
सोमवार, 21 सितंबर 2026
Liveदेवघर : नव वर्ष की आज सभी ओर धूम मची है. सभी अपने-अपने तरीके से नववर्ष 2026 का स्वागत करने और इसका भरपूर आनंद उठाने की कोशिश में है. इस अवसर पर देवघर बाबा मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ की पूजा की. नव वर्ष में गुरुवार को श्रद्धालुओं ने पवित्र द्वादश ज्योतिर्लिंग का जलाभिषेक कर अपने और अपने परिवार की मंगल कामना की. कड़ाके की ठंड के बावजूद सुबह से ही बाबा मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी है. लोगों की मानें तो पवित्र द्वादश ज्योतिर्लिंग पर जलाभिषेक से नये साल की शुरुआत करने पर सालों भर सुख समृद्धि बनी रहती है. ऐसी मान्यता है कि जिस तरह ईश्वर का नाम लेकर किसी कार्य की शुरुआत की जाती है उसी तरह साल का शुभारम्भ भी देवाधिदेव महादेव की पूजा और जलाभिषेक के साथ करने से सालों भर सभी मनोकामनाएं पूरी होती है. इसी कामना के साथ नववर्ष के पहले दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा का जलाभिषेक करने देवघर पहुंचे.
देवघर : केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा योजना का नाम बदलकर वीबी-जी राम जी बिल 2025 लाने के फैसले के विरोध में शनिवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला कमेटी ने देवघर समाहरणालय परिसर में एक दिवसीय धरना दिया है. यह धरना प्रदर्शन झामुमो जिला अध्यक्ष संजय शर्मा के नेतृत्व में किया जा रहा है.इस मौके पर पार्टी के जिला अध्यक्ष संजय शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार मनरेगा योजना का नाम बदलकर गांधी जी को अपमानित करने का काम किया है. मनरेगा योजना आम गरीबों की गारंटी योजना थी जिसको केंद्र सरकार द्वारा मनमाने ढंग से वीबी-जी राम जी कर दिया गया है. इसका हमलोग आज विरोध कर रहे हैं और राष्ट्रपति के नाम उपायुक्त को ज्ञापन सौंपेंगे. उन्होंने कहा कि हमलोग मांग करते हैं कि मनरेगा योजना का नाम न बदला जाय. क्योंकि यहां के गरीब गुरुबा को गारंटी के साथ रोजगार मिले.
देवघर : श्री सत्य साई सेवा संगठन द्वारा आगामी 14 दिसंबर को देवघर बाबा मंदिर परिसर स्थित उमा भवन में शिविर लगाया जाएगा. इसको लेकर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सुजीत कुमार झा अपने पदाधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल में चल रही तैयारियों का जायजा लेने आये थे. कार्यक्रम स्थल का जायजा ले ही रहे थे तो इनका ड्राइवर फ़ोन पर बताया कि गाड़ी का शीशा तोड़कर सामान की चोरी हो गया. दरअसल संगठन के लोग चारपहिया वाहन से आये थे और मान सिंघी के पास अपनी गाड़ी को खड़ी किये थे. ड्राइवर चाय पीने पास की दुकान पर गया हुआ था. जब लौटा तो देखा कि गाड़ी का शीशा टूटा हुआ है. सूचना मिलते ही संगठन के लोग गाड़ी के पास पहुँचे तो देखा कि उनका लैपटॉप बैग गायब है. संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सुजीत कुमार झा ने बताया कि बैग में लैपटॉप के अलावा चेकबुक, एटीएम,आधार, पैन कार्ड समेत कई जरूरी कागजात और संगठन का दस्तावेज था. इसकी सूचना मंदिर थाना को दी गयी है. पुलिस घटना स्थल पर पहुँच कर मामले की छानबीन में जुट गई है. इन दिनों बाबा मंदिर क्षेत्र में चोरों का आतंक बढ़ गया है.
देवघर : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा शुक्रवार से दो दिवसीय देवघर (झारखंड) प्रवास पर रहेंगे. इस दौरान वह कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में भाग लेंगे. पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी.प्राप्त जानकारी के अनुसार जेपी नड्डा शुक्रवार शाम लगभग 7:30 बजे देवघर एयरपोर्ट पहुंचेंगे. यहां पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी उनका स्वागत करेंगे. इसके बाद सर्किट हाउस में प्रदेश भाजपा के कोर कमेटी सदस्यों के साथ बैठक करेंगे. नड्डा देवघर में ही रात्रि विश्राम करेंगे.अगले दिन शनिवार 06 दिसंबर को जेपी नड्डा सुबह 09:00 बजे प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे. इसके बाद 10:00 बजे वे नवगठित जिला भाजपा कार्यालय का उद्घाटन करेंगे और स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ संवाद करेंगे. इसी क्रम में पूर्वाह्न 11:00 बजे वे जिला भाजपा कार्यालय, देवघर में आयोजित झारखंड प्रदेश भाजपा के प्रदेश के नेताओं के साथ बैठक को संबोधित करेंगे.केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री की हैसियत से जगत प्रकाश नड्डा शनिवार को AIIMS, देवघर का दौरा भी करेंगे. वहां वह संस्थान में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक करने के साथ ही अधिकारियों से विस्तृत प्रगति रिपोर्ट लेंगे.बीजेपी की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक नड्डा का यह दौरा संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और स्वास्थ्य सुविधाओं के विकास कार्यों की समीक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.देवघर से अमर पाठक की रिपोर्ट--
देवघर : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का दो दिवसीय दौरा देवघर में होने जा रहा है. वे 5 दिसंबर की शाम देवघर एयरपोर्ट पहुँचेंगे. यहाँ से वे सर्किट हाउस के लिए रवाना होंगे जहाँ रात्रि विश्राम से पहले पार्टी के नेता और पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे. जेपी नड्डा अगले दिन सुबह बाबा बैद्यनाथ की पूजा अर्चना करेंगे. इसके बाद वे नवनिर्मित भाजपा कार्यालय का उदघाटन करेंगे. यहीं से वे गुमला जिला के नव निर्मित भाजपा कार्यालय का भी ऑनलाइन उद्घाटन करेंगे. संताल परगना में संगठन को और धारदार बनाने के लिए सभी जिलों के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे. मंच से ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जेपी नड्डा गुमला के पार्टी नेता और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के आगमन को लेकर प्रदेश मंत्री गणेश मिश्रा ने पत्रकारों को जानकारी दी. इस मौके पर कई नेता और पार्टी के पदाधिकारी मौजूद रहे.
देवघर : देश के प्रसिद्ध कथावाचक प्रदीप मिश्रा गुरुवार को देवघर पहुंचे. वे 13 से 20 नवंबर तक विश्व प्रसिद्ध बाबानगरी देवघर प्रवास पर हैं. यहाँ वे कथा कहेंगे. देवघर पहुंचने पर उन्होंने बाबा मंदिर में पूजा अर्चना की. बाबा बैद्यनाथ के दरबार पहुंचने पर मंदिर प्रशासन द्वारा इनका स्वागत किया गया. तीर्थ पुरोहितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ इनका पहले संकल्प कराया गया फिर गर्भगृह ले जाकर विधिवत बाबा बैद्यनाथ का दर्शन और विशेष पूजन कराया गया.
देवघर : छठ महापर्व को लेकर बाबानगरी देवघर के बाजारों में रौनक दिखाई दे रही है. खासकर सूप और डाला की बिक्री इन दिनों जोरों पर है. महंगाई बढ़ने के बावजूद श्रद्धालु के उत्साह में कोई कमी नहीं है और वे खरीदारी से पीछे नहीं हट रहे हैं. बाजारों में पीतल, बांस और स्टील के सूप-डालों की मांग लगातार बढ़ रही है. दुकानदारों का कहना है कि इस बार कीमतों में 15 से 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है. फिर भी लोग पारंपरिक सामान खरीदने में कोई कमी नहीं कर रहे हैं. महिलाओं और युवतियों में सजावटी सूप-डलिया की खास मांग है. इसके अलावा फल, नए मिट्टी के दीये और पूजा सामग्री की बिक्री भी तेज हो गई है. खरीदारों का कहना है कि छठ केवल एक पर्व नहीं, बल्कि आस्था और परंपरा से जुड़ा उत्सव है, इसलिए दाम बढ़ने के बावजूद व्रती पूरी श्रद्धा के साथ तैयारी कर रहे हैं. बाजारों की रौनक देखकर साफ है कि छठ की भक्ति और उत्साह पर महंगाई का कोई असर नहीं पड़ा है.
