

मंगलवार, 15 सितंबर 2026
Live
रांची: पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धौनी और उनकी पत्नी साक्षी ने शादी की सालगिरह सादगीपूर्ण तरीके से मनाया. साक्षी ने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक प्यारा सा वीडियो पोस्ट किया है जिसमें माही और साक्षी केक काट रहे हैं और एक-दूसरे को खिला रहे हैं. साक्षी ने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा कि हमारा 15वां साल शुरू हो रहा है. उन्होंने जो फोटो शेयर की है, उसमें उनकी जिंदगी दिखाई दे रही है. पहली तस्वीर में माही और साक्षी साथ में डांस कर रहे हैं, जबकि दूसरी तस्वीर में माही चेहरे पर मुस्कान लिए बेटी जीवा को गोद में लिए हुए हैं.धौनी फैंस क्लब ने लिखा कि माही और साक्षी को शादी की 15वीं सालगिरह की शुभकामनाएं, और एक वीडियो पोस्ट किया. जिसमें इस जोड़े को हल्के-फुल्के पल साझा करते हुए दिखाया गया है.अपने 20 साल के क्रिकेट करियर में धौनी ने 2007 में आइसीसी टी-20 विश्व कप, 2011 में आइसीसी विश्व कप जैसे खिताब समेत कई उपलब्धियां हासिल की है. इसमें आइपीएल का खिताब भी शामिल है. निजी लाइफ में धौनी अक्सर अपना दिन रांची में अपने फार्महाउस पर बिताते हैं.धौनी ने 4 जुलाई 2010 को एक समारोह में साक्षी सिंह से शादी की थी. यह देहरादून के विश्रांति रिसॉर्ट में आयोजित एक निजी समारोह था. कुछ सालों बाद 2015 में इस जोड़े की बेटी जीवा इनकी जिंदगी में आयी.
बोकारो: बोकारो के रहने वाले एक्टर सीके ठाकुर को उनकी द्वारा बनाई गई फिल्म CK की प्रेम कहानी में हीरो का रोल करने पर उन्हें मुंबई में बेस्ट डेब्यू एक्टर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है. ये अवॉर्ड राज फिल्म प्रोडक्शन की तरफ से उन्हें दिया गया है। इस अवॉर्ड को स्टार सोनू सूद के द्वारा उन्हें दिया गया है. अवॉर्ड पाने के बाद बात करते हुए सीके ठाकुर ने कहा कि बॉलीवुड में झॉलीवुड के कलाकारों को सम्मान मिलना बड़ी बात है. यह हमारे झारखंड और बोकारो के लिए सम्मान की बात है. राज फिल्म प्रोडक्शन वालों ने इस फिल्म को देखने के बाद यह निर्णय लिया. झारखंड में कलाकारों और फिल्म बनानेवालों के लिए संभावनाओं की कमी नहीं है. सरकार भी इस पर अनुदान दे रही है. उत्तर प्रदेश की तरह झारखंड में भी इसके लिए काफी संभावना है. शुक्रिया फिल्म बोकारो में बनी बोकारो के कलाकारों ने बनाया बड़ी बात है.
धनबाद: बीसीसीएल अग्निप्रभावित भूधसान क्षेत्र में गोफ बनने की लगातार घटना हो रही है। पिछले दो दिनों से झमाझम बारिश हो रही है, जिससे अग्निप्रभावित भूधसान क्षेत्र में खतरा बढ़ गया है. जोगता थाना क्षेत्र के बीसीसीएल कनकनी कोलयरी 11 नम्बर बस्ती में तेज आवाज के साथ गोफ बन गया. गोफ बने स्थान से जहरीली गैस का रिसाव होने लगा. घटना से लोगों मे दहशत बनी हुई है. बता दें कि इस इलाके को डेंजर जोन घोषित किया जा चुका है, लेकिन पुनर्वास नहीं होने से लोग अभी भी वहां जमे हुए हैं.
