'छोटे सरकार' की प्रशंसा : CM नीतीश ने मंच से की अनंत सिंह की जमकर की तारीफ, गरमायी सियासत, जानिए क्या कहा
MUNGER :बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मुंगेर लोकसभा क्षेत्र के पंडारक में आयोजित चुनावी सभा के दौरान 'छोटे सरकार' यानी अनंत सिंह की जमकर तारीफ की है। नीतीश कुमार ने मंच से ही मोकामा की विधायक और अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी की तरफ मुखातिब होते हुए कहा कि इनके पति से हमारा पुराना संबंध बहुत पहले का है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ये भी कहा कि बीच में थोड़ा बहुत इधर-उधर हो गया था लेकिन अब देखिए वे फिर से आ गयी हैं। नीतीश कुमार ने कहा कि इधर-उधर जो हुआ था, वो अब खत्म हो गया है। अब वह फिर साथ है। मेरे पिता और उनके (अनंत सिंह) के पिता का रिश्ता बहुत पुराना था। वे बराबर आते थे और बहुत अधिक मानते थे। इनसे मेरा पुराना रिश्ता रहा है।
इसके साथ ही नीतीश कुमार ने कहा कि ललन सिंह ने बहुत काम किया है। उन्होंने कभी भी जाति नहीं देखी है। गौरतलब है कि मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह कल ही पैरोल पर जेल से बाहर आए हैं। जेल से निकलते ही वे मोकामा पहुंचे। इस दौरान बड़ी संख्या में उनके समर्थक साथ थे। वहीं, अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी ने हाल के दिनों में पाला बदला है और NDA की तरफ आ गयी हैं।