देवघर : बुराई पर अच्छाई की विजय के प्रतीक के रुप में दशहरा का पर्व मनाया जाता है. यही कारण है कि देश के कोने-कोने सहित विदेशों में भी लोग दशहरा के अवसर पर बुराई के प्रतीक रावण का पुतला दहन कर खुशियां मनाते हैं और एक दूसरे को इस विजय पर विजयादशमी की शुभाकामनायें देते हैं. लेकिन अन्य जगहों की परंपरा से अलग हट कर देवघर में विजयादशमी के अवसर पर रावण का पुतला दहन नहीं किया जाता है. जानकारों की मानें तो देवघर में रावण के द्वारा ही पवित्र द्वादश ज्योतिर्लिंग की स्थापना की गयी है. यही कारण है कि देवघर को रावण की तपोभूमि माना जाता है और यहां स्थापित पवित्र द्वादश ज्योतिर्लिंग को रावणेश्वर महादेव के नाम से भी जाना जाता है. जानकारों की मानें तो रावण की पहचान दो रुपों में की जाती है. एक तो राक्षसपति दशानन रावण के तौर पर और दूसरा वेद-पुराणों के ज्ञाता प्रकांड पंडित और विद्वान रावण के रुप में. देवघर में रावण द्वारा पवित्र द्वादश ज्योतिर्लिंग की स्थापना के कारण उसके दूसरे रुप की अधिक मान्यता है. यही कारण है कि रावणेश्वर महादेव की भूमि देवघर में दशहरा के अवसर पर रावण का पुतला दहन नहीं किया जाता है.
देवघर : बाबानगरी देवघर स्थित पवित्र ज्योर्तिलिंग बैद्यनाथ धाम एक प्रमुख शक्तिपीठ भी है. यहां नवरात्रा में देवी भगवती की तांत्रिक पद्धति से आराधना की जाती है. यह जानकर ताज्जुब होगा कि जहां सप्तमी पर सभी पूजा पंडालों और देवी मंडपों में मां भगवती के दर्शन और पूजन के लिए पट खोल दिए जाते हैं. वहीं बाबा मंदिर के प्रांगण में स्थित शक्ति मंदिरों के पट बंद कर दिये जाते हैं. इस परंपरा के तहत आज महासप्तमी पर बाबा मंदिर प्रांगण स्थित मां संध्या,काली और मां पार्वती मंदिर के पट आम भक्तों के लिए तीन दिनों तक बंद कर दिये गए हैं. जानकारों की मानें तो इन मंदिरों के अंदर गुप्त तांत्रिक विधान से वरिष्ठ पुरोहित द्वारा पूजा किया जाता है. इस तांत्रिक विधि से पूजा अर्चना में किसी प्रकार का व्यवधान के अलावा इस पूजा को कोई देखे नहीं इसलिए इन मंदिरों के पट महानवमी तक के लिए बंद कर दिये जाते हैं. महासप्तमी से लेकर महानवमी तक माता के मंदिर का पट बंद रहने के कारण श्रद्धालु बंद दरबाजा के बाहर से ही पूजा कर संतोष करते हैं. यह परंपरा वर्षो से आज तक चली आ रही है. बाबा मंदिर प्रांगण में माँ दुर्गा की प्रतिमा का आज पट खोल दिया गया है. सरदार पंडा पंडित गुलाबानंद ओझा द्वारा विशेष पूजा अर्चना की गई.
देवघर : झारखंड का एकमात्र एम्स देवघर के देवीपुर में संचालित हो रहा है. यहाँ धीरे धीरे वो सभी सुविधाएं मुहैया की जा रही है जिससे झारखंड और आसपास के राज्यों के मरीजों को लाभ मिल रहा है. आज देवघर एम्स अपना 6 ठा वार्षिकोत्सव मना रहा है. इस अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की.वार्षिक महोत्सव का उद्घाटन राज्यपाल के अलावा गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे,एम्स अध्यक्ष एम वी पद्मा श्रीवास्तव, एम्स के कार्यकारी निदेशक डॉ. सौरभ वार्ष्णेय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. वार्षिकोत्सव समारोह में राज्यपाल ने मेघावी छात्रों को प्रशस्ति पत्र दिया. अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि झारखंड का यह एम्स आने वाले दिनों में वैसे मरीजों के लिए वरदान साबित होगा जिन्हें अपनी गंभीर बीमारी का इलाज करवाने के लिए दिल्ली या अन्य मेट्रो सिटी का रुख करना पड़ता है. झारखंड का एकमात्र एम्स में आने वाले दिनों से जब पूर्ण रूप से सभी विभाग संचालित होने लगेंगे तो न सिर्फ झारखंड के बल्कि इसके आसपास के राज्यों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी. वहीं एम्स अध्यक्ष पद्मा श्रीवास्तव ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी की देन यह एम्स आने वाले दिनों में बहुत आगे जाएगा और सबसे बढ़ियां होगा. एम्स के कार्यकारी निदेशक डॉ. सौरभ वार्ष्णेय ने बताया कि सबको साथ लेकर इस संस्थान में बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा मुहैया हो रही है और आगे इससे भी बढ़िया अत्याधुनिक सुविधाओं से इलाज करने की कोशिश रहेगी. इस मौके पर एम्स के चिकित्सक,विद्यार्थी, कर्मी और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे.
देवघर : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एक दिवसीय दौरे पर बाबानगरी देवघर पहुंचे. एयरपोर्ट पर संताल परगना प्रक्षेत्र के डीआईजी अंबर लकड़ा समेत जिला के आलाधिकारियों ने उनका स्वागत किया. राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एयरपोर्ट से बाबा मंदिर पहुँचे जहाँ मंदिर प्रशासन द्वारा उनका स्वागत किया गया. प्रशासनिक भवन में राज्यपाल को तीर्थ पुरोहित द्वारा विधि विधान से संकल्प कराया गया. फिर इन्हें गर्भगृह ले जाया गया जहां मंत्रोच्चारण के साथ राज्यपाल ने बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक किया फिर विशेष पूजा की. राज्यपाल ने बाबा बैद्यनाथ से देश और राज्य की उन्नति, खुशहाली की कामना की. राज्यपाल मंगलवार को झारखंड का एकमात्र देवीपुर में संचालित ऐम्स के 6ठी वर्षगांठ पर मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे.
देवघर : देश के लिए शहीद हुए देवघर के 24 वर्षीय युवक नीरज चौधरी को गमगीन माहौल में उनके पैतृक गांव कजरा में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया. दरअसल अग्निवीर जवान नीरज चौधरी मंगलवार को लद्दाख के सियाचिन में बर्फ में दबकर शहीद हो गये. बता दें कि शहीद अग्निवीर जवान नीरज देवघर के मधुपुर प्रखंड के कजरा गांव के रहनेवाले थे. अग्निवीर की नौकरी में उनका पदस्थापन लद्दाख के सियाचिन में था. मंगलवार को भीषण हिमस्खलन की चपेट में आने से वो शहीद हो गए. इस घटना की खबर न सिर्फ मधुपुर में बल्कि पूरे जिले का माहौल गमगीन कर दिया था. सारी प्रक्रिया होने के बाद आज तिरंगा में लपटा हुआ उनका पार्थिव शरीर मधुपुर पहुंचा. पार्थिव शरीर का दर्शन करने के लिए झारखंड सरकार के मंत्री, विधायक, पूर्व मंत्री, डीसी, एसपी, जनप्रतिनिधि समेत बड़ी संख्या में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा था. पैतृक घर से शमशान घाट तक लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर अमर रहे के नारे लगाए. अंतिम यात्रा के दौरान हर कोई रो रहा था. वहां का माहौल ऐसा बन गया कि इंद्र देव ने भी अपने आप को रोक न सके. अविवाहित होने के कारण नीरज के चाचा राहुल कुमार चौधरी ने मुखाग्नि दी. इस मौके पर आर्मी के जवान भी मौजूद रहे.
देवघर : बाबा दरबार में हाजिरी लगाने के लिए शंकर नामक भक्त चारधाम और 12 ज्योतिर्लिंग की पैदल यात्रा करते हुए बुधवार को देवघर पहुंचे.पेशे से शंकर एक किसान है. बाबा केदारनाथ और काशी विश्वनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन करने के बाद बाबा बैद्यनाथधाम तीसरी ज्योतिर्लिंग पर बुधवार को यहां पहुंचे हैं. शंकर जिस राज्य में जाते हैं इनको पहचान के मित्र मिल जाते हैं और उनके साथ यात्रा पर चलते हैं. इसके अलावा पूरी यात्रा यह अकेले ही तय करते हैं. बैद्यनाथधाम में दर्शन करने के बाद शंकर जगन्नाथ पुरी की यात्रा पर निकलेंगे. 50 वें दिन यह तीसरी ज्योतिर्लिंग बाबा बैद्यनाथ के दरबार में पहुंचे. शंकर कहते हैं कि यह चार धाम और 12 ज्योतिर्लिंग की यात्रा पूरी करने में करीब 11 से 12 महीने का समय लगेगा. यह यात्रा समाज कल्याण और विश्व कल्याण के अलावा भारत विकास के लिए कर रहे हैं. शंकर उत्तर प्रदेश के मेरठ के पास एक गांव के रहने वाले हैं.