पाकुड: मालपहाड़ी ओपी थाना क्षेत्र के नगरनवी में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गयी. बताया जा रहा है कि एक पक्ष कब्रिस्तान से मिट्टी देकर लौट रहा था तभी दूसरे पक्ष ने हमला कर दिया. हमले की वजह जमीन विवाद बताया जा रहा है. हालांकि पहले भी इस मामले को लेकर थाने में आवेदन दिया गया था, इधर घटना की सूचना मिलते ही मौके पर तीन थाना की पुलिस अपने दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई।
धनबाद: कोयला कारोबारी प्रमोद सिंह के कई ठिकानों पर ED की छापेमारी चल रही है. भूली के सहयोगी नगर स्थित घर पर ईडी की टीम छापेमारी कर रही है. ईडी की टीम प्रमोद सिंह पर आय से अधिक संपत्ति मामले में छापेमारी कर रही है. पूर्व में स्वास्थ्य विभाग में संविदा कर्मी रहते प्रमोद सिंह ने करोड़ों का घपला किया था.
धनबाद: हीरापुर स्थित घनी आबादी के बीच संचालित पेट्रोल पंप में बड़ा हादसा टल गया. दरअसल बाइकसवार ग्राहक अपनी बाइक में पेट्रोल लेने पहुंचा. पेट्रोल लेने के बाद जैसे ही बाइक स्टार्ट की...बाइक से चिंगारी निकलने लगी. पेट्रोल पंप में इस तरह का हादसा होने से अफरा तफरी मच गयी. हालांकि पंपकर्मियों ने ततपरता दिखाई. फायर इक्यूपमेंट की मदद से कुछ ही पलों में आग बुझा दी गयी. हीरापुर काली मंदिर रोड में पेट्रोल पंप बेहद ही घनी आबादी के बीच संचालित है. गनीमत रही कि वक्त रहते बड़ा हादसा टल गया.
रांची: रांची विमेंस कॉलेज की प्राचार्या डॉ सुप्रिया के निर्देशन में रांची विमेंस कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना की इकाई की प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. कुमारी उर्वशी ने आज यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण ( POCSO विधेयक, 2019) को लेकर एक जागरूकता रैली निकाली और “बच्चों के खिलाफ यौन अपराध एवं सुरक्षा के उपाय” विषय पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. बच्चों के खिलाफ यौन अपराध करने वालों को कड़ी सजा देने, गंभीर यौन हमले के मामलों में मृत्युदंड के अलावा जुर्माना और कारावास का प्रावधान है, ताकि बाल अपराध पर अंकुश लगाया जा सके. भाषण प्रतियोगिता में निर्णायक के तौर पर डॉ किरण तिवारी तथा डॉ ममता केरकेट्टा मौजूद रहीं. भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान दीक्षा कुमारी ने प्राप्त किया द्वितीय स्थान पर अंजीता कुमारी तथा तृतीय स्थान पर सुलोचना टोप्पो रहीं. लगभग 25 कार्यकर्ताओं ने अपने विचार मजबूती से रखे. उन्होंने बताया कि भारत में यौन उत्पीड़न के मामले हमेशा से देखे जाते रहे हैं. महिलाओं से लेकर छोटी बच्चियां तक यौन उत्पीड़न जैसी घटनाओं से पीड़ित हैं. ऐसी ही घटनाओं से नाबालिग बच्चियों को सुरक्षित रखने के लिए पोक्सो एक्ट (POCSO Act) लाया गया है. POCSO विधेयक में संकट के समय कमज़ोर बच्चों के हितों की रक्षा करने और उनकी सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने का प्रस्ताव है. इस विधेयक को संसद द्वारा अनुमोदित किया जा चुका है . 29 जुलाई, 2019 को राज्यसभा और 1 अगस्त, 2019 को लोकसभा ने इसे पारित कर दिया. पोक्सो विधेयक में बच्चों को समय से पहले यौन परिपक्वता लाने के लिए नशीली दवाएं दिए जाने के मामलों में कड़ी सजा देने का प्रावधान है. विधेयक पर बोलते हुए ईरानी ने कहा कि इस विधेयक में कम से कम 20 साल की जेल या आजीवन कारावास और दुर्लभ मामलों में अदालतों के विवेक के अनुसार मृत्युदंड का प्रावधान किया गया है.
