
सोमवार, 05 अक्टूबर 2026
Liveगढ़वा : केंद्रीय गृहमंत्री द्वारा नक्सल मुक्त भारत की घोषणा के चार दिन बाद इसकी जमीनी हकीकत जानने के लिए झारखंड के वित्तमंत्री राधाकृष्ण किशोर गढ़वा जिले के उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र रहे बूढ़ा पहाड़ का अचानक दौरा किया. इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से अब तक हुए विकास कार्यों के बारे में जाना एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया. उन्होंने बुढ़ा पहाड़ पर तैनात जवानों का हौसला बढ़ाया. दौरे के क्रम में मंत्री ने कुल्ही पिकेट प्रभारी प्रदीप सिंह एवं बूढ़ा पहाड़ पिकेट प्रभारी वीरेंद्र पासवान के कार्यों की सराहना की. उन्होंने प्रदीप सिंह को ₹5000 एवं वीरेंद्र पासवान को ₹10,000 की प्रोत्साहन राशि अपने निजी स्तर से प्रदान की.मंत्री ने टेहरी पंचायत के मुखिया बिनको टोप्पो के साथ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया. इस दौरान 11 गांवों की स्थिति और वहां चल रही विकास योजनाओं की जानकारी ली गई. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन गांवों में विकास कार्यों की गति तेज की जाए. इस दौरान उन्होंने कहा कि करीब दो दशक पहले वे कुल्ही आए थे और तभी से उनका सपना बूढ़ा पहाड़ आने का था. उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के निर्देश पर उन्होंने इस क्षेत्र का दौरा कर जमीनी हकीकत को समझने का प्रयास किया है.उन्होंने बीडीओ अमित कुमार एवं सीओ राकेश भूषण सिंह को निर्देश दिया है कि बूढ़ा पहाड़ के विकास के लिए घोषित सभी योजनाओं की जल्द समीक्षा कर उन्हें धरातल पर उतारा जाए. साथ ही मुखिया बिनको टोप्पो को क्षेत्र की समस्याओं से प्रशासन को अवगत कराने को कहा गया है. मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने विश्वास जताया कि एक वर्ष के भीतर इस क्षेत्र की तस्वीर बदल दी जाएगी. उन्होंने कहा कि पिछले तीन दशकों से नक्सल प्रभावित रहा बूढ़ा पहाड़ अब काफी हद तक उग्रवाद से मुक्त हो चुका है, हालांकि पूरी तरह समाप्ति के लिए अभी प्रयास जारी है.
गढ़वा : जिले के भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनंत प्रताप देव सड़क दुर्घटना में बाल-बाल बच गए. घटना उस वक्त हुई जब वे अपने आवास से डंडई एक कार्यक्रम में भाग लेने जा रहे थे. रमना–श्री बंशीधर मुख्यमार्ग पर सीरियाटोंगर मोड़ के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार कमांडर (UP40D1875) गाड़ी अनियंत्रित होकर विधायक की गाड़ी में टक्कर मार दी जिससे ये हादसा हुआ. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कमांडर वाहन ने पहले विधायक के स्कॉर्ट वाहन को जोरदार टक्कर मारी और फिर उसके बाद सीधे विधायक की गाड़ी से भिड़ गई. टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और एयरबैग खुल गया. गनीमत रही कि एयरबैग समय पर खुलने के कारण विधायक को किसी प्रकार की गंभीर चोट नहीं आई और एक बड़ा हादसा टल गया. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कमांडर वाहन को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन का नियंत्रण खोना दुर्घटना का कारण माना जा रहा है. इधर, जैसे ही हादसे की खबर क्षेत्र में फैली, विधायक के समर्थकों और शुभचिंतकों की भीड़ उनके आवास पर जुटने लगी. सभी ने उनके सुरक्षित होने पर राहत जताई. चिकित्सकीय रूप से भी विधायक पूरी तरह स्वस्थ और खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं. वहीं प्रशासन द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है. वहीं स्थानीय लोगों ने सड़क पर वाहनों की तेज रफ्तार पर नियंत्रण लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
गढ़वा : जिले के रमकंडा में रामनवमी जुलूस के दौरान गुरुवार की रात कुछ लोगों के बीच हुए विवाद के बाद पत्थरबाजी की घटना हुई है. मामले को लेकर डीआईजी के निर्देश पर एसपी अमन कुमार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रमकांडा थाना प्रभारी को लाइन हाजिर कर दिया है. वहीं सैंकड़ों की संख्या में पहुंचे जवानों ने रात भर छापेमारी की और दोनों पक्ष के 19 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. इनमें मुस्लिम पक्ष से 13 व हिन्दू पक्ष से 6 लोग शामिल हैं. गढ़वा एसपी अमन कुमार ने टेलिफोनिक माध्यम से इसकी जानकारी दी है. उन्होंने बताया है कि मौके से 18 मोटरसाइकिल और 9 मोबाइल जब्त किया गया है. रमकंडा से हटाए गए थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह कुंटिया को लाइन हाजिर कर दिया गया है. एसपी ने बताया कि गुरुवार की रात हुए विवाद के मामले में पुलिस ने अलग से मामला दर्ज किया है.
गढ़वा : बड़ी खबर झारखण्ड के गढ़वा से है जहां जिले में गर्भवती महिला ने एक साथ तीन बच्चों को जन्म दिया है जो पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है. दो बेटी और एक बेटा का जन्म हुआ है. यह मामला गढ़वा जिले के भवनाथपुर प्रखंड क्षेत्र का है जहां पंडरिया पंचायत अंतर्गत अधौरा के नवही टोला निवासी सुरेंद्र कुमार उरांव की पत्नी संगीता देवी ने आयुष आरोग्यम मंदिर अस्पताल में एक साथ तीन बच्चों को जन्म दिया. संगीता देवी पहले से एक बच्चे की मां हैं और इस बार उन्होंने दो बेटियों और एक बेटे को सामान्य प्रसव से जन्म दिया. मां और तीनों नवजात पूरी तरह स्वस्थ बताए जा रहे हैं. जानकारी के अनुसार नवही टोला निवासी संगीता देवी को प्रसव पीड़ा होने के बाद परिजनों ने उन्हें मुसहर टोली स्थित आयुष आरोग्यम मंदिर अस्पताल में भर्ती कराया. यहां चिकित्सकों और नर्सों की देखरेख में महिला का सुरक्षित प्रसव कराया गया. प्रसव के दौरान उन्होंने एक साथ तीन शिशुओं को जन्म दिया, जिनमें दो पुत्री और एक पुत्र शामिल हैं. एएनएम अचला कुमारी ने बताया कि तीनों नवजातों का जन्म सामान्य प्रक्रिया से हुआ है. फिलहाल मां और तीनों बच्चों को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है और उनकी स्थिति सामान्य है. सुरक्षित प्रसव के लिए अस्पताल की टीम ने आवश्यक देखभाल और उपचार किया.एक साथ तीन बच्चों के जन्म की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई और आसपास के ग्रामीणों के बीच यह चर्चा का विषय बन गया. परिजनों में खुशी का माहौल है. उन्होंने अस्पताल की एएनएम और स्वास्थ्यकर्मियों के प्रति आभार जताया.
गढ़वा : पुलवामा अटैक में शहीद हुए जवानों के लिए गढ़वा जिला सीआरपीएफ मुख्यालय में अधिकारियों एवं जवानों ने शहीद जवानों को नमन करते हुए श्रद्धांजलि दी. गौरतलब है कि आज ही के दिन 14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में आंतकियों द्वारा सी०आर०पी०एफ० की कानवाई पर अटैक हुआ था, जिसमें सी०आर०पी०एफ० के 40 जवान शहीद हुए थे. इस अवसर पर श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए अजय कुमार वर्मा, कमाण्डेंट ने शहीद जवानों के व्यक्तित्व व कृतित्व को बेजोड़ बताते हुए उनके असामयिक शहादत को पूरे सी०आर०पी०एफ० परिवार के लिए अपूरणीय क्षति बताया. इस मौके पर वाहिनीं के अधिकारियों एवं जवानों के द्वारा शहीद स्मारक पर रीथ एवं माल्यार्पण की गई एवं सशस्त्र गार्ड द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर एवं शोक शस्त्र के उपरांत उनकी आत्मा की शांति के लिए 02 मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गयी.
गढ़वा : बड़ी खबरगढ़वा से है जहां जिले में लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियों के बीच एक दर्दनाक हादसा हुआ है. शहर के दानरो नदी स्थित छठ घाट पर नहाने के दौरान 13 वर्षीय बच्चे की डूबने से मौत हो गई. घटना से इलाके में सनसनी है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रविवार की सुबह मृतक राहुल कुमार अपने दोस्तों के साथ दानरो नदी में नहाने गया था. नहाने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया. आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन जब तक वे कुछ समझ पाते, तब तक राहुल पानी में डूब चुका था. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे नदी से बाहर निकाला और गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.घटना की जानकारी मिलते ही गढ़वा अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) संजय कुमार, पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर, सहित कई जनप्रतिनिधि सदर अस्पताल पहुंचे. सभी ने मृतक के परिजनों से मिलकर ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया.एसडीओ संजय कुमार ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह एक बेहद दुखद और संवेदनशील घटना है. उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया कि छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. उन्होंने कहा कि घाटों पर सुरक्षा कर्मियों की तैनातीकीजाएगी.
गढ़वा : लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा को लेकर उपायुक्त दिनेश यादव एवं पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने शनिवार को शहर के दानरो नदी स्थित विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया. डीसी ने इस दौरान छठ घाटों की साफ-सफाई सहित अन्य सुविधाओं का जायजा लिया. उपायुक्त ने गढ़वा नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को छठ घाटों एवं छठ घाट आने वाले मार्गों की सफाई कार्य शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को भी छठ घाटों पर न्यूनतम बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त कराते हुए छठ घाट को बिल्कुल तैयार करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा को लेकर किसी भी व्रतियों/श्रद्धालुओं व आमजनों को कोई परेशानी या समस्या का सामना नहीं करना पड़े, इसका विशेष ख्याल रखें. उन्होंने बैरिकेडिंग एवं विद्युत (लाइटनिंग), साज-सज्जा करने एवं पार्किंग की सुविधा का भी विशेष ख्याल रखने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने निरीक्षण के क्रम में जिले के सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं सभी प्रखंडों के प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों को भी अपने-अपने संबंधित क्षेत्रों में निरीक्षण करते हुए छठ पूजा को लेकर छठ घाटों को तैयार करने एवं सभी बुनियादी सुविधाओं को सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने छठ पूजा को देखते हुए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में व छठ घाट में आने वाले विभिन्न मार्गों पर ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश अनुमंडल पदाधिकारी एवं संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को दिया. उन्होंने कहा कि छठ व्रतियों को कोई असुविधा नहीं हो, इसका विशेष ख्याल रखें. चूंकि लोक आस्था का महापर्व छठ की पूजा नदियों, तालाबों, पोखर आदि जलाशयों के घाटों व तटों पर संपन्न होता है. इसलिए किसी भी व्रतियों/ श्रद्धांलुओं/आमजन को डूबने की आशंका या इस प्रकार की किसी भी अनहोनी से निपटने हेतु गोताखोरों की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधितों को दिया गया. उपायुक्त एवं एसपी छठ महापर्व की बधाई देते हुए कहा कि छठ महापर्व को लेकर जिला प्रशासन हर संभव सहयोग करने को तत्पर है एवं शांतिपूर्ण वातावरण में महापर्व सम्पन्न कराने हेतु प्रतिबद्ध है. उन्होंने सभी को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए इसे शांतिपूर्वक अच्छे से मनाने की बात कही.
