जमुई: बिहार के जमुई के मड़वा पहाड़ के पास नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ हुई बदसलूकी के मामले में पुलिस कार्रवाई लगातार जारी है.19सितंबर की शाम छात्र और छात्रा स्कूटी से जा रहे थे. इसी दौरान7-8युवकों ने उन्हें रोक लिया और दोनों के साथ मारपीट व बदसलूकी की. घटना का वीडियो भी बनाया गया.
21सितंबर को घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तेजी से गरमा गया. पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की. वीडियो प्रसारित करने के आरोप में रामाशीष चौधरी को गिरफ्तार किया गया. तीन नाबालिग आरोपितों को भी पुलिस ने अभिरक्षा में लिया.
मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर विरोध प्रदर्शन और राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई. पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर सीआईडी की कमजोर वर्ग विंग ने जांच में सहयोग शुरू किया. पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी.
22सितंबर को विशेष जांच दल को मुख्य आरोपित नंदन यादव के कुंदर बराज के पास छिपे होने की सूचना मिली. पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो पुलिस के अनुसार नंदन ने भागने और हमला करने का प्रयास किया. जवाबी कार्रवाई में नंदन घायल हुआ और उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया. उसके साथ मौजूद हरेराम यादव भी घायल हुआ.
पुलिस के अनुसार अब तक कई आरोपितों को पकड़ा जा चुका है और फरार आरोपितों की तलाश जारी है. प्रशासन ने लोगों से वायरल वीडियो साझा नहीं करने और पीड़िता की पहचान व गरिमा की रक्षा करने की अपील की है. मामले में जल्द चार्जशीट दाखिल कर फास्ट-ट्रैक कोर्ट में सुनवाई की तैयारी की जा रही है.
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-
