भोजपुर: जिले के धनगाई थाना क्षेत्र के बसौना गांव में 28 वर्षीय महिला खैरुन निशां की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला का शव उसके ससुराल स्थित घर की छत की कुंडी से लटका मिला। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
मृतका के भाई महबूब अली ने उसके पति नेजाम अंसारी, देवर समेत ससुराल के चार सदस्यों पर हत्या का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। मायके वालों का आरोप है कि पति के कथित प्रेम-प्रसंग का विरोध करने के कारण महिला की हत्या की गई।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति नेजाम अंसारी और उसकी सास को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, पति ने पूछताछ में बताया कि महिला मोबाइल फोन की मांग कर रही थी। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात कहकर उसने बाद में मोबाइल दिलाने की बात कही थी। इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था।
वहीं, मृतका के भाई ने बताया कि वर्ष 2018 में उसकी बहन की शादी नेजाम अंसारी से हुई थी। शादी के कुछ वर्षों बाद पति के किसी दूसरी महिला से कथित संबंध को लेकर दोनों के बीच विवाद होने लगा था। इस संबंध में पहले भी थाने में शिकायत की गई थी।
मायके वालों ने ससुराल पहुंचने पर कमरे में टूटी चूड़ियां और महिला के गले पर निशान मिलने की बात कही है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अनुसंधान के आधार पर मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।

