
रविवार, 01 नवंबर 2026
Liveलोहरदगा : जिले की जीवनरेखा माने जाने वाले लोहरदगा रेलवे स्टेशन पर इन दिनों सन्नाटा पसरा हुआ है. शंख नदी पर बने रेलवे पुल में गंभीर तकनीकी खामी सामने आने के बाद रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से लोहरदगा स्टेशन से सभी ट्रेनों के परिचालन पर अस्थायी रोक लगा दी है. पुल के पिलर संख्या 4 और 5 में दरारें पाए जाने के बाद यह बड़ा निर्णय लिया गया, जिससे हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.रेलवे द्वारा जारी आधिकारिक निर्देश के अनुसार राजधानी एक्सप्रेस का मार्ग परिवर्तित कर दिया गया है. अब यह ट्रेन लोहरदगा के बजाय मेसरा–बरकाकाना–टोरी रूट से होकर चलेगी. वहीं रांची–सासाराम एक्सप्रेस को 5 से 7 जनवरी तक रद्द कर दिया गया है, जबकि सासाराम–रांची एक्सप्रेस 6 से 8 जनवरी तक कैंसिल रहेगी. इसके अलावा लोहरदगा-रांची मेमू पैसेंजर ट्रेन को नगजुआ स्टेशन तक ही सीमित कर दिया गया है.रेलवे अधिकारियों के अनुसार सोमवार सुबह राजधानी एक्सप्रेस 8:18 बजे लोहरदगा स्टेशन पहुंची और 8:22 बजे रांची के लिए रवाना हुई थी. इसके बाद 9:21 बजे सासाराम एक्सप्रेस उसी पुल से होकर गुजरी. इन ट्रेनों के गुजरने के बाद जब पुल की विस्तृत जांच की गई, तो पिलर में गंभीर दरारें पाई गईं. संभावित खतरे को देखते हुए तत्काल प्रभाव से सभी ट्रेनों का परिचालन रोक दिया गया. फिलहाल लोहरदगा-रांची मेमू, राजधानी एक्सप्रेस और सासाराम एक्सप्रेस जैसी प्रमुख ट्रेनों का संचालन बंद है. रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जब तक पुल की मरम्मत और सुरक्षा जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक लोहरदगा स्टेशन से ट्रेनों का परिचालन शुरू नहीं किया जाएगा. इस फैसले से यात्रियों के साथ-साथ व्यापार और आवागमन पर भी गहरा असर पड़ा है.
लोहरदगा : ट्रक ऑनर एसोसिएशन लोहरदगा–गुमला की एक महत्वपूर्ण बैठक सह वनभोज कार्यक्रम शंख नदी के तट, लोहरदगा में संपन्न हुआ. इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू उपस्थित रहे. बैठक में ट्रक मालिकों की लंबे समय से चली आ रही मांगों और हड़ताल के निर्णय पर विस्तार से चर्चा की गई.वनभोज से पूर्व बैठक को संबोधित करते हुए धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि एसोसिएशन की ओर से हिंडाल्को कंपनी के एक कर्मचारी राकेश शर्मा को हटाने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई थी. इस मुद्दे पर यह निर्णय लिया गया था कि यदि उक्त कर्मचारी को नहीं हटाया गया तो 1 जनवरी से सभी ट्रक मालिक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे. हड़ताल की स्थिति में माइंस से लेकर लोडिंग–अनलोडिंग पॉइंट, कांटाघर, ड्राइवर, ट्रक परिचालन सहित संपूर्ण व्यवस्था ठप कर दी जाती और बॉक्साइट का एक ढेला भी बाहर नहीं जाने दिया जाता. उन्होंने कहा कि हड़ताल से पूर्व ही हिंडाल्को कंपनी ने एसोसिएशन को यह आश्वासन दिया कि संबंधित कर्मचारी को यहां से हटा दिया जाएगा तथा ट्रक मालिकों से जुड़ी अन्य समस्याओं का भी समाधान किया जाएगा. कंपनी के इस सकारात्मक आश्वासन के बाद 1 जनवरी से प्रस्तावित बंदी को स्थगित करने का निर्णय लिया गया. धीरज साहू ने इसे ट्रक मालिकों की “ऐतिहासिक जीत” बताते हुए कहा कि यह जीत आपकी एकजुटता और संघर्ष का परिणाम है. उन्होंने कहा कि भविष्य में भी यदि ट्रक मालिकों, ड्राइवरों या आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी होती है तो वे हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे. साथ ही उन्होंने नए वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की. बैठक को संबोधित करते हुए एसोसिएशन के सह संरक्षक डॉ. लाल अजय नाथ शाहदेव ने कहा कि आपकी एकजुटता ही आपकी सबसे बड़ी ताकत है. यदि आप इसी तरह संगठित और दृढ़ रहेंगे तो कोई भी आपका अहित नहीं कर सकता. वहीं सह संरक्षक हाजी शकील अंसारी ने कहा कि “फूट डालो और शासन करो” की नीति अब नहीं चलेगी. ट्रक मालिक आज एकजुट हैं और उनके साथ क्षेत्र के लौह पुरुष धीरज प्रसाद साहू मजबूती से खड़े हैं, इसलिए हर संघर्ष में जीत निश्चित है.लोहरदगा–गुमला ट्रक ऑनर एसोसिएशन के अध्यक्ष कवलजीत सिंह ने कहा कि एसोसिएशन का मुख्य उद्देश्य ट्रक मालिकों का व्यापार सुचारू रूप से चलाना है. यदि कोई व्यक्ति या अधिकारी गलत कार्य करता है तो उसके खिलाफ सड़क पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा, चाहे वह कितना भी बड़ा क्यों न हो. जरूरत पड़ने पर घेराव करने से भी पीछे नहीं हटेंगे. यह ट्रक मालिकों की सीधी और स्पष्ट चेतावनी है. बैठक में रोहित अग्रवाल, मुद्रिका यादव, रहमान अंसारी, राजेश शर्मा, मनीष सिंह, मुख्तार अंसारी, तारीक खान, मोहम्मद अमानुल्लाह, संतोष साहू, रहमत अंसारी, अभय सिंह सहित कई वक्ताओं ने अपने विचार रखे. कार्यक्रम में समाजसेवी उदय गुप्ता, कांग्रेस नेता सदरुल अंसारी, बरज सिंह, अरमान खान, गुड्डू, विनोद उरांव, जतरू मुंडा, राजेश विश्वकर्मा, मंटू साहू, संजीव शर्मा, हरिचरण साहू, ओम सिंह, रामदेव गोप सहित लगभग 400 ट्रक मालिक, बड़ी संख्या में ट्रक चालक तथा गेराज कमेटी के सदस्य उपस्थित रहे. कार्यक्रम के अंत में धीरज प्रसाद साहू ने सभी के साथ बैठकर वनभोज का आनंद लिया. ट्रक मालिकों ने पटाखे फोड़कर और अबीर–गुलाल खेलकर अपनी खुशी का इजहार किया. बैठक शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुई.
