तिहाड़ जेल पहुंचे अरविंद केजरीवाल : कोर्ट ने 15 दिनों के लिए भेजा जेल, बोली ईडी - गोलमोल दे रहे हैं जवाब

Edited By:  |
Arvind Kejriwal reached Tihar Jail Arvind Kejriwal reached Tihar Jail

NEW DELHI : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की मुश्किलें बढ़ती जा रही है। अब उन्हें 15 अप्रैल तक जेल भेज दिया गया है। अरविंद केजरीवाल को तिहाड़ जेल में रखा गया है। वे तिहाड़ में जेल नंबर 2 में रहेंगे।

अरविंद केजरीवाल को आज ईडी हिरासत खत्म होने पर दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया था। ईडी ने आगे कस्टडी नहीं मांगी थी, जिसके बाद अदालत ने 15 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का फैसला लिया। वहीं, राउज एवेन्यू कोर्ट में पेशी के दौरान अरविंद केजरीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री जी, जो ये कर रहे हैं, वो देश के लिए अच्छा नहीं है। केजरीवाल ने स्पष्ट किया कि वो सीएम पद से इस्तीफा नहीं देंगे बल्कि जेल से सरकार चलाएंगे।

फिलहाल अरविंद केजरीवाल ने जेल में अध्ययन के लिए कोर्ट से 3 किताबों की मांग की है। केजरीवाल ने रामायण, गीता और नीरजा चौधरी की किताब How Prime Minister decide की मांग की है। इसके अलावा जेल में दवा रखने की इजाजत मांगी है। इधर, ईडी ने पूछताछ के दौरान अरविंद केजरीवाल के रवैये को असहयोगपूर्ण बताया है।

ईडी का कहना है कि अरविंद केजरीवाल सवालों का जवाब सीधा नहीं देते। वे गोलमोल जवाब देते हैं। फोन के बारे में भी कोई जानकारी नहीं दी है। ईडी ने कोर्ट में पहली बार मंत्री आतिशी और सौरभ भारद्वाज का जिक्र किया। ईडी के मुताबिक अरविंद केजरीवाल ने पूछताछ में जानकारी दी है कि विजय नायर मुझे नहीं बल्कि आतिशी और सौरभ भारद्वाज को रिपोर्ट करते थे।

हालांकि, इस संबंध में जब मीडिया ने आतिशी से सवाल किया तो वे खामोश हो गयीं। इधर, अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल का बयान भी आया है। उन्होंने कहा कि चुनाव के वक्त अरविंद केजरीवाल को जेल में डाला गया है। देश की जनता इस तानाशाही का जवाब देगी।


Copy