पूर्णिया में दर्दनाक हादसा : मछली पकड़ने गए तीन सगे भाइयों की डूबने से मौत,एक साथ उठी अर्थी
बिहार के पूर्णिया जिले में रविवार सुबह दर्दनाक हादसे में तीन सहोदर भाइयों की डूबने से मौत हो गई। घटना कसबा प्रखंड की कुल्लाखास पंचायत के वार्ड नंबर सात स्थित आलम नगर में हुई। तीनों भाई घर के पास धार में जाल से मछली पकड़ने गए थे। हादसे की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, आलम नगर निवासी अलांगीर के चार बेटे घर के समीप गोदाम के पीछे मछली पकड़ने के लिए गए थे। इसी दौरान तीन भाई पानी में डूब गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली। आनन-फानन में तीनों को धार से बाहर निकालकर गांव लाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
एक ही परिवार के तीन भाइयों की मौत की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों के घर पर लोगों की भीड़ जुट गई। परिवार में एक साथ तीन मौतों से कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीण भी इस घटना से स्तब्ध हैं।
बताया जा रहा है कि तीनों भाई सामान्य रूप से मछली पकड़ने के लिए घर के पास ही गए थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उनका आखिरी सफर साबित होगा। घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
स्थानीय स्तर पर घटना की जानकारी संबंधित प्रशासन को भी दी गई है। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीण इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं।