लोहरदगा : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने झारखंड सरकार द्वारा पेसा (PESA) कानून की नियमावली को कैबिनेट से मंजूरी दिए जाने पर राज्य सरकार को बधाई दी है. उन्होंने इसे एक ऐतिहासिक और दूरगामी परिणाम वाला फैसला बताते हुए कहा कि यह कदम जनजातीय समुदायों को सशक्त बनाने, ग्राम सभाओं को मजबूत करने और उन्हें भूमि व प्राकृतिक संसाधनों पर स्वशासन का अधिकार देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है.पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि पेसा कानून के प्रभावी क्रियान्वयन से आदिवासी क्षेत्रों में जमीनी स्तर पर लोकतंत्र को मजबूती मिलेगी और विकास की प्रक्रिया में ग्राम सभा की निर्णायक भूमिका सुनिश्चित होगी. खासकर भूमि अधिग्रहण, खनन और विकास परियोजनाओं जैसे मामलों में अब ग्राम सभा की सहमति अनिवार्य होगी, जिससे आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा होगी. उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार का यह निर्णय न सिर्फ राज्य बल्कि पूरे देश के लिए एक मिसाल बनेगा. धीरज प्रसाद साहू ने केंद्र की भाजपा सरकार और राज्य में भाजपा नेतृत्व पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रभु यीशु के जन्म से ठीक 24 घंटे पहले राज्य सरकार ने यह ऐतिहासिक निर्णय लेकर आदिवासी समाज को सम्मान देने का काम किया है. उन्होंने कहा कि पेसा केवल एक कानून नहीं है, बल्कि यह धरती की वंदना, जल की वंदना और मातृ शक्ति की वंदना है. मानव इतिहास की पहली लोकतांत्रिक नींव आदिवासी समाज ने ही रखी, जहां समुदाय, प्रकृति और सहयोगिता को सर्वोच्च स्थान दिया गया. उन्होंने कहा कि वर्ष 1996 में पेसा कानून बनने के बावजूद वर्षों तक इसे जानबूझकर लागू नहीं किया गया. झारखंड भाजपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि सत्ता में रहते हुए भी आदिवासी अधिकारों की अनदेखी की गई. “मैं पूछना चाहता हूं कि जब आप मुख्यमंत्री थे, तब पेसा कानून क्यों लागू नहीं किया गया?” उन्होंने कहा कि अर्जुन मुंडा जनजातीय क्षेत्र से सांसद रहे, मुख्यमंत्री रहे, फिर भी पेसा लागू नहीं हुआ. पूर्व सांसद ने आगे कहा कि रघुवर दास की पांच साल की सरकार में भी आदिवासी अस्तित्व पर लगातार हमला हुआ. लेकिन जब हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड में सरकार बनी, तो एक साल के भीतर पेसा कानून की नियमावली को मंजूरी देकर ऐतिहासिक कार्य किया गया. उन्होंने इसे आदिवासी स्वाभिमान और अधिकारों की जीत बताते हुए कहा कि यह फैसला आने वाली पीढ़ियों के लिए मील का पत्थर साबित होगा.
लोहरदगा : पिछले दिनों बांग्लादेश में हुई निर्मम हत्या की घटना को लेकर देशभर में आक्रोश का माहौल है. इसी कड़ी में लोहरदगा में भी लोगों ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है. जय श्री राम समिति के अध्यक्ष सुनील अग्रवाल के नेतृत्व में पावरगंज चौक पर बांग्लादेश के प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर घटना के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया गया है. प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे, जिन्होंने नारेबाजी करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि बांग्लादेश में हुई घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है और ऐसी घटनाओं पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कठोर रुख अपनाया जाना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि पड़ोसी देश में अल्पसंख्यकों और निर्दोष नागरिकों के खिलाफ लगातार हिंसक घटनाएं सामने आ रही हैं, जिस पर विश्व समुदाय को संज्ञान लेना चाहिए. पुतला दहन के माध्यम से प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश सरकार के प्रति अपना विरोध प्रकट किया. इस मौके पर मौजूद जय श्री राम समिति के जिला अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने कहा कि केंद्र सरकार को इस मामले में शीघ्र और ठोस कदम उठाने चाहिए. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की है कि बांग्लादेश सरकार पर अंतरराष्ट्रीय मंचों के माध्यम से दबाव बनाया जाए, ताकि दोषियों को सजा मिले और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. उन्होंने यह भी कहा कि भारत सरकार को पीड़ितों के परिजनों को न्याय दिलाने के लिए कूटनीतिक प्रयास तेज करने चाहिए.प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, हालांकि सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र प्रशासन सतर्क नजर आया. पुलिस बल मौके पर तैनात रहा और स्थिति पर नजर बनाए रखी. कार्यक्रम के अंत में प्रदर्शनकारियों ने एक स्वर में न्याय की मांग दोहराते हुए कहा कि जब तक दोषियों को सजा नहीं मिलती, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा.
