ईश्वर का अनोखा उपहार : गढ़वा में महिला ने एक साथ 3 बच्चों को दिया जन्म, जच्चा और तीनों नवजात पूरी तरह स्वस्थ

Edited By:  |
Reported By:
ishwar ka anokha uphar ishwar ka anokha uphar

गढ़वा: बड़ी खबर झारखण्ड के गढ़वा से है जहां जिले में गर्भवती महिला ने एक साथ तीन बच्चों को जन्म दिया है जो पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है. दो बेटी और एक बेटा का जन्म हुआ है.

यह मामला गढ़वा जिले के भवनाथपुर प्रखंड क्षेत्र का है जहां पंडरिया पंचायत अंतर्गत अधौरा के नवही टोला निवासी सुरेंद्र कुमार उरांव की पत्नी संगीता देवी ने आयुष आरोग्यम मंदिर अस्पताल में एक साथ तीन बच्चों को जन्म दिया. संगीता देवी पहले से एक बच्चे की मां हैं और इस बार उन्होंने दो बेटियों और एक बेटे को सामान्य प्रसव से जन्म दिया. मां और तीनों नवजात पूरी तरह स्वस्थ बताए जा रहे हैं.

जानकारी के अनुसार नवही टोला निवासी संगीता देवी को प्रसव पीड़ा होने के बाद परिजनों ने उन्हें मुसहर टोली स्थित आयुष आरोग्यम मंदिर अस्पताल में भर्ती कराया. यहां चिकित्सकों और नर्सों की देखरेख में महिला का सुरक्षित प्रसव कराया गया. प्रसव के दौरान उन्होंने एक साथ तीन शिशुओं को जन्म दिया,जिनमें दो पुत्री और एक पुत्र शामिल हैं.

एएनएम अचला कुमारी ने बताया कि तीनों नवजातों का जन्म सामान्य प्रक्रिया से हुआ है. फिलहाल मां और तीनों बच्चों को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है और उनकी स्थिति सामान्य है. सुरक्षित प्रसव के लिए अस्पताल की टीम ने आवश्यक देखभाल और उपचार किया.

एक साथ तीन बच्चों के जन्म की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई और आसपास के ग्रामीणों के बीच यह चर्चा का विषय बन गया. परिजनों में खुशी का माहौल है. उन्होंने अस्पताल की एएनएम और स्वास्थ्यकर्मियों के प्रति आभार जताया.