चतरा: जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है, जहां टीम ने चपका अस्कल के जंगल से वन विभाग ने गुप्त सूचना के आधार पर अवैध लकड़ी से लदा एक ट्रैक्टर जब्त किया है. हालांकि इस मामले में भी किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है.वन क्षेत्र पदाधिकारी ने बताया कि सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची तो माफिया भाग खड़े हुए, हालांकि अवैध लकड़ी से लदा ट्रैक्टर जरुर जब्त कर लिया गया. बता दें कि प्रतापपुर के विभिन्न वन क्षेत्रों में लकड़ी तस्कर हावी हैं. गाहे बगाहे ऐसी कार्रवाई से थोडे़ दिनों के लिए माफिया शांत होते हैं लेकिन इस पर विराम नहीं लगता. फिलहाल वन विभाग की टीम इलाके में लगातार छापेमारी कर रही है.
रांची: झारखंड के संथाल परगना क्षेत्र में बांग्लादेशी घुसपैठियों के मामले पर आज झारखंड उच्च न्यायालय में सुनवाई हुई. न्यायमूर्ति सुजीत नारायण प्रसाद एवं न्यायमूर्ति अरुण कुमार राय की खंडपीठ में मामले की सुनवाई हुई. माननीय खंडपीठ ने राज्य सरकार को निर्देश दिया है कि संथाल परगना क्षेत्र के सभी उपायुक्तों को यह निर्देश जारी करें कि आपसी सामंजस्य से बांग्लादेश की तरफ से आनेवाले घुसपैठियों को चिन्हित कर उन्हें वापस भेजने के लिए एक कार्य योजना तैयार कर काम करे साथ ही राज्य सरकार शपथ पत्र के माध्यम से दो सप्ताह के भीतर एक स्टेटस रिपोर्ट दायर करे.
हाथरस हादसा/यूपी: हाथरस में मची भगदड़ में मरनेवालों की संख्या 121 तक पहुंच गई है. मृतकों की संख्या बढ़ भी सकती है क्योंकि आसपास के अस्पताल घायलों से भरे पड़े हैं. अब बड़ा सवाल है कि आखिर इस दर्दनाक हादसे के लिए जिम्मेदार कौन है ? आयोजकों से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों तक किस-किस की जवाबदेही इसमें तय होगी ? इस हादसे के लिए कितनी सजा मिलेगी? किसकी तय होगी जवाबदेही ? यूपी के हाथरस जिले में स्थित सिकंदराराऊ में आयोजित सत्संग में जुटी भारी भीड़ के बीच मंगलवार को मची भगदड़ में मरनेवालों की संख्या 121 तक पहुंच गई है. जिला प्रशासन की ओर से इसकी पुष्टि की जा चुकी है. मृतकों की संख्या बढ़ भी सकती है क्योंकि आसपास के अस्पताल घायलों से भरे पड़े हैं. अब बड़ा सवाल यह खड़ा होता है कि आखिर इस दर्दनाक हादसे के लिए जिम्मेदार कौन है? आयोजकों से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों तक किस-किस की जवाबदेही इसमें तय होगी ? इस हादसे के लिए कितनी सजा मिलेगी ?साकार नारायण विश्वहरि का था सत्संगहाथरस जनपद के सिंकराराऊ क्षेत्र में स्थित फुलरई मुगलगढ़ी में साकार नारायण विश्वहरि उर्फ भोले बाबा के सत्संग का आयोजन किया गया था. बताया जाता है कि इस सत्संग में शामिल होने के लिए हजारों लोग पहुंचे थे. मंगलवार को सत्संग का आखिरी दिन था और बाबा सत्संग खत्म कर बाहर जाने के लिए निकल रहे थे. उसी दौरान बाबा के पैर छूने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी. इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे भी थे, जो भीड़ के धक्के से गिर गए और लोग उनको कुचलते हुए निकलने लगे. इसके कारण भगदड़ मच गई और सौ से ज्यादा लोगों की जान चली गई. इनमें बच्चों और महिलाओं की संख्या सबसे ज्यादा बताई जा रही है. मौत के मंजर का जिम्मेदार कौन ?इस घटना के लिए जिला प्रशासन और पुलिस से लेकर आयोजक तक कठघरे में हैं. व्यवस्था पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं. ऐसे में जवाबदेही और जिम्मेदारी तय करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक कमेटी बना दी. एडीजी आगरा और कमिश्नर अलीगढ़ की अगुवाई में पूरी घटना की जांच होगी, जिससे स्पष्ट होगा कि आखिर इतने बड़े हादसे के लिए कौन जिम्मेदार है ?
