पटना: बिहार में निगरानी विभाग का फर्जी अधिकारी बनकर सरकारी इंजीनियरों को धमकाने और उनसे अवैध वसूली करने वाले एक शातिर को आर्थिक अपराध इकाई ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र निवासी निहाल कुमार राय (करीब 20 वर्ष) के रूप में हुई है। वह वर्तमान में पटना के गर्दनीबाग इलाके में रह रहा था। आर्थिक अपराध इकाई की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार आरोपी को 9 नवंबर को गिरफ्तार किया गया।

मामले की शुरुआत कटिहार जिले के सलमारी में पदस्थापित बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता कृपानाथ चंद्र विश्वास की शिकायत से हुई। उन्होंने आर्थिक अपराध इकाई को बताया कि 6 नवंबर को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को निगरानी विभाग का अधिकारी बताते हुए उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की शिकायत होने की बात कही। इसके बाद मामला रफा-दफा करने के नाम पर दो लाख रुपये की मांग की गई।

आरोपी ने इंजीनियर को धमकी दी कि यदि वे पटना नहीं पहुंचे तो कभी भी उनके खिलाफ छापेमारी हो सकती है। इसके बाद उन्हें विकास भवन के पास मिलने के लिए बुलाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आर्थिक अपराध थाना में कांड संख्या 32/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

बिहार में निगरानी विभाग का फर्जी अधिकारी बनकर इंजीनियरों से वसूली करने वाला शातिर गिरफ्तार, दो लाख रुपये मांगने का खुलासा

तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मोबाइल नंबर के धारक निहाल कुमार राय को गिरफ्तार किया। जांच में उसके मोबाइल से कई इंजीनियरों और सरकारी अधिकारियों को फोन करने तथा धमकाने से संबंधित चैट और अन्य साक्ष्य मिले। मोबाइल में निगरानी विभाग के साइन बोर्ड और वरीय अधिकारी की नेम प्लेट की तस्वीर भी मिली। उसके पास BIPARD द्वारा जारी एक व्यक्ति के नाम का BAO पहचान पत्र भी बरामद हुआ।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में कई अन्य इंजीनियरों से भी इसी तरह पैसे वसूलने की बात स्वीकार की है। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। आर्थिक अपराध इकाई मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट