किसानों को मिलेगा सीधा बाजार,बिचौलियों की भूमिका होगी कम;पहले चरण में 200आउटलेट खोलने की तैयारी,उपभोक्ताओं को उचित कीमत पर मिलेंगी ताजी सब्जियां
पटना: बिहार में सब्जी उत्पादक किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और आम उपभोक्ताओं को उचित कीमत पर ताजी एवं गुणवत्तापूर्ण सब्जियां मुहैया कराने की दिशा में राज्य सरकार ने नई पहल की है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना जू के गेट नंबर-2 के समीप बिहार राज्य सब्जी प्रसंस्करण एवं विपणन सहकारी फेडरेशन लिमिटेड (वेजफेड) द्वारा संचालित तरकारी आउटलेट का उद्घाटन किया। यह अपनी तरह का पहला आउटलेट है। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और सहकारिता विभाग के मंत्री रामकृपाल यादव विशेष रूप से उपस्थित रहे।

किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम- CM
उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि सब्जी उत्पादक किसानों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य मिले और उपभोक्ताओं को शुद्ध, ताजी एवं गुणवत्तापूर्ण सब्जियां उचित दर पर उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि वेजफेड की ओर से शुरू किया गया तरकारी आउटलेट इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे किसानों को अपने उत्पाद बेचने के लिए बेहतर बाजार मिलेगा, वहीं आम लोगों को भी उचित कीमत पर अच्छी गुणवत्ता वाली सब्जियां उपलब्ध हो सकेंगी।

बिचौलियों की भूमिका होगी कम,किसानों को मिलेगा सीधा लाभ
सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि इन तरकारी आउटलेट के माध्यम से सब्जी उत्पादक किसानों और उत्पादक समूहों से सीधे सब्जियों की खरीद की जाएगी। इससे बिचौलियों की भूमिका कम होगी और किसानों को अपने उत्पाद का बेहतर मूल्य मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से उपभोक्ताओं को भी ताजी एवं गुणवत्तापूर्ण सब्जियां उचित दर पर मिलेंगी। साथ ही सब्जी उत्पादकों के लिए बाजार और रोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे।

पहले चरण में 200तरकारी आउटलेट का निर्माण
मंत्री रामकृपाल यादव ने बताया कि योजना के पहले चरण में प्रति इकाई 7.44 लाख रुपये की लागत से कुल 200 तरकारी आउटलेट का निर्माण कराया जा रहा है। प्रत्येक आउटलेट का आकार 15×10 वर्ग फीट निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि पटना नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न पार्कों में भी इस तरह के गुणवत्तापूर्ण तरकारी आउटलेट खोलने की योजना है। जल्द ही गर्दनीबाग स्थित ऑफिसर्स फ्लैट और शास्त्री नगर स्थित ऑफिसर्स क्वार्टर में भी आउटलेट शुरू किए जाएंगे।

‘हर थाली में बिहार तरकारी’ को साकार करने की तैयारी
मंत्री ने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य ‘हर थाली में बिहार तरकारी’ के लक्ष्य को साकार करना है। इसके लिए पंचायत और प्रखंड स्तर पर आवश्यक आधारभूत संरचनाओं का विकास किया जा रहा है। साथ ही सब्जी संग्रहण केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। प्राथमिक सब्जी उत्पादक सहकारी समितियों को आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। सब्जी हाटों में कोल्ड स्टोरेज की सुविधा विकसित करने की भी योजना है, ताकि सब्जियों की गुणवत्ता बनी रहे और उनकी बर्बादी को रोका जा सके।

किसानों को आधुनिक तकनीक का दिया जा रहा प्रशिक्षण
वेजफेड से जुड़ी सब्जी उत्पादक सहकारी समितियों के किसान सदस्यों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। इसके तहत उन्हें आधुनिक कृषि तकनीक, बेहतर उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। सरकार की इस पहल का उद्देश्य सब्जी उत्पादकों को संगठित बाजार व्यवस्था से जोड़ना, बिचौलियों की भूमिका कम करना, किसानों की आय बढ़ाना और उपभोक्ताओं को उचित कीमत पर ताजी सब्जियां उपलब्ध कराना है।

पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट