मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व के आह्वान पर देशभर में सत्याग्रह किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज बोकारो के सर्किट हाउस में कांग्रेस समेत विपक्षी दलों के नेताओं की बैठक हुई। बैठक में 2 अक्टूबर से 6 अक्टूबर तक चरणबद्ध आंदोलन की रणनीति पर चर्चा की गई।कांग्रेस के बोकारो जिला अध्यक्ष जवाहरलाल महथा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जब से ज्ञानेश कुमार मुख्य चुनाव आयुक्त बने हैं, तब से भाजपा और मुख्य चुनाव आयुक्त मिलकर सरकार चुनने का काम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले जनता अपने वोट से सरकार चुनती थी, लेकिन अब लोगों के मतदान के अधिकार को छीनने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इसके खिलाफ सभी विपक्षी दल एकजुट होकर आंदोलन कर रहे हैं। जब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाकर जेल नहीं भेजा जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।