बचपन से सोनिया गांधी की प्रशंसक रही हैं शिल्पी नेहा तिर्की, कहा- महिलाओं के संघर्ष और जिम्मेदारियों को समझने के लिए हर महिला को पढ़नी चाहिए यह किताब

रांची: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की किताब 'Belonging: A Journey of Love' इन दिनों चर्चा में है. झारखंड की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने भी इस किताब को खरीदा है. किताब खरीदने के बाद उन्होंने सोनिया गांधी के प्रति अपनी प्रशंसा जाहिर करते हुए उन्हें अपना आदर्श और प्रेरणास्रोत बताया.

कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि वह बचपन से ही सोनिया गांधी की प्रशंसक रही हैं. परिस्थितियों के कारण सोनिया गांधी का राजनीति में आना और इसके बाद बड़ी जिम्मेदारियों को संभालना उनके लिए हमेशा प्रेरणादायक रहा है. उन्होंने कहा कि जब जिम्मेदारी आपके कंधों पर आती है, तो उससे पीछे नहीं हटना चाहिए, बल्कि उसे स्वीकार कर आगे बढ़ना चाहिए.

महिलाओं के संघर्ष और अनुभवों की कहानी है किताब

शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि इस किताब को केवल राजनीतिक नजरिये से नहीं देखना चाहिए. इसमें सोनिया गांधी के राजनीतिक जीवन के साथ उनके व्यक्तिगत अनुभवों, संघर्षों और जीवन की चुनौतियों की भी झलक मिलती है. उनके मुताबिक, यह किताब महिलाओं के संघर्ष और उनके जीवन में आने वाली चुनौतियों को समझने का एक माध्यम है.

हर महिला को पढ़नी चाहिए यह किताब

कृषि मंत्री ने कहा कि यह किताब किसी पक्ष या विपक्ष की नहीं, बल्कि हर उस महिला की कहानी है, जो पारिवारिक और सामाजिक चुनौतियों के बीच अपनी जिम्मेदारियों को निभाती है. उन्होंने महिलाओं से इस किताब को पढ़ने की अपील करते हुए कहा कि इससे उन्हें संघर्षों का सामना करने और जिम्मेदारियों को स्वीकार कर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी.

रांची से राहुल कुमार की रिपोर्ट