लोहरदगा : जिले में क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बड़ी सौगात के रूप में बलदेव साहू मेमोरियल टी-20 क्रिकेट महाकुंभ का आयोजन किया जा रहा है. इस बहुप्रतीक्षित टूर्नामेंट को लेकर जिलेभर में जबरदस्त उत्साह का माहौल है और तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही है. यह भव्य आयोजन 10 फरवरी से 13 फरवरी 2026 तक आयोजित होगा, जबकि इसका शानदार उद्घाटन समारोह 9 फरवरी 2026 को किया जाएगा.पूर्व सांसद एवं लोहरदगा क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष धीरज प्रसाद साहू ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि यह टूर्नामेंट आईपीएल की तर्ज पर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देशभर के नामी खिलाड़ी और क्रिकेट जगत के बड़े हस्तियां शामिल होंगे. उन्होंने कहा कि लोहरदगा जैसे छोटे जिले में इस स्तर का आयोजन होना यहां के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ेगा. टूर्नामेंट की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी वीरेंद्र सहवाग और हरभजन सिंह अपनी-अपनी टीमों के साथ मैदान पर उतरेंगे. दोनों दिग्गज खिलाड़ियों की टीमों के बीच होने वाले मुकाबले दर्शकों के लिए रोमांच से भरपूर होंगे. क्रिकेट प्रेमियों को इन सितारों को एक बार फिर मैदान में खेलते देखने का अवसर मिलेगा.9 फरवरी को आयोजित उद्घाटन समारोह पूरी तरह भव्य और यादगार होगा. इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय स्तर के रशियन बैंड द्वारा रंगारंग प्रस्तुति दी जाएगी, वहीं स्थानीय कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा. संगीत, नृत्य और रोशनी के इस अनूठे संगम से लोहरदगा की धरती उत्सवमय हो उठेगी. चार दिवसीय इस टी-20 टूर्नामेंट के दौरान हर मैच में दर्शकों के मनोरंजन का विशेष ध्यान रखा गया है. मैचों के दौरान चीयर गर्ल्स और बॉलीवुड सिने कलाकारों की मौजूदगी भी आकर्षण का केंद्र रहेगी. इससे न सिर्फ खेल का रोमांच बढ़ेगा, बल्कि दर्शकों को एक संपूर्ण मनोरंजन पैकेज भी मिलेगा.टूर्नामेंट का समापन समारोह भी बेहद खास होगा. इस अवसर पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. मुख्यमंत्री स्वयं विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान करेंगे, जिससे खिलाड़ियों का उत्साह, मनोबल और अधिक बढ़ेगा.धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि लोहरदगा और झारखंड में क्रिकेट को नई पहचान देना, स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच प्रदान करना और युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करना है. उन्होंने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस क्रिकेट महाकुंभ को ऐतिहासिक बनाने में सहयोग करें.कुल मिलाकर, बलदेव साहू मेमोरियल टी-20 टूर्नामेंट लोहरदगा के खेल, संस्कृति और उत्सव का एक ऐसा संगम साबित होगा, जो लंबे समय तक लोगों की स्मृतियों में बना रहेगा.
लोहरदगा : जिले के बीएस कॉलेज स्थित क्रिकेट मैदान में आयोजित इंटर कॉलेज क्रिकेट टूर्नामेंट का समापन समारोह शुक्रवार को उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ. इस अवसर पर मुख्य अतिथि पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू शामिल हुए. उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए खेल के महत्व पर विस्तृत रूप से बात रखी.धीरज प्रसाद साहू ने अपने संबोधन में कहा कि लोहरदगा भले ही क्षेत्रफल के लिहाज से छोटा जिला हो, लेकिन यहां प्रतिभाओं की कमी नहीं है. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि खेल के क्षेत्र में राजनीति की दखलंदाजी युवा खिलाड़ियों के भविष्य को अंधकारमय कर देती है. कुछ अवसरवादी लोग खेल मंच को राजनीति का अखाड़ा बनाने की प्रवृत्ति रखते हैं, जिससे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है. उन्होंने ऐसे लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि खेल और खिलाड़ियों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.साहू ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे राजनीति के चक्कर में न पड़ें और अपने खेल पर ध्यान केंद्रित करें. उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन, समर्पण और संघर्ष की शिक्षा देता है. ऐसे में यदि खेल में राजनीति का दखल होगा, तो युवा अपनी दिशा खो देंगे. उन्होंने जिला प्रशासन और कॉलेज प्रबंधन को भी खेल सुविधाओं के विस्तार पर जोर देने की सलाह दी, ताकि अधिक से अधिक खिलाड़ियों को अवसर मिल सके. समापन समारोह में उपायुक्त कुमार ताराचंद, डीडीसी दिलीप सिंह शेखावत, विधायक प्रतिनिधि निशिथ जायसवाल, अधिवक्ता सचितानंद चौधरी, प्रोफेसर शशि गुप्ता सहित रांची यूनिवर्सिटी के पदाधिकारी और विभिन्न कॉलेजों के शिक्षक-प्रशिक्षक उपस्थित रहे. सभी अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार वितरित कर खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया.अतिथियों ने कहा कि इस तरह के टूर्नामेंट छात्रों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें बड़े मंच तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. जिला प्रशासन ने भविष्य में भी ऐसे प्रतियोगिताओं के आयोजन का समर्थन करने की बात कही. कार्यक्रम के सफल संचालन में कॉलेज के खेल प्रभारी और आयोजक टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही.समारोह के अंत में खिलाड़ियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और कहा कि ऐसे आयोजन से उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलती है. समापन कार्यक्रम उत्साह, तालियों और भविष्य की उम्मीदों के साथ समाप्त हुआ.
