रतियोगिता में पूर्वोत्तर भारत के 6 (छह) राज्यों की महिला / पुरुष टीम ने भाग लिया. प्रतियोगिता में अनुपमा होरो व दीपक सोरिंग प्लेयर ऑफ द मैच रहे.

खूंटी के एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में 19 से 26 मार्च तक आयोजित प्रथम हॉकी इंडिया ईस्ट जोन जूनियर महिला एवं पुरुष राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप 2023 में 6 राज्यों की टीम ने भाग लेकर शानदार प्रदर्शन किया है. प्रथम हॉकी इंडिया ईस्ट जोन जूनियर महिला एवं पुरुष राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप 2023 के सफल आयोजन के लिए सभी को शुभकामनाएं. राज्य सरकार द्वारा राज्य में खेल के प्रति जागरूकता लाने हेतु तथा पर्यटन के प्रोत्साहन हेतु भी उचित प्रयास किए गए हैं. उक्त बातें हाफीजुल हसन,मंत्री,पर्यटन,कला संस्कृति,खेल एवं युवा मामले विभाग ने कही.

झारखंड की दो बेटियां ओलंपियन निक्की प्रधान और सलीमा टेटे की सराहना करते हुए मंत्री ने कहा कि झारखंड समेत पूरे देशवासियों को इन पर गर्व है. इन दोनों बेटियों ने सीमित संसाधनों के बीच अपना मुकाम बनाया है, यह बहुत बड़ी उपलब्धि है.

इसी प्रकार हमें आशा है कि जिले के प्रतिभावान खिलाड़ी अपने शानदार प्रदर्शन से राज्य औऱ देश का नाम रौशन करेंगे.

मंजिले उन्हें मिलती हैं,जिनके सपनो में जान होती है,पंखों से कुछ नहीं होता हौसलों से उड़ान होती है..... उपायुक्त ने खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं

मौके पर उपायुक्त ने कहा कि खूंटी जिले में हॉकी चैंपियनशिप का आयोजन स्वर्णिम अवसर है. सभी के सामूहिक समन्वय से यह आयोजन खूंटी जिले में सफल हुआ है. उन्होंने कहा कि झारखंड पुरुष एवं महिला टीम के कप्तान खूंटी जिले के खिलाड़ी हैं. ये हम सभी के लिए हर्ष की बात है.

धरती आबा की शौर्य भूमि और महान हॉकी खिलाड़ी मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा जी की पावन भूमि खूंटी में ये आयोजन और उत्साह से परिपूर्ण ये वातावरण हम सभी को गौरवान्वित करता है.

ये हम सभी के लिए हर्ष का विषय है कि खूंटी आज विश्व पटल पर अपनी पहचान बनाने की दिशा में अग्रसर है. इस सफल आयोजन से कई उभरते खिलाड़ियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा.

खूंटी का ब्लू एस्ट्रो टर्फ अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनाया गया है. हमारा प्रयास है कि इसी प्रकार सभी प्रखंड में एस्ट्रो टर्फ मैदान बनाए जायेंगे. इससे हमारे स्थानीय प्रतिभावान खिलाड़ियों को उचित अवसर मिलेंगे और विश्व पटल पर वो अपनी पहचान बनायेंगे. हॉकी प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी राज्यों की टीमें ऊर्जावान हैं. इसी प्रकार दृढ़ संकल्प के साथ बढ़कर खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन करेंगे.

हॉकी चैंपियनशिप 2023 के समापन समारोह में माननीय मंत्री,पर्यटन,कला संस्कृति,खेल एवं युवा मामले विभाग,हाफीजुल हसन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए. साथ ही मुख्य रूप से उपायुक्त शशि रंजन व पुलिस अधीक्षक शामिल थे.

इस दौरान उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, हॉकी झारखंड के महासचिव, विजय शंकर सिंह, हॉकी झारखंड के CEO, रजनीश कुमार, हॉकी खूंटी के अध्यक्ष, अशोक भगत, दसरथ महतो और अन्य विशेष रूप से शामिल हुए.


Copy