राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी,सह प्रभारी रोहन गुप्ता और प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने दिया मार्गदर्शन,केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की बनी रणनीति
पटना: बिहार भाजपा प्रदेश कार्यालय स्थित कैलाशपति मिश्र सभागार में रविवार को मीडिया विभाग एवं सोशल मीडिया-आईटी सेल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं बिहार संगठन प्रभारी हरीश द्विवेदी, राष्ट्रीय मंत्री एवं बिहार संगठन के सह प्रभारी रोहन गुप्ता तथा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया। बैठक में संगठन की डिजिटल सक्रियता को मजबूत बनाने, पार्टी की विचारधारा और केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों को प्रभावी तरीके से आम जनता तक पहुंचाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
सोशल मीडिया को जनसंवाद का प्रभावी माध्यम बनाएं-संजय सरावगी
प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया जनसंवाद का एक महत्वपूर्ण और प्रभावी माध्यम बन चुका है। इसके जरिए पार्टी की विचारधारा, केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाई जा सकती है। उन्होंने मीडिया विभाग और सोशल मीडिया-आईटी सेल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संगठन की गतिविधियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने का आह्वान किया।
सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार पर जोर
बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार को लेकर रणनीति तैयार करने पर विचार-विमर्श हुआ। सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर संगठन की सक्रियता बढ़ाने, जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और पार्टी के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। इसके साथ ही मीडिया विभाग और सोशल मीडिया-आईटी सेल के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने तथा संगठनात्मक गतिविधियों को समन्वित तरीके से जनता तक पहुंचाने की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई।
वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री भीखूभाई दलसानिया, भागलपुर, पूर्णिया एवं कोसी क्षेत्र के संगठक अनंत नारायण मिश्रा, मीडिया विभाग के प्रभारी सह विधायक मनोज शर्मा, मीडिया विभाग के संयोजक दानिश इकबाल, सह संयोजक अमित प्रकाश बबलू, सोशल मीडिया प्रभारी मनीष पांडेय, अनमोल शोभित और आईटी प्रमुख विकास मेहता सहित प्रदेश पदाधिकारी एवं मीडिया तथा सोशल मीडिया-आईटी सेल के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में संगठन की डिजिटल पहुंच बढ़ाने, जनहित के विषयों पर प्रभावी संवाद स्थापित करने और सरकार की योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के लिए मीडिया एवं आईटी टीम की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया गया।
पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट

