झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 रविवार को राज्य के सभी 24 जिलों के 986 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जा रही है। पूरे राज्य में जेटेट परीक्षा को लेकर प्रशासन पहले से ही अलर्ट मोड में है। राज्य के सभी 986 केंद्रों पर शांतिपूर्ण तरीके से परीक्षा हो रही है और केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गए हैं।
बोकारो में 72 केंद्रों पर परीक्षा
बोकारो जिले में भी परीक्षा के शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। जिले के 72 परीक्षा केंद्रों पर कुल 46,181 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।

लातेहार के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों में सूचारू ढंग से आरंभ हो गया है। पहली पाली पुर्वाह्न 9:30 से आरंभ हो गयी है। इससे पूर्व परीक्षार्थियों को जारी निर्देश का पालन कराते हुये परीक्षा केन्द्र में प्रवेश दिया गया है। इधर जिला प्रशासन द्वारा सभी सेन्टरों में पुलिस बल के साथ मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की है। वहीं अनुमंडल दण्डाधिकारी द्वारा परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर की परिधि में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है।
गढ़वा में 26 केंद्रों पर परीक्षा
गढ़वा जिला मे झारखण्ड शिक्षक पात्रता परीक्षा का परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हो रहा है, जिले के 26 परीक्षा केन्द्रों पर संचालित इस परीक्षा की मॉनिटरिंग खुद जिले के डीसी और एसपी कर रहे है।

केंद्रों पर धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू
परीक्षा केंद्रों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जा रही है। इसके अलावा सभी केंद्रों पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। परीक्षा केंद्रों के आसपास बीएनएसएस की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है, ताकि परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनी रहे।
दो पालियों में परीक्षा का आयोजन
पहली पाली में कक्षा6से8तक के लिए परीक्षा आयोजित हो रही है। इसके लिए सुबह7:30से9बजे तक रिपोर्टिंग का समय निर्धारित किया गया है, जबकि परीक्षा सुबह9:30से दोपहर12बजे तक चलेगी। वहीं, दूसरी पाली में कक्षा1से5तक के अभ्यर्थियों की परीक्षा दोपहर2बजे से शाम4:30बजे तक आयोजित होगी।
सुबह से ही परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की भीड़ देखने को मिल रही है। लंबे समय बाद जेटेट परीक्षा आयोजित होने से अभ्यर्थियों में खासा उत्साह है। अभ्यर्थियों को उम्मीद है कि परीक्षा संपन्न होने के बाद राज्य सरकार जल्द ही शिक्षकों के रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करेगी।
वहीं, कुछ अभ्यर्थियों ने झारखंड में शिक्षक पात्रता परीक्षा नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की है। उनका कहना है कि सीटीईटी और दूसरे राज्यों की तर्ज पर झारखंड में भी साल में कम से कम दो बार परीक्षा होनी चाहिए, ताकि अभ्यर्थियों को लंबे समय तक इंतजार नहीं करना पड़े।

