लाभुकों के बैंक अकाउंट में तीसरी किस्त की राशि हस्तांतरित
लोहरदगा : जिला समाहरणालय मैदान लोहरदगा में "मंईयां सम्मान यात्रा" अंतर्गत मंगलवार को राज्य के महिला बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के मंत्री बेबी देवी के नेतृत्व में आमसभा का आयोजन किया गया. अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया. आमसभा में मंईयां सम्मान योजना अंतर्गत तीसरी किस्त की राशि का भुगतान मंत्री बेबी देवी व अतिथियों द्वारा रिमोट का बटन दबाकर लाभुकों के बैंक खाते में हस्तांतरित की गई. इसमें कुल 88,478 (अठासी हजार चार सौ अठहत्तर) लाभुकों के बीच कुल 8,87,48000 रु (आठ करोड़ सतासी लाख अड़तालीस हजार रूपये) की राशि का भुगतान डीबीटी के माध्यम से किया गया. कार्यक्रम में बेबी देवी, माननीया मंत्री, महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग, झारखण्ड ने कहा कि आप सभी इस योजना अंतर्गत आज जारी किस्त की राशि से अपना पर्व-त्योहार हर्षोल्लास और सौहार्द्र तरीके से मनाएं. आपकी की अपनी हेमंत सरकार ने आपके हितों की रक्षा के लिए यह योजना लायी है जिसका लाभ आप माताओं-बहनों को मिल रहा है. सरकार ने इस योजना के अंतर्गत यह तीसरी किस्त आपके बैंक खाते में भेजी जा रही है. इसके लिए हम सभी हेमंत सरकार का आभार प्रकट करते हैं.वहीं कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग के मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह ने कहा कि झारखण्ड सरकार से आमजन सभी इस योजनाओं का लाभ उठा रहे हैं. हेमंत सरकार ने युवाओं के लिए नियोजन नीति बनायी. ग्रामीण क्षेत्रों में लोग अबुआ आवास का लाभ उठा रहे हैं. अबुआ आवास में महिलाओं को भी जोड़ा जा रहा है. सरकार ने सभी वर्ग के हितों का ध्यान रखा है.इस मौके पर सांसद महुआ माजी ने कहा कि मंईयां सम्मान यात्रा आज लोहरदगा की पावन धरती पर आ पहुंची है. हेमंत सरकार ने सरकार के गठन पर ही निर्णय लिया था कि जिस समृद्ध झारखण्ड की धरती पर लोगों की, विशेषकर महिलाओं की आर्थिक स्थिति कमजोर है, उन्हें समृद्ध किया जाएगा. उन्हें आर्थिक रूप से समृद्ध करने का संकल्प आपके अपने हेमंत सरकार ने लिया. सरकार जानती है कि यहां की महिलाएं कर्मठ हैं, मेहनती हैं. अगर उन्हें थोड़ी सी भी आर्थिक सहायता मिल जाए तो वे स्वयं को स्वावलंबी बना सकती हैं. आज हॉकी के क्षेत्र में झारखण्ड की खिलाड़ियों जैसे असुंता लकड़ा, सावित्री पुर्ति की वजह से काफी सम्मान बढ़ा है. यहां की लड़कियों का कई तरह से शोषण हुआ है. चाहे वह प्लेसमेंट एजेंसियों की वजह से या नौकरी के नाम पर कई अन्य जगह पर भेजे जाने से. इन सबसे बचाने के लिए आपकी हेमंत सरकार ने आपके हित के लिए यह योजना लायी और आपको घर से कमाने के लिए अन्य राज्य ना जाना पड़े, इसके लिए सरकार कार्य कर रही है. आज मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय खुल गये हैं. सरकार द्वारा साइकिल की राशि प्रदान की जा रही है जिससे छात्राएं आसानी से अपने विद्यालय आ-जा पा रही हैं. सांसद ने कहा कि जब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन विपरीत परिस्थितियों में थे तो उनकी पत्नी ने झांसी की रानी की तरह मोर्चा संभाला और राज्य की व्यवस्था सुदृढ़ करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभायी. एक सिंहनी की तरह राज्य की रक्षा की. दिशोम गुरू शिबू सोरेन के सपनों को साकार किया.जोबा मांझी, माननीया सांसद ने कहा कि वर्ष 2019 में सरकार के गठन के पश्चात कई चरणों में विचार किया गया और लोगों के हित में कई निर्णय लिये गये. आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम के जरिये सरकार जन-जन तक पहुंची. सर्वजन पेंशन, अबुआ आवास योजना, लड़कियों के लिए सावित्री बाई फुले योजना, मंईयां सम्मान योजना जैसी कई योजनाओं की सौगात सरकार द्वारा लोगों को दी गई. आनेवाले समय में भी यह योजनाएं जारी रहेंगी. आप सभी को सरकार के हाथों को मजबूत करना है. यह सम्मान आप सभी के लिए है.