पूर्णिया : बड़ी खबर पूर्णिया से है जहां कृत्यानंद नगर पुलिस ने बिजली पोल के तार चोरी करने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 30 लाख रुपए मूल्य के बिजली तार के साथ अंतर्राष्ट्रीय चोर गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है.
मामले में सदर एसडीपीओ 2 डॉ. गौरव कुमार ने कहा कि 5 अक्टूबर को कृत्यानंद नगर थाना के गोकुलपुर में 8 किलोमीटर लंबा बिजली के पोल का अल्युमिनियम और तांबे का तार काट लिया गया था. एसएसपी के निर्देश पर सदर एसडीपीओ गौरव कुमार के नेतृत्व में टीम बनाकर जब इसकी जांच की गई तो नेपाल बॉर्डर के पास अररिया जिला के बथनाहा से एक गोदाम से 27 कुंतल एल्युमिनियम और तांबे का तार बरामद किया गया जिसका बाजार मूल्य करीब 30 लाख रुपए है. पुलिस द्वारा अंतरराज्य गिरोह के छह अपराधियों को गिरफ्तार किया गया. एक स्कॉर्पियो और एक पिकअप वाहन के साथ कटर मशीन, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और सात मोबाइल भी जब्त किए गए. उन्होंने कहा कि गिरफ्तार अपराधियों का नेपाल में अंतरराष्ट्रीय गिरोह से लिंक है. उन्होंने कहा कि यह अपराधी नेपाल सीमा के पास बथनाहा में अपना गोदाम बनाए हुए हैं. वहां से यह लोग चोरी के इस बिजली के तार को नेपाल ले जाकर बेचते हैं. इन लोगों ने कई जिले में बिजली पोल के तार को काटकर बेच दिया है. गिरफ्तार अपराधियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज को खंगाल जा रहा है.
पूर्णिया से जेपी मिश्रा की रिपोर्ट-