लोहरदगा : हिंडाल्को के कर्मचारी के मनमाने रवैये के खिलाफ लोहरदगा–गुमला ट्रक ऑनर एसोसिएशन ने जोरदार आंदोलन की शुरुआत कर दी. एसोसिएशन के सदस्यों ने कंपनी कार्यालय परिसर पहुंचकर जमकर नारेबाजी की और अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी दी. ट्रक मालिकों का कहना है कि कंपनी का एक कर्मचारी लगातार मनमानी कर रहा है, जिससे परिवहन व्यवस्था बाधित हो रही है और स्थानीय ट्रांसपोर्टरों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.एसोसिएशन के सदस्यों ने आरोप लगाया है कि कंपनी के कर्मचारी राकेश शर्मा उर्फ गोपो ट्रांसपोर्ट व्यवस्था में दखल देते हुए ठेकेदारी जैसे कार्यों में शामिल हैं, जो नियमों के खिलाफ है. ट्रक मालिकों का कहना है कि वह अपनी मनमर्जी से फाइल पास करने और ट्रकों के मूवमेंट को नियंत्रित कर रहे हैं, जिससे कई दिनों तक वाहन खड़े रह जाते हैं. इससे ट्रांसपोर्टरों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है.प्रदर्शन के दौरान “धीरू बाबू जिंदाबाद”, “इंटक यूनियन जिंदाबाद” जैसे नारे लगाए गए. एसोसिएशन ने स्पष्ट कहा कि जब तक कंपनी इस विवाद पर ठोस कदम नहीं उठाती और संबंधित कर्मचारी को हटाया नहीं जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा. नेताओं ने कहा कि ट्रांसपोर्टरों के साथ भेदभाव और दबाव की नीति बर्दाश्त नहीं की जाएगी.एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि कई बार कंपनी प्रबंधन को शिकायत दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. इसके कारण ट्रक मालिकों में भारी आक्रोश है. उनका कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है, जिससे खनिज ढुलाई और औद्योगिक कार्य प्रभावित हो सकते हैं.ट्रक ऑनर एसोसिएशन ने जिला प्रशासन से भी हस्तक्षेप की मांग की है ताकि मामले का निष्पक्ष समाधान हो सके और परिवहन कार्य सुचारू रूप से जारी रहे. उन्होंने कहा कि कंपनी को स्थानीय ट्रांसपोर्टरों के हितों का सम्मान करना चाहिए और कर्मचारियों की मनमानी पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए. एसोसिएशन ने एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया.
लोहरदगा : जिले में पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने जेजेएमपी नक्सली संगठन से जुड़े 2 नक्सली सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गये नक्सलियों के पास से भारी मात्रा में अवैध हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किया गया है. इस कार्रवाई से जिले में सक्रिय उग्रवादी गतिविधियों को बड़ा झटका लगा है.जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी को गुप्त सूचना मिली थी कि हेसवे बाजारटोली निवासी नसीम अंसारी जे जे एम पी नक्सली संगठन का समर्थक है और उसके पास अवैध हथियार व गोलियां छुपाकर रखी गई है. सूचना की सत्यता की पुष्टि के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया.छापेमारी के दौरान पुलिस ने नसीम अंसारी एवं श्यामलाल यादव को गिरफ्तार किया. पूछताछ के दौरान दोनों की निशानदेही पर पुलिस टीम ने साके पहाड़ इलाके में छुपाकर रखे गए हथियारों का भंडार बरामद किया. बरामद सामान में 7.65 एमएम के दो पिस्टल, इंसास राइफल के 82 जिंदा कारतूस तथा 0.315 बोर के 3 जिंदा कारतूस शामिल है. पुलिस ने सभी हथियारों और कारतूस को जब्त कर लिया है.पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी नक्सली संगठन के लिए हथियार रखने और छुपाने का काम कर रहे थे. दोनों से नक्सली नेटवर्क, उनके संपर्कों तथा अन्य संभावित ठिकानों के बारे में गहन पूछताछ की जा रही है. पुलिस को उम्मीद है कि इस पूछताछ से संगठन से जुड़े अन्य लोगों का भी खुलासा हो सकता है.पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने बताया कि जिले में नक्सल गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी सूरत में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. इस कार्रवाई से आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है तथा नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद है.