टुंडी/धनबाद: दक्षिणी टुंडी में बीती रात जंगली हाथियों के झुंड ने पहाड़ी के तराई के गांवों में धावा बोलकर तीन घरों को तोड़ दिया और वहां रखा सारा अनाज चट कर गए. बताया जा रहा है कि हाथियों का एक झुंड गांव में घुस आया और तिलेयबेड़ा गांव के सोनालाल बास्की और पर्वतपुर गांव के महालाल किस्कू, लीला मंझियान के घरों को पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर डाला. जिससे ग्रामीण काफी दहशत में आ गए. किसी तरह भागकर उन्होने अपनी जान बचाई. इधर, जानकारी मिलने पर झारखंड जनहित मोर्चा के केन्द्रीय अध्यक्ष सह संस्थापक माना पाठक प्रभावित गांव पहुंचे और पीड़ित परिवारों से मिलकर अपने स्तर से यथासंभव मदद की. उन्होंने वन प्रमंडल पदाधिकारी से बात कर प्रभावित परिवारों को जल्द मुआवजा राशि दिलाने का भरोसा दिलाया. वहीं टुंडी प्रखंड विकास पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार चौरसिया को प्रभावित गांव का दौरा करने और सभी को अबुआ आवास योजना का लाभ प्रदान करने को कहा.
इस बार कुछ अलग वजह से सुर्खियों में है कोयलांचलधनबाद: कोयलांचल काले हीरे के लिए जाना जाता है. लेकिन इन दिनों कोयलांचल एक खास वजह से सुर्खियों में है. और वो वजह है फलों का राजा आम. और जनाब ये कोई साधारण आम नहीं बल्कि वो आम है जिसकी अंतराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों में है. बात चौंकाने वाली तो है लेकिन ये सच है और ये आम जापान में पाया जाता है औऱ ये दुनिया की सबसे महंगी आम की किस्म है. जापान के एक शहर के नाम पर मिला नामधनबाद के भूली के रहने वाले युवा किसान रवि निषाद अपने इलाके में पिछले 15 सालों से फल और सब्जियों की खेती कर रहे हैं. एग्री रिसर्च सेंटर, जय धरती मां फाउंडेशन लगातार कृषि के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. पर्यावरण संरक्षण और कृषि के क्षेत्र में विकास करना रवि का मुख्य उद्देश्य है. रवि ने अपने रिसर्च स्थान पर जापान के लाखों रुपए में बिकने वाले आम के पौधे लगाए हैं. इस आम का नाम मियाजाकी है. दरअसल, ये नाम जापान के शहर के नाम पर है. अंतर्राष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत ढाई से तीन लाख रुपए प्रति किलो है.दो सालों से मियाजाकी पर चल रहा रिसर्चरवि निषाद ने बताया कि पिछले दो सालों से रिसर्च चल रहा है. अब मियाजाकी के पेड़ में आम के फल लगने शुरू हो गए हैं. आम पकने के बाद बेहतर जानकारी के लिए इसे रिसर्च लैब में भेजा जाएगा. वहीं एग्री रिसर्च सेंटर के रंजीत कुमार ने बताया कि जापान के आम मियाजाकी को धनबाद की धरती पर लाकर टेस्ट किया जा रहा है. इसके बेहतर परिणाम देखने को अब मिल रहे हैं. और ऐसे में अगर यह पूरी तरह से सफल होते हैं, तो धनबाद के लोग भी इस लखटकिया आम का सेवन कर सकेंगे.धनबाद से कुंदन की रिपोर्ट
