बिहार में छठ महापर्व-2026 दिनांक 13 नवम्बर से 16 नवम्बर, 2026 तक मनाया जाएगा। इस अवसर पर राज्य के विभिन्न नदियों, तालाबों एवं छठ घाटों पर बड़ी संख्या में छठव्रतियों, श्रद्धालुओं एवं उनके परिजनों के एकत्रित होने की संभावना को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा सभी जिला पदाधिकारियों को सुरक्षा एवं आपदा की रोकथाम के लिए व्यापक पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जी के निर्देशानुसार आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिला पदाधिकारियों को निदेश देते हुए पत्र जारी किया है कि छठ महापर्व के दौरान संभावित दुर्घटनाओं, विशेषकर डूबने की घटनाओं, भगदड़ एवं अन्य आपात स्थितियों की रोकथाम के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। इसके लिए पूर्व में विभाग द्वारा त्योहारों के दौरान डूबने से होने वाली मृत्यु की रोकथाम के संबंध में जारी दिशा-निर्देशों का भी अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
विभाग द्वारा जारी निर्देश के अनुसार सभी जिलों में निम्नलिखित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है-
1. खतरनाक घाटों की पहचान एवं बैरिकेडिंग : सभी खतरनाक नदी घाटों एवं तालाबों को चिह्नित कर उनका व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए। ऐसे घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाए, ताकि श्रद्धालु खतरनाक एवं गहरे पानी में प्रवेश न कर सकें। सभी घाटों पर पर्याप्त संख्या में सुरक्षाबलों एवं स्वयंसेवकों (Volunteers) की प्रतिनियुक्ति की जाए।
2. चिकित्सा व्यवस्था एवं त्वरित चिकित्सा दल की तैनाती : सभी प्रमुख घाटों पर आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल टीमों की प्रतिनियुक्ति के साथ-साथ आवश्यकता के अनुसार एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए क्विक मेडिकल रिस्पॉन्स टीम (QMRT) की भी तैनाती की जाए।
3. गोताखोरों एवं मोटरबोट की व्यवस्था : नदी घाटों पर प्रशिक्षित गोताखोरों, तैराकों एवं मोटरबोट चालकों की प्रतिनियुक्ति की जाए। उन्हें लाइफ जैकेट, इन्फ्लैटेबल मोटरबोट एवं उपलब्धतानुसार देसी नावों के साथ तैनात किया जाए। प्रतिनियुक्त गोताखोरों को पहचान के लिए विशेष जैकेट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है, ताकि आपात स्थिति में उनकी पहचान आसानी से हो सके।
4. घाटों एवं रास्तों में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था : सभी छठ घाटों एवं वहां तक पहुंचने वाले रास्तों पर सुरक्षित तरीके से पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जाए। जिन जिलों को इन्फ्लैटेबल इमरजेंसी लाइटिंग सिस्टम (IELS) उपलब्ध कराया गया है, वे आवश्यकता के अनुसार इसका उपयोग करें। सभी प्रकाश व्यवस्था एवं विद्युत उपकरणों की अग्रिम जांच कर ली जाए, ताकि बिजली के करंट से किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।
5. कंट्रोल रूम का निर्बाध संचालन : छठ महापर्व के दौरान जिला नियंत्रण कक्षों का निर्बाध संचालन सुनिश्चित किया जाए। महत्वपूर्ण दूरभाष संख्याएं कंट्रोल रूम में उपलब्ध रहें। किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तत्काल जिला नियंत्रण कक्ष एवं राज्य आपातकालीन संचालन केन्द्र (SEOC), पटना को दी जाए। Control Room से recorded advisory message भी लगातार लाउड स्पीकर के माध्यम से भेजा जाए।
6. नदी घाटों/तालाबों पर पटाखों की बिक्री एवं उपयोग पर प्रतिबंध: पटाखों की आवाज से घाटों और तालाबों के समीप उपस्थित छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं के बीच भगदड़ मचने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है, जिसके परिणामस्वरूप कोई गंभीर दुर्घटना/आपदा हो सकती है। अतएव इस अवसर पर दिनांक-13.11.2026 से 16.11.2026 तक नदी घाटों एवं तालाबों आदि जलस्रोतों, जहाँ छठ पूजा की अनुमति हो, पटाखों की बिक्री एवं पटाखे चलाने पर समुचित प्रशासनिक नियंत्रण अपेक्षित है, इसके लिए लगातार निगरानी सुनिश्चित की जाए।
7. निजी नावों के परिचालन पर रोक :छठ पर्व के अवसर पर नहाय-खाय से लेकर सुबह के अर्घ्य देने तक निजी नावों के परिचालन पर रोक लगाने की कार्रवाई की जाए तथा इसकी निगरानी हेतु छठ घाटों पर मजिस्ट्रेट, पुलिसबल, चौकीदार आदि की तैनाती हो।
8. कार्य योजना एवं कम्यूनिकेशन प्लान :छठ पर्व के अवसर पर आपदा प्रबंधन की दृष्टि से पूर्व से की गई तैयारी के संबंध में बैठक कर कार्य योजना एवं कम्यूनिकेशन प्लान तैयार कर ली जाए ताकि छठ पर्व के अवसर पर आपदा की स्थिति उत्पन्न न हो।
9. छठ समितियों के साथ बैठक एवं समन्वय: छठ समिति के साथ बैठक कर उन्हें प्रशिक्षित करते हुए आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करें।
किसी भी आपातकालीन सहायता के लिए आपदा प्रबंधन विभाग के राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (SEOC) पर संपर्क करें। हेल्पलाइन नंबर- 0612-2294204/205 आपातकालीन सहायता नंबर- 1070
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

