'अब इधर-उधर नहीं जाएंगे' : CM नीतीश ने फिर दोहराया अपना वादा, केन्द्रीय मंत्री ललन सिंह की जमकर की तारीफ, डिप्टी सीएम के कंधे पर भी रखा हाथ

Edited By:  |
Reported By:
 CM Nitish again reiterated his promise of not going here and there  CM Nitish again reiterated his promise of not going here and there

PATNA : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एकबार फिर अपने बयान की वजह से सुर्खियों में हैं। जी हां, शनिवार को पटना के ज्ञान भवन में आयोजित पशुपालन विभाग के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने फिर कहा कि अब वे इधर-उधर नहीं जाएंगे।

'अब इधर-उधर नहीं जाएंगे'

CM नीतीश ने कहा कि शुरू से हम लोग साथ थे। जब पार्टी बनाए थे तो साथ थे। हम लोग गड़बड़ कर दिए। इधर-उधर चले गए। बीजेपी से दो बार अलग हो गए लेकिन अब हम कहीं नहीं जाएंगे।' इसके साथ ही लालू प्रसाद की पार्टी आरजेडी पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि 'वो लोग जरा-सा गड़बड़ नहीं करता है...बहुत गड़बड़ करता है। अब आ गए हैं तो कहीं नहीं जाएंगे।' उन्होंने पूरे ठसक के साथ NDA के साथ रहने की बात दोहरायी।

लाभुक किसानों को वितरित किया डमी चेक

गौरतलब है कि शनिवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मत्स्य पालन के क्षेत्र में ड्रोन तकनीकी का उपयोग और प्रत्यक्षण कार्यक्रम के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा सहित विभाग के अधिकारी मौजूद थे। साथ ही सैकड़ों की संख्या में बिहार के सभी जिलों से किसान भी पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने लाभुक किसानों को डमी चेक वितरित किया। इसी कार्यक्रम के दौरान उन्होंने इधर-उधर नहीं जाने की बातें भी कही।

ललन सिंह की जमकर की तारीफ

इस कार्यक्रम के दौरान ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने केन्द्रीय मंत्री और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष ललन सिंह की जमकर तारीफ की और कहा कि ललन बाबू अच्छा बोल रहे थे। 2005 के पहले लोगों का धंधा कैसा खराब था। यहां पर कोई काम नहीं होता था। हर क्षेत्र के लोगों के लिए हमलोगों ने काम किया है। कृषि, पशुपालन, मत्स्यपालन सब पर हमने ध्यान दिया है और काम किया है। बिहार मछली उत्पादन में आत्मनिर्भर बन गया है। बाहर भी यहां की मछली भेजी जा रही है।

विजय सिन्हा और ललन सिंह के कंधे पर रखा हाथ

उन्होंने प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया है और कहा कि लगातार सहयोग मिल रहा है। उन्होंने इस कार्यक्रम में ललन सिंह और डिप्टी सीएम विजय सिन्हा के कंधे पर हाथ भी रखा।