कुकड़ू के पारगामा गांव में हाथी का तांडव,खिड़की से कूदकर बच्चों ने बचाई जान;बेघर हुआ परिवार,वन विभाग के खिलाफ ग्रामीणों में आक्रोश
सरायकेला:सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल वन क्षेत्र में जंगली हाथियों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार देर रात कुकड़ू प्रखंड के पारगामा गांव में एक जंगली हाथी ने जीतू महतो के घर पर हमला कर दिया। हाथी घर में घुसकर पहले अनाज खा गया और फिर घर की दीवार तोड़ दी। इस दौरान घर में सो रहे दो बच्चों और उनकी मां ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद परिवार का आशियाना बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।
खिड़की से बाहर निकलकर बच्चों ने बचाई जान
घटना के समय जीतू महतो की पत्नी और उनके दो बच्चे घर के अंदर सो रहे थे। अचानक घर में हाथी के घुसने से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए दोनों बच्चों ने खिड़की के रास्ते बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचने की कोशिश की, जबकि उनकी मां घर के अंदर ही दुबककर बैठ गईं।
पीड़ित महिला के अनुसार, हाथी ने कई बार उन पर हमला करने की कोशिश की। इस दौरान उन्होंने घर में रखा अनाज हाथी की ओर फेंककर उसे शांत करने का प्रयास किया। इसी बीच हाथी ने जोरदार धक्का मारा, जिससे महिला खिड़की से बाहर गिर गईं। हालांकि, इस घटना में उनकी जान बच गई। गनीमत रही कि घर की टूटी हुई दीवार परिवार के सदस्यों की ओर नहीं गिरी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
घर टूटने से परिवार के सामने रोजी-रोटी और रहने का संकट
हाथी के हमले में घर की दीवार क्षतिग्रस्त होने के बाद जीतू महतो का परिवार बेघर होने की स्थिति में पहुंच गया है। परिवार के सामने अब रहने और भोजन की व्यवस्था करने की चुनौती खड़ी हो गई है। घटना के बाद पीड़ित परिवार के बच्चे अपनी मां के साथ आंगन में रोते-बिलखते नजर आए। ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से पीड़ित परिवार को तत्काल राहत सामग्री, खाद्यान्न और सुरक्षित आवास उपलब्ध कराने की मांग की है।
आठ वर्षों से हाथियों के गांवों में पहुंचने का आरोप
ग्रामीणों का कहना है कि दलमा वन्यजीव अभयारण्य क्षेत्र से हाथियों का झुंड पिछले करीब आठ वर्षों से पलायन कर ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के चारों प्रखंडों के अलग-अलग जंगलों में डेरा जमाए हुए है। ग्रामीणों के मुताबिक, जंगल में पर्याप्त भोजन और पानी नहीं मिलने के कारण हाथियों का झुंड शाम होते ही भोजन-पानी की तलाश में गांवों की ओर रुख करता है और घरों तथा फसलों को नुकसान पहुंचाता है। एक ओर ग्रामीण दीपावली, बंदना और सोहराय पर्व की तैयारियों में जुटे हैं, वहीं दूसरी ओर हाथियों के लगातार गांवों में प्रवेश करने से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
वन विभाग की कार्यशैली पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल
घटना के बाद वन विभाग के प्रति ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों का आरोप है कि हाथियों को भगाने के लिए सरायकेला-खरसावां के डीएफओ सवा आलम अंसारी से कई बार गुहार लगाई गई। दलमा वाइल्ड लाइफ सेंचुरी प्रबंधन को भी हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने के लिए कहा गया, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि चांडिल वन क्षेत्र पदाधिकारी और वनरक्षी सागर को घटना की सूचना देने के बावजूद वे मौके पर नहीं पहुंचे। इससे ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ गई है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए और गांवों में हाथियों के प्रवेश की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हो। साथ ही पीड़ित परिवार को तत्काल मुआवजा, खाद्यान्न और रहने की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए, ताकि परिवार को इस मुश्किल घड़ी में राहत मिल सके। लगातार बढ़ रही हाथी-मानव संघर्ष की घटनाओं ने एक बार फिर वन विभाग की निगरानी व्यवस्था और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सरायकेला से विजय की रिपोर्ट

