गयाजी: शहर के विष्णुपद थाना क्षेत्र स्थित श्मशान घाट पर लकड़ी बेचने को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। विवाद के दौरान दर्जनों लोगों के जुटने और एक स्थानीय दुकानदार के साथ मारपीट और जबरन ले जाने की कोशिश का आरोप है। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका फुटेज अब सामने आया है।

फुटेज में एक व्यक्ति लोहे की रॉड लेकर दूसरे व्यक्ति को नदी की ओर ले जाते और गाली-गलौज करते दिखाई दे रहा है। इस दौरान जान से मारने की धमकी देने की बात भी सामने आई है। पीड़ित परिवार ने कुख्यात अपराधी सुजीत यादव उर्फ तरेल यादव पर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और मांग पूरी नहीं होने पर पूरे परिवार की हत्या की धमकी देने का आरोप लगाया है।

पीड़ित परिवार ने विष्णुपद थाने में लिखित शिकायत के साथ सीसीटीवी फुटेज भी सौंपा है। साथ ही जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

अब सवाल यह है कि सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस इस मामले में क्या कार्रवाई करती है और पीड़ित परिवार को कब न्याय मिलता है?

गयाजी से मनोज सिंह की रिपोर्ट