पलामू: मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एन्ड हॉस्पिटल की चाहरदीवारी काफी जजर्र हो गई है. और ये बड़े हादसे को आमंत्रित कर रही है. बता दें कि MMCH में नए बिल्डिंग का निर्माण कार्य चल रहा है और इस दौरान पुरानी बिल्डिंग का मलबा बल्ड बैंक और एक्सरे बिल्डिंग के पास पड़ी खाली ज़मीन में डंप किया जा रहा है. भारी मात्रा में मलवा डम्प होने के कारण हॉस्पिटल की बाउंड्री में दरार आ गयी है जिससे ये बाउंड्री कभी भी गिर सकती है. जहां बाउंड्री में दरार आई है वहां से एक गलीनुमा रास्ता गुजरता है, रोजाना उस रास्ते है स्कूली बच्चे सहित सैकड़ों लोगों का आना-जाना लगा रहता है लेकिन सूचना के बावजदू MMCH के पदाधिकारी लापरवाह बने हुए हैं.
क्या झारखंड में नया सियासी उठापटक होने वाला है ?क्या झारखंड में नया सियासी उठापटक होने वाला है और क्या झारखंड में फिर से मुख्यमंत्री का चेहरा बदलने वाला है...इन सारे सवालों के जवाब आज शायद मिलनेवाले हैं, कि क्या झारखंड में फिर से एक बार कुछ नया होने वाला है और क्या हेमंत सोरेन के हाथों में फिर से सत्ता जाएगी ? दरअसल, हेमंत सोरेन के जेल से बाहर आने के बाद झारखंड की राजनीति में उथल-पुथल देखने को मिल रही है. सत्ताधारी गठबंधन ने विधायक दल की बैठक बुलाई है. इसमें झारखंड के कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर भी मौजूद रहेंगे. बैठक में कुछ बड़े फैसले लिए जा सकते हैं. बैठक की वजह से मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने अपने सारे कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं.सीएम चंपाई सोरेन के आज के सारे कार्यक्रम रद्दसूबे में बदले राजनीतिक घटनाक्रम के बीच आज मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं. धुर्वा के प्रभात तारा मैदान में होने वाले नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम को पहले ही स्थगित किया जा चुका है. गो-सेवा आयोग के कार्यक्रम को भी रद्द कर दिया गया है. इस कार्यक्रम में सीएम और मंत्री को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र का वितरण करना था.
गढ़वा: जिले के नगर उंटारी थानाक्षेत्र के बिलासपुर गांव में बंगाल जैसा कांड का वीडियो वायरल हो रहा है. यहां के बिलासपुर गांव में लोगों ने एक विवाहिता को उसके कथित प्रेमी के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया. और फिर दोनों की जमकर पिटाई कर दी. और अब ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि सोनभद्र जिले का रहनेवाला जय प्रकाश यादव अक्सर अपनी प्रेमिका से मिलने बिलासपुर गांव आया करता था. प्रेमिका का पति बाहर काम करता है. लेकिन सोमवार को जब जयप्रकाश अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचा तो ग्रामीणों ने दोनों को धर दबोचा. और फिर दोनों की लात घूंसे से जमकर पिटाई कर दी. जिसमें दोनों बुरी तरह जख्मी हो गए. बाद में जयप्रकाश के घरवालों और उसकी प्रेमिका के मायकेवालों को गांव में बुलाया गया, और फिर दोनों को गांव से बाहर भेज दिया गया. जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की छानबीन चल रही है.