लोहरदगा : कृषि विभाग के आंकड़ों के अनुसार लोहरदगा जिला में लगभग 5500 हेक्टेयर भूमि में सब्जियों की खेती की जाती है. रबी मौसम में जिले में सबसे अधिक आलू की खेती होती है, वहीं धनिया पत्ता, फूलगोभी, पत्ता गोभी, प्याज, लहसुन, टमाटर सहित अन्य सब्जियों की खेती भी बड़े पैमाने पर की जाती है. लोहरदगा को एक कृषि प्रधान जिला माना जाता है. यहां की सब्जियां न सिर्फ झारखंड के विभिन्न जिलों में खपत होती है बल्कि छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल तक भेजी जाती है. सब्जी खेती के जरिए जिले के किसान काफी हद तक आत्मनिर्भर बने हुए हैं.हाल के दिनों में मौसम में आए अचानक बदलाव ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है. खासकर सब्जियों में झुलसा रोग और पाला मारने का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है. खेतों में लगे सब्जियों के पौधे झुलस कर मुरझाने लगे हैं, जिससे इस कड़ाके की ठंड में भी किसानों के चेहरे पर पसीने की बूंदें साफ देखी जा सकती है. किसानों का कहना है कि पहले ही अत्यधिक और असमय बारिश के कारण सब्जियों को भारी नुकसान झेलना पड़ा था, और अब पाले के खतरे ने चिंता को और बढ़ा दिया है.नवंबर का महीना समाप्त होते ही दिसंबर की शुरुआत के साथ ही ठंड में तेजी से बढ़ोतरी हुई है. सुबह और रात के समय कड़ी ठंड पड़ रही है, जिससे सब्जियों की फसल पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है. झुलसा रोग की चपेट में आने से पौधों की पत्तियां सूखने लगी हैं और उत्पादन घटने की आशंका बढ़ गई है. इससे किसानों को सीधे तौर पर आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है.इधर, कृषि विभाग की ओर से किसानों को पाला व झुलसा रोग से फसलों को बचाने के लिए लगातार सलाह और सुझाव दिए जा रहे हैं. कृषि विशेषज्ञों द्वारा समय पर सिंचाई करने, फसल पर धुआं करने, उचित दवाओं के छिड़काव और वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाने की सलाह दी जा रही है. इसके बावजूद किसानों का कहना है कि बदलते मौसम के आगे उनकी मेहनत कब तक टिक पाएगी, यह कहना मुश्किल है.कुल मिलाकर, मौसम की मार और रोगों के बढ़ते खतरे के बीच लोहरदगा के किसान असमंजस और चिंता में हैं. यदि मौसम की स्थिति जल्द अनुकूल नहीं हुई और राहत के ठोस इंतजाम नहीं किए गए, तो रबी मौसम में सब्जी उत्पादन पर गंभीर असर पड़ सकता है.
लोहरदगा : झारखंड के लोहरदगा में एक बार फिर क्रिकेट प्रेमियों के लिए रोमांच का बड़ा आयोजन होने जा रहा है. शहर में 10 से 13 फरवरी तक बलदेव साहू मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा. यह टूर्नामेंट आईपीएल की तर्ज पर खेला जाएगा, जिससे जिले के दर्शकों को बड़े मंच जैसा अनुभव मिलेगा.क्रिकेट टूर्नामेंट के आयोजन को और भी आकर्षक बनाने के लिए देश-विदेश के स्टार खिलाड़ियों को आमंत्रित करने की योजना बनाई गई है. इनमें भारतीय क्रिकेट के विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग, ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज तेज गेंदबाज ब्रेट ली और भारतीय टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा के नाम प्रमुख रूप से शामिल है. इन दिग्गज खिलाड़ियों की मौजूदगी से टूर्नामेंट की भव्यता और लोकप्रियता में जबरदस्त इजाफा होने की उम्मीद है.सिर्फ खेल ही नहीं, बल्कि मनोरंजन का भी पूरा ख्याल रखा गया है. आयोजन के दौरान बॉलीवुड की एक नामचीन अभिनेत्री की मौजूदगी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनेगी. वहीं, मैच के दौरान चियर गर्ल्स भी दर्शकों का उत्साह बढ़ाती नजर आएंगी, जिससे पूरा माहौल जोशीला और रंगारंग रहेगा.हाल ही में आयोजित बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, दर्शकों की सुविधाएं, खिलाड़ियों के लिए बेहतर प्रबंधन, मैदान की तैयारी, लाइटिंग, साउंड सिस्टम और अन्य जरूरी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई. आयोजन समिति का दावा है कि यह टूर्नामेंट अब तक का सबसे भव्य क्रिकेट आयोजन साबित होगा.कुल मिलाकर, बलदेव साहू मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट लोहरदगा के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय जोड़ने जा रहा है. इससे न केवल स्थानीय खिलाड़ियों को बड़ा मंच मिलेगा, बल्कि जिले की खेल प्रतिभा को भी नई पहचान और प्रेरणा मिलेगी.
लोहरदगा : विश्व भर में हर वर्ष 1 दिसंबर को एड्स दिवस मनाया जाता है. यह केवल एक दिन नहीं, बल्कि उन लाखों जिंदगियों को समर्पित है, जिन्हें एचआईवी या एड्स ने छुआ है. हर साल दुनियाभर में एचआईवी और एड्स के लाखों नये मामले सामने आते हैं. एचआईवी एड्स के फैलने का तत्कालीन सबसे बड़ा कारण मेल सेक्स विथ मेल है. साथ ही इंटरनेट भी इसका एक बड़ा कारण है. गुमनाम एप के माध्यम से विद्यार्थी, किशोर और युवा आपस में संपर्क करते हैं. ग्रुप स्टडी के बहाने आपस में मिलते हैं और इसके बाद समलैंगिक यौन संबंध बनता है. आपको यह जानकर हैरानी होगी कि एड्स आपके दरवाजे तक भी दस्तक दे चुका है. जी हां यदि आप लापरवाह हुए तो यह बीमारी आपके घर के अंदर पहुंच जाएगी. एड्स तेजी से फैल रहा है. वह बेहद खतरनाक है. उदाहरण के लिए हम लोहरदगा जिला के आंकड़ों को देख सकते हैं. आईडीटीसी के अनुसार वर्तमान समय में एचआईवी एड्स के कुल 120 सक्रिय मरीज हैं. जबकि साल 2025 में अप्रैल महीने से लेकर अभी तक 12 नए मामले सामने आए हैं. हर साल लोहरदगा में औसतन 9 से 10 मरीज प्रकाश में आ रहे हैं. इस बार तो स्थिति और भी भयावह नजर आ रही है. इसके पीछे कारण है कि पिछले 8 महीना में ही दर्जन भर मरीज चिह्नित किए जा चुके हैं. जबकि अभी वित्तीय वर्ष की समाप्ति में कुछ महीने शेष हैं. लोहरदगा जिला में जो सक्रिय मरीज हैं, उनमें 9 बच्चे, 36 महिलाएं और दो गर्भवती महिलाएं भी शामिल हैं. जबकि शेष पुरुष की संख्या है. इसमें एक बड़ी संख्या युवाओं की है. डराने और चिंतित करने वाली बात यह भी है कि हाल के वर्षों में एचआईवी एड्स से 25 मौतें हो चुकी है. लेकिन सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर एड्स इतनी तेजी से कैसे फैल रहा है. आईसीटीसी काउंसलर डॉक्टर अर्चना प्रसाद की मानें तो एचआईवी एड्स के फैलने का तत्कालीन सबसे बड़ा कारण मेल सेक्स विथ मेल है. साथ ही इंटरनेट भी इसका एक बड़ा कारण है. गुमनाम एप के माध्यम से विद्यार्थी, किशोर और युवा आपस में संपर्क करते हैं. ग्रुप स्टडी के बहाने आपस में मिलते हैं और इसके बाद समलैंगिक यौन संबंध बनता है. जिसकी वजह से एचआईवी एड्स तेजी से अपना पांव पसार रहा है. लोहरदगा जैसे छोटे से जिला में यदि इस तरह के मामले सामने आ रहे हैं तो, जरा सोचिए पूरे झारखंड और पूरे देश में क्या स्थिति होगी.