देवघर : बाबाधाम के जसीडीह क्षेत्र स्थित विवाह भवन सभागार में भारतीय जनता युवा मोर्चा की सोमवार से दो दिवसीय प्रदेश कार्य समिति की बैठक शुरू हुई. प्रथम सत्र में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सहित प्रदेश युवा मोर्चा के पदाधिकारी शामिल हुए. दो दिनों तक चलने वाली इस बैठक में संगठन मजबूती से लेकर तमाम विषयों पर चर्चा की जाएगी. मीडिया से बात करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कांग्रेस और झामुमो पर जमकर भड़ास निकाली. प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस पार्टी पर बरसते हुए कहा कि सदैव से यह पार्टी गुंडागर्दी करते आ रही है. पिछले 3 चुनाव में इस पार्टी के गिरते ग्राफ से अंदाजा लगा सकते हैं कि यह पार्टी बिल्कुल ध्वस्त हो चुकी है. इसलिए इनके नेता हताश निराश होकर अनाप शनाप बातें करते रहते हैं. बिहार में आज राहुल गांधी की वोट अधिकार यात्रा के समापन पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शामिल होने पर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झामुमो का अतीत यही है कि कांग्रेस के साथ संबंध बना कर रखना. झामुमो वोट की राजनीति के कारण कांग्रेस का पिछलग्गू रहता है.
देवघर : बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप कुमार जायसवाल गुरुवार को देवघर पहुंचे. वहां जिला के भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया. बिहार प्रदेश भाजपा अध्यक्ष गुरुवार को देवघर पहुंचने पर बाबा बैद्यनाथ की पूरे विधि विधान से पूजा अर्चना की. उन्होंने बाबा बैद्यनाथ से झारखंड की तरक्की, यहाँ का अत्यधिक विकास, लोगों को अच्छी शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो और सभी देशवासियों का कल्याण हो, इसकी कामना की. परिसदन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान दिलीप कुमार जायसवाल ने कहा कि झारखंड के लोगों को इसी राज्य में रोजगार मिले, झारखंड सरकार को शिक्षा, स्वास्थ्य और यहाँ इंफ्रास्ट्रक्चर पर विकास करने की बहुत आवश्यकता है.
देवघर : बाबानगरी देवघर के सुभाष चौक स्थित निजी निर्सिंग होम में प्रसव के बाद महिला की मौत होने पर परिजनों ने चिकित्सक और वहां के स्टाफ पर लापरवाही और जान बूझकर मारने का आरोप लगाया है. दरअसल देवघर के जसीडीह थाना क्षेत्र स्थित पुनासी तेतरिया गांव निवासी खुर्शीद आलम की पत्नी रवीना खातून की मौत रविवार देर रात साईं राम हॉस्पिटल में प्रसव के दौरान हो गई. मृतका के पति खुर्शीद आलम ने बताया कि वे अपनी पत्नी को प्रसव के लिए शहर के सुभाष चौक स्थित साइ राम हॉस्पिटल में रविवार को भर्ती कराया था. आलम के अनुसार तब मरीज की स्थिति समान्य थी. किंतु कुछ देर के बाद चिकित्सकों ने उन्हें चार यूनिट ब्लड की व्यवस्था करने की बात कही. मृतका के पति आलम द्वारा चार यूनिट ब्लड की व्यवस्था भी कर दिया गया . लेकिन निजी अस्पताल के चिकित्सक ने रविवार देर रात कहा कि मरीज की स्थिति बिगड़ रही है और इसे त्रिदेव हॉस्पिटल में आईसीयू में भर्ती करवाना होगा. महिला के परिजनों ने उसे त्रिदेव अस्पताल ले गया जहाँ मौजूद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद वे लोग महिला को सदर अस्पताल ले गए वहां भी इस महिला को मृत बताया गया. फिर परिजन महिला के शव को लेकर साई राम अस्पताल पहुँचे लेकिन इस अस्पताल में न तो चिकित्सक मौजूद हैं और न ही कोई कर्मी. सभी कोई फरार बताया जा रहा है. मृतका के परिजनों ने चिकित्सक और अस्पताल कर्मी पर लापरवाही और जानबूझकर मारने का आरोप लगा रहे हैं.