जमशेदपुर: जंगली सुअर के शिकार के आरोप में बीते 6 जून को वन विभाग की टीम ने दलमा वन्य प्राणी आश्रयणी से डांटू सिंह नामक ग्रामीण को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा. इसे लेकर मंगलवार को दलमा वन क्षेत्र प्रभावित संघर्ष समिति के बैनर तले चांडिल, नीमडीह, पटमदा, एमजीएम और बोड़ाम प्रखंड के हजारों आदिवासी-मूलवासी समुदाय के लोगों ने मानगो स्थित वन विभाग के कार्यालय का घेराव कर दिया. ग्रामीण बिना शर्त डांटू सिंह की रिहाई करने की मांग पर डटे रहे. ग्रामीणों के प्रदर्शन की वजह से मानगो मुख्य सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही. प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे नीमडीह के जिला परिषद असित सिंह पात्र ने बताया कि डांटू सिंह निर्दोष हैं उन्हें झूठे मामले में फंसाया गया है. जबतक उनकी रिहाई नहीं होती ग्रामीणों का प्रदर्शन जारी रहेगा. उन्होंने वन विभाग पर दलमा की तराई क्षेत्र में बसे ग्रामीणों को परेशान करने और दलमा वन्य प्राणी आश्रयणी के विकास के मद में सरकार द्वारा दिए जा रहे धनराशि का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि वन विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से दलमा क्षेत्र में सरकारी राजस्व की बंदरबांट की जा रही है.
रांची/साहेबगंज: साहेबगंज जिले में अवैध खनन, बोल्डरों की अवैध ढुलाई और पर्यावरण की क्षति को लेकर हो रहे नुकसान को लेकर घमासान मचा हुआ है. इसको लेकर साहेबगंज जिला खनन पदाधिकारी कृष्णा किस्कु और सामाजिक कार्यकर्ता सैयद अरशद नसर एक दूसरे से भिड़ गये हैं. दोनों ने एक दूसरे पर प्राथमिकी दर्ज करायी है. एक ओर डीएमओ किस्कु ने 29 जून को अरशद पर सरकारी कार्य में बाधा डालने, गुंडागर्दी करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा किया है, वहीं अरशद ने जवाबी कार्रवाई करते हुए जिरवाबाड़ी थाना में डीएमओ के खिलाफ ऑनलाइन एफआइआर किया है. उन्होंने अपनी प्राथमिकी पर कहा है कि मैंने नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल में ओरिजिनल एप्लीकेशन नंबर 23 ऑफ 2017, 108 ऑफ 2023 और 162 ऑफ 2023 दाखिल किया था. जिसकी सुनवाई चल रही है. मेरे आवेदन पर जिला खनन पदाधिकारी साहेबगंज पर एनजीटी ने दो लाख रुपये का जुर्माना लगाते हुए अन्य कार्रवाई भी की है.29 जून 2024 को दोपहर में जब मैं जिला खनन कार्यालय साहेबगंज गया, तो मुझे डीएमओ कृष्णा किस्कु की ओर से साजिश व षड़यंत्र के तहत फंसाने का आरोप लगाया गया. यह कहा गया कि मेरे केस की वजह से उन पर 50 हजार रुपये का जमानती वारंट लगाया गया, 2019 में निलंबन की कार्रवाई भी खान एवं भूतत्व विभाग की तरफ से की गयी. मेरे खिलाफ जिरवाबाड़ी थाने में कांड संख्या 104 ऑफ 2024 दर्ज किया गया है, जो फरजी और मनगढ़ंत है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा प्रदान करने की मांग भी की है.उधर साहेबगंज डीएमओ कृष्णा किस्कु ने कशिश न्यूज को बताया कि हां मैंने अरशद पर मुकदमा किया है. उसने सरकारी कार्य में बाधा डालने और कार्यालय में आकर माहौल खराब करने की कोशिश की थी. उस व्यक्ति ने जिला खनन पदाधिकारी कार्यालय और अन्य के खिलाफ एनजीटी के कोलकाता ब्रांच में तीन से अधिक मुकदमा कर रखा है.
