इको-टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा,बोटिंग और पर्यटकों की सुरक्षा होगी बेहतर;स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने की तैयारी
सरायकेला: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने चांडिल डैम को राज्य के प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की इच्छा जताई है। सरायकेला-खरसावां जिले के धातकीडीह जाने के क्रम में मुख्यमंत्री ने आज अपने परिजनों के साथ प्रसिद्ध चांडिल डैम का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने डैम की प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण का आनंद लिया। साथ ही डैम के समग्र विकास और पर्यटन की संभावनाओं को लेकर अधिकारियों के साथ चर्चा की।
चांडिल डैम को पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी
डैम परिसर के भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह के साथ विकास योजनाओं पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि चांडिल डैम में इको-टूरिज्म की असीम संभावनाएं हैं। इसे राज्य के पर्यटन मानचित्र पर और अधिक मजबूती से स्थापित करने की जरूरत है। उन्होंने अधिकारियों को चांडिल डैम के बहुआयामी विकास, पर्यटन संवर्धन, जल प्रबंधन और चांडिल परियोजना के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बोटिंग और पर्यटकों की सुरक्षा पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने डैम पहुंचने वाले पर्यटकों की सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि पर्यटकों की सुरक्षा, बुनियादी सुविधाओं और नौकायन यानी बोटिंग की व्यवस्था को अधिक आधुनिक और सुव्यवस्थित बनाया जाए। मुख्यमंत्री का मानना है कि पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी और स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए बिना होगा विकास
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चांडिल डैम और आसपास के क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए दीर्घकालिक एवं पर्यावरण अनुकूल ब्लूप्रिंट तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने जल प्रबंधन, परियोजना के लंबित कार्यों में तेजी और बिजली उत्पादन एवं संवर्धन से जुड़े पहलुओं पर भी आवश्यक कार्ययोजना बनाने को कहा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि विकास की योजनाएं इस तरह तैयार की जाएं, जिससे क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरण सुरक्षित रहे।
मौके पर कल्पना सोरेन समेत कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस दौरान मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी एवं गांडेय विधायक कल्पना सोरेन, विधायक सविता महतो, विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, कोल्हान प्रमंडल के आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम, सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह, चांडिल एसडीएम नितिन शिवम गुप्ता समेत जिला प्रशासन और पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। चांडिल डैम के विकास को लेकर मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद अब क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और नई विकास योजनाओं को लेकर उम्मीदें बढ़ गई हैं। यदि प्रस्तावित योजनाएं धरातल पर उतरती हैं, तो चांडिल डैम झारखंड के प्रमुख इको-टूरिज्म केंद्रों में अपनी अलग पहचान बना सकता है।
संदीप यादव की रिपोर्ट