दिल्ली : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने राजधानी दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से शिष्टाचार भेंट की. इस दौरान झारखंड प्रदेश के मौजूदा राजनीतिक हालात, संगठन की मजबूती, आगामी रणनीतियों और कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा हुई. दोनों नेताओं के बीच हुई यह मुलाकात झारखंड में संगठन को नई ऊर्जा देने वाली मानी जा रही है.मल्लिकार्जुन खड़गे से भेंट के बाद धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्नेहिल मार्गदर्शन और आशीर्वाद से संगठन के प्रति उनका समर्पण, संघर्ष और सेवा की प्रतिबद्धता पहले से और अधिक सशक्त हुई है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि विचारधारा और संवैधानिक मूल्यों की सशक्त आवाज है, जिसे जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है.धीरज साहू ने यह भी कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का मूल उद्देश्य सामाजिक न्याय, समावेशी विकास और आम जनता के अधिकारों की रक्षा करना है. आने वाले समय में संगठन को गांव-गांव, घर-घर तक मजबूती से पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को और संगठित किया जाएगा. विशेष रूप से युवाओं, महिलाओं और किसान वर्ग को पार्टी से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा.राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे ने भी झारखंड संगठन की गतिविधियों पर संतोष व्यक्त करते हुए जमीनी स्तर पर पार्टी की पकड़ और मजबूत करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि संगठन की असली ताकत कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता का विश्वास है. सभी को टीम भावना के साथ काम करते हुए संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करना होगा. इस मुलाकात को झारखंड में कांग्रेस संगठन को नई दिशा और नई गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
लोहरदगा : बड़ी खबर लोहरदगा से है जहां जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने भाकपा माओवादी संगठन के सक्रिय सदस्य और एक लाख रुपये के इनामी नक्सली राजन असुर उर्फ राजन खेरवार को कुडू थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार नक्सली कुख्यात 15 लाख रुपये के इनामी माओवादी रविंद्र गंझू दस्ता का सदस्य बताया जा रहा है. पकड़े नक्सली के पास से एक पीस देशी कट्टा और 8 एमएम के 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं.मामले में पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रीजवी ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि एक इनामी माओवादी लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत हेसला से बांझी टोली होते हुए कुडू थाना क्षेत्र के चुल्हापानी इलाके में अवैध हथियार के साथ संगठन के विस्तार के उद्देश्य से आ-जा रहा है. सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष टीम का गठन किया और इलाके में घेराबंदी कर उसे धर दबोचा.गिरफ्तार नक्सली राजन असुर के खिलाफ विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं. वह लंबे समय से पुलिस को वांछित था और संगठन के लिए हथियारों की ढुलाई, नए सदस्यों की भर्ती तथा क्षेत्रीय विस्तार में सक्रिय भूमिका निभा रहा था. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस गिरफ्तारी से इलाके में माओवादी गतिविधियों पर बड़ा अंकुश लगेगा. साथ ही अन्य नक्सलियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस की इस सफलता के बाद जिले में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने की दिशा में आगे की कार्रवाई तेज कर दी गई है.इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में राहत और भरोसा बढ़ा है. पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि नक्सल उन्मूलन के अभियान को और प्रभावी बनाया जा सके.