चाईबासा: सिंहभूम से नवनिर्वाचित झामुमो सांसद जोबा माझी ने लोकसभा में अपने पहले संबोधन में ही जनजातीय समुदाय और झारखंड प्रदेश से जुड़े विषयों को प्रमुखता से रखा. जोबा मांझी ने राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के जवाब में झामुमो संसदीय दल के नेता के रूप में बोलते हुए आदिवासियों के अस्तित्व और पहचान के लिए सरना धर्म कोड लागू करने एवं झारखंड प्रदेश के संपूर्ण को लेकर स्पेशल पैकेज देने की मांग की. यही नहीं सांसद जोबा मांझी ने अपने संबोधन में केंद्र सरकार को अर्थव्यवस्था, नीट पेपर लीक, 1975 का आपातकाल बनाम 2014-24 का आपातकाल समेत कई मुद्दों पर आईना भी दिखाया. जोबा माझी ने कहा कि अभिभाषण में स्थिर और स्पष्ट बहुमत की सरकार की चर्चा तो की गई है. तकनीकी तौर पर सदन में सरकार को बहुमत तो प्राप्त है, लेकिन जनता की नाराजगी स्पष्ट रूप से व्यक्त हुई है. सरकार देश के मतदाताओं की भाषा को समझ लें, उसके अनुसार अपनी नीतियों, अपने व्यवहार में परिवर्तन लाए, देश और न्याय की बात करें, क्योंकि 18वीं लोकसभा के चुनावों की भाषा स्पष्ट है कि ये स्थिर और स्पष्ट बहुमत की सरकार नहीं है. जोबा माझी ने कहा वह झारखंड के कोल्हान क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करती हैं, जो जनजातीय बाहुल क्षेत्र है. यहां के आय के साधन, गरीबी, बेरोजगारी, बीमारी, पलायन को देखकर यही लगता है कि अर्थव्यवस्था का समतामूलक और न्यायपूर्ण बंटवारे पर अभी हमें और बहुत कुछ करने की आवश्यकता है. सांसद जोबा माझी ने कहा सरकार ने दस वर्षाें में चार करोड़ पीएम आवास का वितरण किया है. लेकिन झारखंड जैसे पिछड़े एवं जनजातीय बाहुल राज्य में पीएम आवास योजना नहीं दिया जा रहा है. राज्य सरकार के द्वारा अपने सीमित संसाधनों से अबुआ आवास की योजना चला रही है, जो राज्य की आवश्यकताओं से काफी कम है. सांसद ने केंद्र सरकार से जीएसटी कलेक्शन से झारखंड के बकाया हिस्से की मांग की.
रांची: झारखंड सरकार ने गढ़वा नगर परिषद की तत्कालीन कार्यपालक पदाधिकारी सह रांची की पूर्व जिला भू अर्जन पदाधिकारी अंजना दास के खिलाफ कार्रवाई की है. इनका दो वेतन वृद्धि सरकार ने रोक दिया है. इन पर गढ़वा नगर परिषद में एलइडी लाइट लगाने में अनियमितता बरतने और कूड़ेदान खरीदने में गड़बड़ी और अनियमितता करने का आरोप लगा है. इस मामले में नगर विकास एवं आवास विभाग को जो मंतव्य आरोपी पदाधिकारी ने दिया है, उस पर नगर विकास विभाग के अधिकारियों ने कई बिंदुओं पर असहमति जतायी है. समीक्षा में पाया कि नगरपालिका अंतर्गत कार्य योजना तैयार करने, कार्यों के संपादन में कोई अनियमितता न हो, इसके अनुश्रवण एवं पर्यवेक्षण का दायित्व कार्यपालक पदाधिकारी का ही है. इस आलोक में आरोपी पदाधिकारी के स्पष्टीकरण को स्वीकार योग्य नहीं माना जा सकता. इसके बाद राज्य सरकार ने अंजना दास के खिलाफ दो वेतन वृद्धि रोकने का आदेश दिया. कार्मिक ने इसका आदेश जारी कर दिया है.