वहीं इस मौके पर सांसद सुखदेव भगत ने अपने संबोधन में कहा कि हेमंत सरकार की नियत साफ है और सरकार आमजनों के प्रति बेहद संवेदनशील है. सरकार ने सभी वर्गों का ख्याल रखा है. सभी वर्ग के लोगों को यह सरकार पेंशन दे रही है. लड़कियों को सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना का लाभ दिया जा रहा है. यह आमजन और माटी की सरकार है. हमलोगों ने झारखण्ड लड़कर प्राप्त किया है. इस सरकार को जनादेश प्राप्त है. जिला के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ऊर्जावान हैं और सरकार की योजनाओं को बेहतर तरीके से लोगों तक पहुंचा रहे हैं.इस अवसर पर गाण्डेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि राज्य की आधी आबादी का हाथ लोगों के सर्वप्रिय नेता आपके बेटा, आपके भाई, दादा और राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी मजबूत कर रहे हैं. मंईयां सम्मान योजना की प्रथम किस्त की राशि रक्षाबंधन के अवसर पर दी गई. इसके बाद करम पूजा के अवसर पर दूसरी किस्त और अब नवरात्रि या दुर्गा पूजा के अवसर पर तीसरी किस्त की राशि दी जा रही है. आधी आबादी का हौसला ही माननीय मुख्यमंत्री की असली पूंजी है. एक महिला अपने परिवार को जोड़ने का काम करती है. परिवार को सभी सदस्यों के हितों का ख्याल रखती है. लेकिन अपने सपनों को साकार करने का समय उनके पास नहीं होता है. ऐसे में आपकी हेमंत सरकार आपके हितों का ख्याल रखते हुए आज तीसरी किस्त की राशि जा कर दे रही है. उन्होंने कहा कि माननीय मंत्री बेबी देवी के नेतृत्व में बेहतर कार्य हो रहा है. सरकार राज्य की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त कर रही है. आज महिलाओं को शिक्षित किया जा रहा है. सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना का लाभ दिया जा रहा है. साइकिल खरीदने के लिए राशि दी जा रही है. विदेशों में पढ़ाई करने के लिए मरांग गोमके पारदेशीय छात्रवृत्ति योजना का लाभ यहां के छात्र-छात्राएं उठा रहे हैं. सभी वर्ग के लोगों को पेंशन, बिरसा हरित ग्राम योजना आदि का लाभ दिया जा रहा है. सरकार ने नियोजन नीति, पिछड़ा वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण देने और सरना धर्म कोड लागू करने की दिशा में कार्य किया है.कार्यक्रम में उपायुक्त डॉ वाघमारे प्रसाद कृष्ण ने कहा कि आज महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं. आज 18 वर्ष की उम्र से मंईयां सम्मान योजना का लाभ दिया जा रहा है. महिलाओं को शिक्षा, आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है. पूर्व में यह योजना 21 वर्ष की महिलाओं से प्रारंभ किया गया था. आज इस योजना की तीसरी किस्त की राशि लाभुकों के बैंक खाते में भेजी जा रही है.विधायक कल्पना सोरेन ने मंईयां सम्मान योजना से आच्छादित कोडरमा जिला की लाभुक बसंती देवी जो जयनगर प्रखंड के जयनगर गांव रहने वाली हैं, उनसे टू-वे कम्युनिकेशन के जरिये बात की और उनका अनुभव जाना. साथ ही राशि के बेहतर इस्तेमाल का सुझाव दिया.आज के कार्यक्रम में माननीय अतिथियों को जिला प्रशासन लोहरदगा की ओर से स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया. कार्यक्रम में सिसई विधायक जिगा सुसारण होरो, मनिका विधायक रामचंद्र सिंह, ईचागढ़ विधायक सावित्री महतो, मांडर विधायक शिल्पी तिर्की, जिला परिषद अध्यक्ष रीना कुमारी के साथ-साथ उपायुक्त डॉ वाघमारे प्रसाद कृष्ण, पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमां, उप विकास आयुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत समेत जिला के सभी पदाधिकारीगण व बड़ी संख्या में लाभुकगण उपस्थित थे.
172·