सदौवा स्थित सरस्वती विद्या निकेतन में शिक्षा की गुणवत्ता और आधारभूत सुविधाओं का लिया जायजा, बच्चों की प्रतिभा निखारने पर दिया जोर
गोपालगंज: बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने मंगलवार को गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सदौवा स्थित सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, आधारभूत संरचना और विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक माहौल विकसित करने और आवश्यक सुविधाओं को मजबूत करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान शिक्षा मंत्री ने कहा कि विद्यालय में ऐसा बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार किया जाए, जहां बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ अपनी प्रतिभा और क्षमता को विकसित करने का भी पूरा अवसर मिले। विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
समयबद्ध तरीके से पूरे हों विकास कार्य
शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, आवश्यक सुविधाओं के विकास और शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि विद्यालय के समुचित विकास से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके। इस दौरान जिलाधिकारी सहित जिला प्रशासन के वरीय अधिकारी मौजूद रहे।
राजीव रंजन की रिपोर्ट