लोहरदगा : कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से मुलाकात की. इस शिष्टाचार भेंट के दौरान धीरज प्रसाद साहू ने मुख्यमंत्री को घाटशिला उपचुनाव में महागठबंधन की शानदार जीत पर बधाई दी. उन्होंने कहा कि यह जीत झारखंड की जनता के विश्वास, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व और महागठबंधन की एकजुटता का परिणाम है. मुलाकात के दौरान धीरज प्रसाद साहू ने मुख्यमंत्री को लोहरदगा जिले की वर्तमान स्थिति, जनसमस्याओं तथा स्थानीय आवश्यकताओं से भी अवगत कराया. उन्होंने विशेष रूप से जिले में खेल के क्षेत्र में नई संभावनाओं, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और युवाओं के लिए रोजगारोन्मुखी कार्यक्रमों के विस्तार की जरूरत पर जोर दिया. उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि लोहरदगा जिले में प्रतिभा की कमी नहीं है, जरूरत है तो उसे सही दिशा और संसाधन उपलब्ध कराने की.धीरज प्रसाद साहू ने मुख्यमंत्री को जिले की सामाजिक एवं आर्थिक परिस्थितियों के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि कई क्षेत्रों में अभी भी आधारभूत संरचनाओं के विस्तार की आवश्यकता है. उन्होंने ग्रामीण सड़कों, शिक्षा संस्थानों, खेल मैदानों, छात्रावासों तथा स्वास्थ्य सुविधाओं के उन्नयन की मांग रखी. इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री को लोहरदगा वासियों की उम्मीदों और अपेक्षाओं से भी अवगत कराया. मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने धीरज प्रसाद साहू द्वारा उठाए गए मुद्दों को गंभीरता से सुना और उनकी सराहना की. उन्होंने कहा, “धीरू बाबू लोहरदगा सहित पूरे झारखंड के वरिष्ठ और आदरणीय नेता हैं. इनके माध्यम से जो जानकारी लोहरदगा जिले की स्थिति को लेकर प्राप्त हुई है, उस पर सरकार जल्द ही ठोस निर्णय लेगी.” मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े किसी भी मुद्दे पर सरकार संवेदनशील है और प्राथमिकता के आधार पर कार्य करेगी.इस मुलाकात के दौरान कई महत्वपूर्ण विषयों पर सकारात्मक संवाद हुआ. मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा, खेल और युवाओं के विकास को राज्य सरकार सर्वोच्च प्राथमिकता देती है. लोहरदगा जिले में भी इन क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर योजनाओं को लागू किया जाएगा ताकि वहां के युवाओं को बेहतर अवसर मिल सके. इस अवसर पर अधिवक्ता सचितानंद चौधरी भी मौजूद थे. मुलाकात को काफी सार्थक माना जा रहा है, क्योंकि इससे लोहरदगा जिले की कई महत्वपूर्ण समस्याओं के समाधान की दिशा में तेजी लाने की उम्मीद है.
लोहरदगा : झारखंड के घाटशिला उपचुनाव के नतीजों ने महागठबंधन खेमे में उत्साह भर दिया है. महागठबंधन के प्रत्याशी सोमेश सोरेन की जीत पर पूरे प्रदेश में खुशी की लहर दौड़ गई है. इसी कड़ी में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने भी विजयी उम्मीदवार को हार्दिक बधाई दी है. उन्होंने कहा है कि यह जीत महागठबंधन सरकार की निरंतर जनसेवा, विकास कार्यों और जनता के विश्वास की जीत है.धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की लोकप्रियता और उनकी जनहितैषी नीतियों ने जनता का भरोसा फिर एक बार महागठबंधन पर मजबूत किया है. साथ ही उन्होंने महागठबंधन की प्रमुख नेत्री कल्पना सोरेन के सक्रिय नेतृत्व और जनता से उनके गहरे जुड़ाव की भी सराहना की. उन्होंने कहा कि कल्पना सोरेन ने सदैव ग्रामीण क्षेत्रों, महिलाओं और युवाओं के उत्थान के लिए मेहनत की है, जिसका सकारात्मक संदेश जनता तक पहुँचा है. पूर्व सांसद ने दिवंगत नेता एवं पूर्व मंत्री स्वर्गीय रामदास सोरेन को भी भावपूर्ण श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि घाटशिला क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए विकासात्मक और सामाजिक कार्य हमेशा याद किए जाएंगे. उन्हीं के प्रयासों की नींव पर आज जनता ने उनके पुत्र सोमेश सोरेन को जीत का आशीर्वाद देकर उनके सपनों को आगे बढ़ाने का मौका दिया है.उन्होंने कहा कि घाटशिला की जनता ने विकास, विश्वास और स्थिरता को वोट दिया है. यह जीत सिर्फ एक उम्मीदवार की नहीं, बल्कि पूरे महागठबंधन सरकार की नीतियों की जीत है. धीरज प्रसाद साहू ने सोमेश सोरेन को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए आशा जताई कि वे जनता की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे और क्षेत्र के विकास को और गति देंगे.उन्होंने अंत में कहा कि यह जीत जनता का आशीर्वाद है और लोकतंत्र की सच्ची विजय है.
लोहरदगा : झारखंड के लोहरदगा में लोकआस्था के महापर्व छठ का दूसरा दिन रविवार को खरना पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया. जिले भर में छठ व्रतियों ने परंपरागत विधि-विधान के अनुसार खरना का अनुष्ठान किया. शाम ढलते ही व्रतियों ने पवित्रता के साथ प्रसाद तैयार कर छठी मैया को अर्पित किया. इसके बाद प्रसाद वितरण का सिलसिला देर रात तक चलता रहा. श्रद्धालुओं के घरों में पहुंचे मित्रों और पड़ोसियों ने प्रसाद ग्रहण कर एक-दूसरे को लोग छठ पर्व की बधाई दी.पूरा वातावरण भक्तिमय माहौल में डूबा रहा. हर घर और गली में छठी मैया के भजनों की मधुर स्वर लहरियां गूंजती रहीं. भक्ति, आस्था और सांस्कृतिक एकता का ऐसा नजारा देखने को मिला कि पूरा इलाका आस्था के रंग में रंग गया. खरना संपन्न होते ही व्रतियों का 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हो गया है.अब सोमवार की संध्या को छठव्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे, वहीं मंगलवार की सुबह उदयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर चार दिवसीय महापर्व छठ का समापन करेंगे. प्रशासन की ओर से घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गई है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो. लोहरदगा में इस अवसर पर श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला.
