बोकारो: बोकारो थर्मल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब स्टेशन पहुंची एक मालगाड़ी के पांच वैगनों से आग की लपटें और धुएं का गुबार उठने लगा। अचानक आग लगने की घटना से स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और बोकारो थर्मल सीआईएसएफ के फायर विभाग को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम घटनास्थल पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
जानकारी के अनुसार, मालगाड़ी सीसीएल की कथारा रेलवे साइडिंग से कोयला लेकर बिहार स्थित नबीनगर एनटीपीसी थर्मल पावर प्लांट जा रही थी। इसी दौरान बोकारो थर्मल रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी के पांच वैगनों में आग लग गई।
प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि कथारा सीसीएल के कोल स्टॉक में लगी आग के कारण कोयले से भरे वैगनों में आग लगी हो सकती है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी इस तरह की घटना सामने आ चुकी है। लगातार ऐसी घटनाओं के सामने आने से कोयले के परिवहन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
बोकारो से संजीव कुमार सिंह