गढ़वा : बड़ी खबर झारखंड के गढ़वा से है जहां मंडल कारा में मंगलवार देर रात एसडीएम और एसडीपीओ के नेतृत्व में छापेमारी हुई. कोई आपत्तिजनक सामान नहीं मिला. दो दिन पहले ही बिहार के सासाराम विधानसभा क्षेत्र से राजद प्रत्याशी सतेंद्र साह इसी जेल में शिफ्ट हुए हैं. बताया जा रहा है कि डीसी के निर्देश पर जेल अधीक्षक सह एसडीएम संजय पाण्डेय के नेतृत्व में मंगलवार देर रात मंडल कारा में छापेमारी अभियान चलाया गया. इस दौरान एसडीपीओ सहित कई पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों के द्वारा जेल के अंदर बने सेल की बारीकी से जांच की गई. इसमें किसी भी बैरेक में आपत्तिजनक सामान नहीं पाया गया. गौरतलब है कि दीपावली के दिन बिहार के सासाराम विधानसभा क्षेत्र से राजद के उम्मीदवार सतेंद्र साह को भी इसी जेल में शिफ्ट किया गया है. उसे बिहार पुलिस गढ़वा कोर्ट के निर्देश पर पकड़ कर गढ़वा पुलिस को सौंपी है. उस पर वर्ष 2004 में गढ़वा शहर के चिरौंजिया मोड़ पर बैंक डकैती जैसे 37 मामले दर्ज है. पूर्व में इनका आपराधिक इतिहास रहा है. इसी को देखते हुए जेल में छापेमारी अभियान चलाया गया है.
गढ़वा : बड़ी खबर गढ़वा से है जहां जिले के मेराल थाना क्षेत्र के कमरमा गांव में एक बड़ी दुर्घटना घट गई. दरअसल नए ईंट भट्ठे का निर्माण कार्य चल रहा था. मजदूर चिमनी पर चढ़ कर निर्माण कार्य कर रहे थे. इसी दौरान अचानक चिमनी धरासाईं हो गई और इस घटना में 5 मजदूर उसमें दब गए. इसमें एक मजदूर की मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंच कर सभी दबे मजदूरों को निकालकर सदर अस्पताल लाया जहां इलाज के क्रम में एक की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि मेराल थाना क्षेत्र का यही कमरमा गाँव है जहां नया ईंट भट्ठे का निर्माण चल रहा था. यूपी के मुरादाबाद के रहने वाले सभी मजदूर बिना कोई सेफ्टी सुरक्षा के चिमनी पर चढ़ कर कार्य कर रहे थे. अचानक चिमनी धरासाई हो गया. इस चिमनी के धारासाईं होने के बाद चिमनी में चढ़ कर कार्य कर रहे 5 लोग मलबे में दब गए. आनन फानन में स्थानीय लोग एवं पुलिस की टीम मौके पर पहुंच कर जेसीबी के माध्यम से मलबे में दबे 5 लोगों का रेस्क्यू किया गया. रेस्क्यू के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया जहां इलाज के दौरान पप्पू नाम मजदूर की मौत हो गई जबकि शेष 4 मजदूरों की हालत गंभीर है जिसे इलाज के बाद रेफर कर दिया गया. ईंट भट्ठे के हेड मिस्त्री ने बताया कि ईंट कमजोर था जिसके कारण यह घटना घटी है. वहीं ईंट भट्ठा संचालक ने कहा कि घटना कैसे घटी जो मिस्त्री है वही बताएगा.इस मामले पर सदर अस्पताल के चिकित्सक ने कहा कि एक घटना हुई है पांच लोग इंजर्ड है जिसमें एक की मौत इलाज के क्रम में हो गई. वहीं थाना प्रभारी ने कहा कि सूचना मिली है कमरमा गाँव में नवनिर्मित ईंट भट्ठा का चिमनी धारासाईं हो गया है जिसमें एक मजदूर की मौत हो गई. चार लोग घायल है. ये सभी यूपी के रहने वाले हैं. पुलिस के द्वारा धरासाईं मलबे को भी साफ किया जा रहा है ताकि उसमें कोई और दबा नहीं हो. इसकी सूचना एसडीएम और डीएमओ को दे दी गई है.
गढ़वा : बड़ी खबर गढ़वा से है जहां गढ़वा मंडल कारा में बंद विचाराधीन कैदी की सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर मृतक के परिजनों को सौंप दिया.जानकारी के अनुसार मृतक कैदी विजय पासवान कुछ वर्ष पूर्व अपने गांव में पड़ोसियों के साथ हुई मारपीट की एक घटना में आरोपित बना था. उस मुकदमें में जमानत पर जेल से बाहर आ गया था. लेकिन बीच में वह कई तारीखों पर अदालत में हाजिर नहीं हुआ. इससे उसकी जमानत रद्द हो गई थी और न्यायालय ने हिरासत में लेते हुए उसे दो माह पूर्व पुनः मंडल कारा, गढ़वा में भेज दिया था. बताया गया कि रविवार को उसकी तबीयत बिगड़ गई थी. लेकिन मंडल कारा में इलाज कराने के बाद सुधार नहीं होने पर उसे सदर अस्पताल भेजा गया था. सदर अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मृतक कैदी विजय पासवान भवनाथपुर थाना क्षेत्र के अरसली गांव के झुमरी टोला का रहने वाला था. घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर मृतक के स्वजनोंको सौंप दिया.
गढ़वा : झारखण्ड के गढ़वा जिले में पेयजल स्वच्छता विभाग ने एक साथ 42 अनुबंध कर्मियों को एक झटके में काम से मुक्त कर दिया. अब नई बहाली निकाल कर नये युवाओं को कार्य के लिए रख रहे हैं. विभाग ने कहा कि इनलोगों का अनुबंध रिनुवल नहीं हुआ है. नौकरी में पूरी पारदर्शिता बरती जा रही है.वहीं अनुबंध पर रह चुके कर्मी काम से हटाये जाने के खिलाफ पेयजल स्वच्छता विभाग के बाहर धरना दे रहे हैं. कल तक इनके पास रोजगार था , आज यह रोजगार इनसे छीन लिया गया है. सभी 15 वर्ष से ऊपर से इस विभाग में काम कर रहे थे. लेकिन अचानक इन्हें हटाने का निर्देश मिलते ही इनके पैरों तले की जमीन खिसक गई. अब इनके सामने भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गई है. इन कर्मियों का आरोप है कि हमलोगों को हटाने के बाद अब नई बहाली निकाली गई है. इसमें विभाग में कार्यरत पदाधिकारियों के रिश्तेदारों को नौकरी दिया जा रहा है. यदि नई बहाली निकालना ही था तो हमलोगों को क्यों नहीं रखा गया है. हमने कौन सा काम खराब किया है. हमलोगों के बाल बच्चे को अब कौन भरण पोषण करेगा. अब तो उम्र भी निकल गई है. दूसरे विभाग में हम अप्लाई भी नहीं कर सकते हैं. माननीय न्यायालय द्वारा रोक भी लगाया गया है. लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं है. स्वच्छता विभाग से लिखित बहाली हुआ था. हटाने से पहले कोई नोटिस नहीं दिया गया. हमलोगों का मानदेय भी मार्च 2024 से लेकर अभी तक बकाया है. इस मामले पर पीएचईडी विभाग के कार्यपालक अभियंता ने कहा इन कर्मचारियों का कार्य मार्च 2025 तक ही था जिनका कार्य अब खत्म हो चुका है. सरकार द्वारा नए नियम के अनुसार एजेंसी के माध्यम से नए लोगों की बहाली लेनी है जिसका कार्य किया जा रहा है बहुत जल्द नए लोगों की बहाली सरकार के गाइड लाइन के अनुसार पूरे पारदर्शिता के साथ ली जाएगी.
गढ़वा : बड़ी खबर गढ़वा से है जहां बिहार /झारखण्ड के दूरदाँत अपराधी बिहार के बक्सर जिला निवासी धीरज मिश्रा गिरोह के 8 अपराधियों को गढ़वा पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता पाई है. ये सभी अपराधी गढ़वा में एक बड़ी अपराध की घटना को अंजाम देने के लिए गढ़वा आए थे. पर्व में पुलिस को खुला चैलेंज कर रहे थे लेकिन समय रहते गढ़वा पुलिस ने इन शातिर अपराधियों को दबोच कर घटना का पर्दाफाश किया है. मामले में गढ़वा एसडीपीओ नीरज कुमार ने बताया कि गढ़वा पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली कि गढ़वा में एक ज्वेलरी शॉप को लूटने के फिराक में बिहार का दूरदाँत अपराधी है. इसी सूचना के आधार पर एसडीपीओ नीरज कुमार के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई. टीम शहर के टंडवा चौक से लेकर शाहपुर मार्ग तक पेट्रोलिंग लगाई थी. इस सख्त चेकिंग के दौरान तीन बाइक पर आठ अपराधियों को पुलिस ने फ़िल्मी अंदाज में शहर के पूरनचंद चौक टंडवा सें पकड़ा है. पकड़े गए अपराधियों के पास से 6 देसी कट्टा, जिन्दा गोली,चाकू,तीन मोटरसाइकिल तथा नगद सामान बरामद किया गया है. गिरफ्तार सभी अपराधी पलामू,गढ़वा के है जबकि तीन अपराधी जो फरार है वे बिहार के है. एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस अधीक्षक गढ़वा को सूचना मिली थी कि गढ़वा में ज्वेलरी की दुकान लूट होने की एक प्लानिंग अपराधियों द्वारा चल रही है. उसी को देखते हुए एसडीपीओ नीरज कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई. इसी टीम के द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराधियों को पकड़ने में सफलता हासिल की है जिसमें आठ अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. इनके पास से छह देशी कट्टा,गोली सहित अन्य सामान की बरामदगी की गई है. उन्होंने बताया कि ये सभी बिहार के बक्सर के दूरदाँत अपराधी धीरज मिश्रा के टीम का है जो झारखण्ड के विभिन्न जिलों में तीन से चार गैंग बनाकर लूटपाट की घटना को अंजाम देता है. ये गैंग गढ़वा में भी लूटपाट की घटना को अंजाम देने वाला था लेकिन समय रहते पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर बड़ी घटना को आजम देने से पहले इनके मनसूबे को धवस्त कर दिया.
गढ़वा : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान का जिला स्तरीय कार्यक्रम का बुधवार को पलामू सांसद बीडी राम ने दीप प्रज्वलित कर योजना का शुभारंभ किया. इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को विशेषकर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी सहित विभिन्न रोगों की जाँच एवं दवा का भी वितरण किया जाएगा. इसके अलावे इस कार्यक्रम में रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य शिविर सहित अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था.इस मौके पर सांसद बीडी राम ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि पीएम मोदी का आज जन्मदिवस है. आज से सेवा पखवाड़ा दिवस मना रहे हैं. इस दौरान कई योजनाएँ चलाई जाएगी. आज स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान की शुरुआत हुई है. हमारे संसदीय क्षेत्र में कैंसर मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है. हमलोगों ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया है. इस पर ध्यान दिया जाय. वहीं जनता के हित में इस पखवाड़ा दिवस पर कार्य किए जाएंगे. वहीं उन्होंने कहा कि आज भारत विकसित हो रहा है. हम 2047 तक विकसित देश बन जाएंगे. आज भारत के प्रति अन्य देशों का विश्वास बढ़ा है.
गढ़वा : झारखण्ड के गढ़वा जिले के रंका वन क्षेत्र में एक विशालकाय अजगर सांप देखने को मिला. अजगर मिलने से वहां काफी अफरा तफरी का माहौल हो गया. दरअसल अजगर सांप वहां एक मरे हुए सियार का अपना शिकार बना रहा था. इसी दौरान ग्रामीण ने सांप की पूंछ पकड़ कर उसे खींचने लगे. इस दौरान वहां लोगों की काफी भीड़ जमा हो गई.बताया जा रहा है कि रंका वन क्षेत्र में एक विशालकाय अजगर सांप एक मरे हुए सियार का शिकार करने पहुंचा. सांप सियार को खींच कर ले जाने लगा लेकिन काफी देर के बाद सांप के मुंह से सियार छूट गया तो वहां मौजूद एक ग्रामीण ने अपनी जान जोखिम में डालकर अजगर सांप का पूंछ पकड़ कर उसके साथ खिलवाड़ करने लगे. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. आप भी तस्वीरों में इसे देख सकते हैं कि कैसे अजगर सियार को अपने निवाले के लिए खींच कर ले जा रहा है और ग्रामीण उसके शिकार मेंखलल डाल रहे हैं. इस दौरान बड़ी संख्या में लोग अजगर सांप के सियार को शिकार करने का दृष्य देख रहे थे और अपनी मोबाइल में इस तमाशा को कैद कर रहे थे. कई लोग अपनी मोबाइल में इसका वीडियो बना रहे थे.