लोहरदगा : बड़ी खबर लोहरदगा से है जहां पेशरार थाना क्षेत्र के केकरांग बरटोली गाँव में डायन बिसाही के आरोप में 3 लोगों की हत्या मामले में पुलिस ने 3 अपराधकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया है. 8 अक्टूबर यानि बुधवार रात को हत्यारों ने पति-पत्नी और 9 साल के बच्चे को कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दिया था.लगा कर पति,पत्नी और 9 साल के बच्चे की कुदाल और पत्थर से मारकर निर्मम हत्या कर दी गई थीं।जिसको लेकरबताया जा रहा है कि पेशरार थाना क्षेत्र के केकरांग बरटोली गाँव में डायन बिसाही के आरोप में 3 लोगों की हत्या मामले का पुलिस ने 48 घंटे के अंदर उद्भेदन कर दिया है. इस हत्या कांड में शामिल तीन अपराध कर्मियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है.पुलिस अधीक्षक, लोहरदगा द्वारा तत्काल वेदांत शंकर, अनुमंडल पुलिस, पदाधिकारी किस्को के नेतृत्व में एक SIT टीम का गठन कर फोरेंसिक टीम को घटनास्थल ले जाकर गहन अनुसंधान हेतु निर्देश दिया गया. राँची से आये फोरेंसिक टीम के द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया. इस हत्या कांड की गंभीरता को देख कर डॉग स्कॉड को बुला कर घटना स्थल की जाँच कराई गई.इसी बीच अनुसंधान के कम में घटना कारित करने में कुछ संदिग्ध अभियुक्तों की संलिप्तता की जानकारी प्राप्त हुआ, जिसके आधार पर तत्काल कारवाई करते हुए 48 घंटो के अन्दर इस वीभत्स हत्या कांड में शामिल तीन (3) अभियुक्त 1. सुखनाथ नगेशिया पिता चऔरु उर्फ चमरु नगेशियाा ग्राम केकरांग बरटोली, थाना पेशरार 2. बिंदेश्वर नगेशिया पिता बलदेव नगेशिया ग्राम केकरांग बरटोली, थाना पेशरार 3. संचरवा नगेशिया पिता भादे नगेशिया ग्राम केकरांग बरटोली, थाना पेशरार को गिरफ्तार किया गया एवं घटना में उपयोग किये गए खून लगा कुदाल एवं पत्थर को अभियुक्तों की निशानदेही पर बरामद किया गया है. गिरफ्तार अभियुक्तों के द्वारा घटना का उद्देश्य मृतका बिफनी नगेशिया का ओझागुणी तथा झाड-फूँक में लिप्त होना बताया गया. अभियुक्तों को अंधविश्वास था कि अभियुक्त सुखनाथ नगेशिया की पत्नि का गर्भपात एवं निरंतर बीमारी तथा बिंदेश्वर नगेशिया की माँ का बीमारी का कारण बिफनी नगेशिया के द्वारा किया ओझागुणी तथा झाड-फूँक था. प्रतिशोध की भावना से ग्रसित होकर तीनों अभियुक्तों ने बिफनी नगेशिया एवं परिवार को जान से मारने की योजना बनाई और 8 अक्टूबर की मध्यरात्रि में इस वीभत्स हत्या कांड कोअंजामदिया.
लोहरदगा : इस वक्त की बड़ी खबर झारखंड के लोहरदगा से है जहां जिले के पेशरार थाना क्षेत्र के केकरांग में डायन बिसाही के आरोप में पति-पत्नी और 9 साल के बच्चे की हत्या कर दी गई है. घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच में जुट गई है. वहीं घटना से इलाके में सनसनी है.बताया जा रहा है कि पेशरार थाना क्षेत्र अंतर्गत केकरांग में डायन बिसाही के आरोप में पति-पत्नी और 9 साल के बच्चे समेत 3 लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई है. बुधवार रात हत्यारों ने कुल्हाड़ी से काटकर तीनों की हत्या कर घटना को अंजाम दिया है. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर एसडीपीओ वेदांत शंकर पहुंचे और जांच पड़ताल में जुट गए हैं. हत्यारे पुलिस पकड़ से बाहर है. पुलिस अपराधियों के धर पकड़ के लिए जुटी हुई है. मृतक की पहचान 47 वर्षीय लक्षण नगेसिया, उसकी पत्नी 45 वर्षीय बीफनी नगेसिया और 9 वर्षीय पुत्र रामविलास नगेसिया के रुप मे हुई है.
लोहरदगा : जिले के ठाकुरबाडी मंदिर परिसर में श्री रामचरितमानस नवाह्न पारायण पाठ महायज्ञ समिति लोहरदगा के तत्वावधान में नौ दिनों तक मां दुर्गा के नवाह्नपारायण पाठ का भव्य आयोजन हो रहा है. इसमें बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं. नवरात्रि के तीसरे दिन राज्यसभा के पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू ठाकुरबाड़ी मंदिर परिसर पहुंचे और माता के दरबार में माथा टेका. इस अवसर पर रामचरितमानस के पदाधिकारियों ने उन्हें मां दुर्गा की तस्वीर, साफा और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया.धीरज प्रसाद साहू ठाकुरबाड़ी मंदिर परिसर में यज्ञ मंडप की परिक्रमा की. इस मौके पर महायज्ञ समिति द्वारा पूर्व सांसद को पगड़ी पहना कर अंग वस्त्र ओढ़ाया गया एवं आदिशक्ति मां दुर्गा की चित्र भेंट किया गया. इस शुभ अवसर पर धीरज साहू ने शारदीय नवरात्रि की बधाई देते हुए कहा कि विगत 67 वर्षों से श्री राम चरितमानस नवाह्न परायण पाठ महायज्ञ समिति के द्वारा ऐतिहासिक आयोजन कराया जा रहा है जो कि हमारे शहर लोहरदगा के लिए एक अलग ही भक्ति का रंग बिखेरता है. मैं महायज्ञ समिति को धन्यवाद देता हूं जिन्होंने मुझे इस पावन अवसर पर आमंत्रित कर पुण्य का भागी बनने का अवसर दिया है. मेरा जीवन सदैव भगवान श्री राम के आदर्शों से प्रेरित रहा है. भगवान श्री राम धर्म, न्याय एवं मर्यादा के प्रतीक हैं. इसलिए प्रभु श्री राम से बड़ा उनका नाम है. मैं आज की युवा पीढ़ी को प्रभु श्री राम के दिखाए मार्ग पर चलने का आग्रहकरता हूं.