देवघर : बाबानगरी देवघर में 79 वां स्वतंत्रता दिवस बहुत सादगी के साथ मनाया गया. मुख्य कार्यक्रम नगर स्टेडियम में आयोजित हुआ जहां जिला उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी. इस अवसर पर उपायुक्त ने जिला प्रशासन द्वारा चलाई जा रही विभिन्न विकास योजनाओं की उपलब्धियां गिनाते हुए वास्तविक लाभुकों तक इनका लाभ पहुंचाने की बात कही. उपायुक्त ने आम नागरिकों से अपील की है कि स्वतंत्रता के नैतिक मूल्यों पर मानवता के आधार पर एक आदर्श नागरिक का परिचय दें. कार्यक्रम में जिले के सभी आलाधिकारी,स्वतंत्रता सेनानी और बड़ी संख्या में गण्मान्य व्यक्ति उपस्थित रहे. उपायुक्त द्वारा मौके पर स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मानित भी किया गया. इसके अलावा जिला के विभिन्न विभागों में बेहतर कार्य करने वाले कर्मी और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया. झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के निधन होने से इस बार का स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम बहुत सादगी के साथ मनाया गया. उपायुक्त ने कहा कि कोई भी सांस्कृतिक कार्यक्रम 16 अगस्त के बाद आयोजित की जाएगी.
देवघर : बाबानगरी देवघर में स्वतंत्रता दिवस से पूर्व ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर भारतीय सेना की ताकत क्या है, इसको लेकर भाजपा द्वारा तिरंगा यात्रा के जरिये जश्न मनाया जा रहा है. देवघर में जिलाध्यक्ष सचिन रवानी के नेतृत्व में लगभग दो किलोमीटर तक की तिरंगा यात्रा निकाली गई. शिवलोक परिसर से निकली यात्रा वीर कुंवर सिंह की प्रतिमा तक जाकर समाप्त हुई. इस दौरान देशभक्ति गीतों पर भाजपा नेता और कार्यकर्ताओं ने पाकिस्तान की कमर तोड़ने वाले भारतीय सेना जो देश की आन बान शान है, उसके उपलब्धियों को डांस के जरिये जश्न मनाया. इस अवसर पर बाबा बैद्यनाथ से देश के पीएम से लेकर अन्य केंद्रीय मंत्री और सेनाओं को और अधिक शक्ति मिले इसकी कामना की गई. इस तिरंगा यात्रा में महिला नेत्रियों ने बढ़ चढ़ कर भाग लिया.
देवघर : बाबाधाम में अत्यधिक भीड़ उमड़ने के कारण श्रावणी मेला के दौरान पिछले 11 जुलाई से देवघर आने वाले श्रद्धालु पवित्र द्वादश ज्योतिर्लिंग के स्पर्श से वंचित रहे. श्रावण पूर्णिमा के दिन से बाबा मंदिर में स्पर्श पूजा शुरु कर दिया गया है. बाबा बैद्यनाथ का विशेष पूजा अर्चना करने के बाद शनिवार दोपहर से श्रद्धालुओं के लिए स्पर्श पूजा बहाल कर दी गई है. सरदार पंडा पंडित गुलाबानन्द ओझा,जिला उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा सहित अन्य पदाधिकारी ने बाबा का विशेष पूजा अर्चना की. सावन माह के सफल आयोजन होने से बाबा मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के बीच बाबा का चढ़ा हुआ प्रसाद भी वितरण किया गया. इस मौके पर उपायुक्त ने कहा कि सभी के सहयोग और समन्वय से श्रावणी मेला का सफल आयोजन हो पाया. वहीं भादो माह में भी सावन की तरह सुलभ और सुरक्षित जलाभिषेक की समुचित व्यवस्था रहेगी. उपायुक्त ने बताया कि भादो में सातों दिन शीघ्र दर्शनम का कूपन उपलब्ध रहेगा जिसका कीमत 600 रुपये ही रहेगा. वहीं पूरे भादो माह में गर्भगृह के अंदर रुद्राभिषेक अनुष्ठान नहीं कराया जाएगा. सावन माह के सफल संचालन होने पर उपायुक्त ने सभी का आभार जताया.