गढ़वा : बड़ी खबर गढ़वा से है जहां शिक्षा के मंदिर में किसी बात को लेकर बहस होने के बाद प्रधानाध्यापक और एक शिक्षक के बीच जमकर मारपीट हुई. मारपीट की घटना में एक शिक्षक का हाथ टूट गया. बताया जा रहा है कि गढ़वा जिला के नगर उंटारी थाना क्षेत्र के जमुआ उत्क्रमित उच्च विद्यालय में प्रधानाध्यापक पर स्कूल के शिक्षक ने मारपीट का आरोप लगाते हुए DEO केशर रजा से गढ़वा स्थित कार्यालय में शिकायत की है. पीड़ित शिक्षक लालबहादुर ने बताया कि विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक धनंजय कुमार यादव ने बिना किसी आरोप के उसे पीटा और गड्ढे में धक्का दे दिया जिससे उनके कंधे में गंभीर चोट लगी है. इसको लेकर वे अपने वरीय अधिकारियों को इसकी सूचना दे दी है. पीड़ित शिक्षक को नगरउंटारी में इलाज के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है. इस मौके पर शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष नागेंद्र चौधरी ने बताया कि शिक्षक द्वारा सूचना दी गई है कि शिक्षक ने संघ के सदस्यों के साथ मुलाकात की है. इस मामले की जांच की जाएगी तब संघ के द्वारा निर्णय लिया जाएगा.
गढ़वा : बड़ी खबर गढ़वा से है जहां जिले के धुरकी प्रखंड क्षेत्र में डायरिया से 2 लोगों की मौत हो गई है. वहीं कई लोग आक्रांत हैं. घटना के बाद स्वास्थ विभाग प्रभावित इलाकों में कैम्प कर रही है जहां सभी का इलाज जारी है. स्थिति नियंत्रण में है.बताया जा रहा है कि जिले के धुरकी में डायरिया के कहर से एक ही परिवार के 2 सदस्यों की मौत हो गई. घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग रेस हुई. धुरकी मुख्यालय से एक किलोमीटर की दूरी पर बाजार स्थित कोरवा भवन के बगल में कोरवा परिवार के लोग रहते थे. वहीं अनिल कोरबा के पुत्र 4 वर्षीय बादल कोरबा की मौत के बाद दाह संस्कार के बाद अनिल कोरवा और उनकी पत्नी दोनों की तबीयत बिगड़ गई. वहीं धुरकी स्वास्थ्य केंद्र की टीम मौके पर पहुंचकर इलाज किया. इसके बाद स्थिति गंभीर हो जाने के बाद धुरकी से रेफर कर दिया गया था. वहीं अनिल कोरवा की पत्नी की भी मौत हो गई. इन दिनों धुरकी प्रखंड में डायरिया की कहर से कोरवा परिवार के लोग जुझ रहे हैं. एक ही समय में एक ही परिवार की दो लोगों की मौत हो जाने के बाद ग्रामीण दहशत में हैं जबकि कई लोग अभी भी डायरिया से आक्रांत हैं जिसका इलाज सामुदायिक स्वास्थ केंद्र में किया जा रहा है. वहीं स्वास्थ्य विभाग गाँव में कैम्प कर सभी का स्वास्थ जाँच कर रही है.
गढ़वा : बड़ी खबर गढ़वा से है जहां पलामू एसीबी की टीम ने जिले के रमकंडा प्रखंड में पदस्थापित हल्का 9 के कर्मचारी अरुण कुमार यादव को 12,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया है. जानकारी के अनुसार कर्मचारी द्वारा कार्य निष्पादन के बदले रिश्वत की मांग की गई थी. इसकी शिकायत पीड़ित द्वारा एसीबी कार्यालय पलामू में दर्ज कराई गई थी. शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी की टीम ने योजना बनाकर जाल बिछाया और अरुण कुमार यादव को नकद रिश्वत लेते हुए धर दबोचा. गिरफ्तारी के बाद आरोपी कर्मचारी को आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के पश्चात न्यायालय में पेश किया जाएगा. इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है.
गढ़वा : बड़ी खबर गढ़वा से है जहां जिले के भवनाथपुर थाना क्षेत्र के दुधमनिया घाटी में 4 अपराधियों ने हथियार के बल पर खरौंधी के रहनेवाले एक व्यक्ति से बाइक और मोबाइल लेकर फरार हो गया. पुलिस ने घटना के 3 घंटे बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में 4 अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया.बताया जा रहा है कि भवनाथपुर थाना क्षेत्र के दुधमनिया घाटी में अपराधियों ने खरौंधी निवासी अरविंद कुमार गुप्ता से हथियार का भय दिखा कर उनकी पल्सर बाइक (JH14M-6331) और Realme मोबाइल फोन लूट लिया. घटना के बाद अपराधी स्विफ्ट डिजायर कार (JH01ES-0136) और लूटी गई बाइक से फरार हो गए. मामले में पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने बताया कि पीड़ित के बयान पर भवनाथपुर थाना में कांड संख्या 137/2025 दर्ज किया गया. इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जिले में नाकेबंदी की और गुप्त सूचना के आधार पर कांडी थाना क्षेत्र के सुंडीपुर से स्विफ्ट डिजायर कार समेत 4 अपराधियों को घटना के 3 घण्टे में गिरफ्तार कर लिया. पुलिस की पूछताछ में सभी आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. उनकी निशानदेही पर लूटी गई बाइक, मोबाइल, देशी कट्टा, जिंदा कारतूस और बदलकर इस्तेमाल किए गए नंबर प्लेट बरामद किए गए. गिरफ्तार अपराधियों में प्रिंस कुमार सिंह उर्फ चिकु (उपरी कलां, हुसैनाबाद), चंदन कुमार सिंह (मुबारखपुर, हुसैनाबाद), दिग्विजय सिंह उर्फ डिकु (सिंगपुर, केतार) और दीपक कुमार सिंह (सरहु, हुसैनाबाद) शामिल हैं. पुलिस ने बताया कि ये सभी अपराधी नंबर प्लेट बदल-बदल कर लूट की घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं. चारों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है.
गढ़वा : इस वक्त की बड़ी खबर झारखंड के गढ़वा से है जहां जिला मुख्यालय से सटे नवादा गांव में शुक्रवार की सुबह सेफ्टी टैंक में दम घुटने से 3 सगे भाई समेत 4 व्यक्तियों की मौत हो गई. घटना से इलाके में सनसनी है.बताया जा रहा है कि नवादा गांव में यह हादसा सेफ्टी टैंक का सेटिंग खोलने के दौरान हुआ, जब एक-एक कर चार लोग टैंक में उतरे और दम घुटने से उनकी मौत हो गई. इस घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है. मृतकों की पहचान नवादा गांव निवासी मोती चौधरी के तीन पुत्र — अजय चौधरी (50 वर्ष), चंद्रशेखर चौधरी (42 वर्ष), राजू शेखर चौधरी (55 वर्ष) — तथा गांव के ही मल्टू राम के रूप में हुई है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राजू शेखर चौधरी के घर का निर्माण कार्य चल रहा था, जिसमें नया सेफ्टी टैंक बनाया गया था. सोमवार को टैंक का सेटिंग खोलने का कार्य चल रहा था. इस दौरान सबसे पहले मल्टू राम टैंक में उतरा, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं आया. यह देख राजू शेखर चौधरी उसे देखने के लिए नीचे गए, लेकिन वह भी बाहर नहीं लौटे. इसके बाद चिंता में अजय चौधरी और फिर चंद्रशेखर चौधरी भी एक-एक कर टैंक में उतरे, लेकिन चारों ही अंदर फंस गए. पास खड़े ग्रामीणों को जब यह समझ आया कि चारों अंदर से नहीं लौट रहे हैं, तो उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया. तत्पश्चात ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी को बाहर निकाला और गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में चिकित्सकों ने चारों को मृत घोषित कर दिया. हादसे की सूचना मिलते ही अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) संजय कुमार, एसडीपीओ नीरज कुमार और गढ़वा थाना प्रभारी बृज कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली. इसके बाद पुलिस ने शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. अधिकारियों ने कहा कि सेफ्टी टैंक में जहरीली गैस के कारण दम घुटने से मौत हुई होगी. घटना के बाद नवादा गांव और गढ़वा शहर में मातम का माहौल है. परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है और पूरे गांव में इस हादसे को लेकर गहरा दुख और आक्रोश व्याप्त है.