

रविवार, 01 नवंबर 2026
Live
नोवागढ़ी मोहल्ले में विष्णुपद पुलिस की कार्रवाई,शराब कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी पुलिसगयाजी: बिहार के गयाजी में शराबबंदी कानून के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। विष्णुपद थाना क्षेत्र के नोवागढ़ी मोहल्ले में एक घर पर छापेमारी के दौरान पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर छिपाकर रखी गई शराब जब्त की। इस कार्रवाई में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।ट्रंक,बर्तनों और फ्रिज में छिपाकर रखी गई थी शराबजानकारी के अनुसार, पुलिस को नोवागढ़ी मोहल्ले के एक घर में विदेशी शराब छिपाकर रखे जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान शराब को एक ही कमरे में अलग-अलग जगहों पर छिपाकर रखा हुआ पाया गया। कुछ शराब ट्रंक के अंदर रखी गई थी, जबकि कुछ बर्तनों और अन्य घरेलू सामानों के बीच छिपाई गई थी। इसके अलावा फ्रिज से भी शराब बरामद हुई। पुलिस ने सभी जगहों से शराब जब्त कर ली।एक आरोपी गिरफ्तार,अन्य की तलाश जारीकार्रवाई के दौरान मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। मौके पर पहुंचे मजिस्ट्रेट आनंद ने बताया कि इस मामले में एक व्यक्ति की गिरफ्तारी हुई है। वहीं,अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। मामले में शामिल पाए जाने वाले अन्य लोगों के खिलाफ भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।शराब की मात्रा और कीमत का आकलन जारीफिलहाल पुलिस बरामद विदेशी शराब की कुल मात्रा और बाजार मूल्य का आकलन कर रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि शराब कहां से लाई गई थी और इस अवैध कारोबार में कौन-कौन लोग शामिल हैं।विष्णुपद थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। अब जांच के बाद ही शराब के इस अवैध कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकेगा।गयाजी से प्रदीप कुमार सिंह की रिपोर्ट
विदेशी पर्यटकों से जबरन भीख मांगने और उन्हें परेशान करने का उठा मुद्दा,केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने ट्रैफिक,अतिक्रमण और सुरक्षा व्यवस्था पर जताई चिंताबोधगया: विश्व प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल बोधगया में पर्यटन सीजन शुरू होते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की सुविधाओं, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए शनिवार को बीटीएमसी सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में गया के सांसद सह केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने पर्यटकों को हो रही विभिन्न परेशानियों का मुद्दा उठाया।फर्जी बौद्ध भिक्षुओं पर कार्रवाई की मांगबैठक में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने महाबोधि मंदिर परिसर में बौद्ध भिक्षुओं का वेश धारण कर घूमने वाले कुछ असामाजिक तत्वों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग विदेशी पर्यटकों से जबरन भीख मांगते हैं और उन्हें परेशान करते हैं। उन्होंने प्रशासन से ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। उनका कहना था कि इस तरह की गतिविधियों से वास्तविक बौद्ध भिक्षुओं की गरिमा और बोधगया की अंतरराष्ट्रीय छवि प्रभावित होती है।ट्रैफिक और अतिक्रमण की समस्या पर भी जताई नाराजगीकेंद्रीय मंत्री ने बोधगया में लगातार बढ़ रही ट्रैफिक समस्या और अतिक्रमण को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बोधगया बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश के पर्यटन और अर्थव्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण स्थान रखता है। यहां हर साल बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक और बौद्ध श्रद्धालु पहुंचते हैं। पर्यटन से हजारों लोगों का व्यवसाय और रोजगार जुड़ा हुआ है। ऐसे में पर्यटकों को सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस की कार्यशैली में सुधार लाने तथा यातायात व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देशबैठक में पर्यटकों की समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर चर्चा हुई। अवैध रूप से बौद्ध भिक्षु का वेश धारण कर पर्यटकों को परेशान करने वाले लोगों को चिह्नित करने, ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और अतिक्रमण पर नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाने पर विचार किया गया।बैठक में कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूदइस महत्वपूर्ण बैठक में सांसद सह केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, एडीएम सह बीटीएमसी सचिव परितोष कुमार, एसडीएम अनिल कुमार रमण, सिटी एसपी अभिनव, डीटीओ राजेश कुमार, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राजीव कुमार गुप्ता, नगर परिषद अध्यक्ष ललिता देवी, बोधगया मठ के स्वामी विवेकानंद गिरि और बोधगया एसडीपीओ सुनील कुमार पांडेय मौजूद रहे। इसके अलावा बोधगया होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं महासचिव जय सिंह, ट्रैवल्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप कुमार, विभिन्न जनप्रतिनिधि और बोधगया थाना प्रभारी भी बैठक में शामिल हुए।अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल की छवि बनाए रखना प्रशासन की चुनौतीपर्यटन सीजन के दौरान बोधगया में विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए प्रशासन के सामने सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई और अतिक्रमण जैसी चुनौतियां हैं। अब देखना होगा कि बैठक में उठाए गए मुद्दों पर प्रशासन कितनी तेजी से कार्रवाई करता है और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को कितना बेहतर माहौल उपलब्ध करा पाता है।बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट
गयाजी : पश्चिमी चंपारण के सांसद एवं भाजपा के मुख्य सचेतक डॉ. संजय जायसवाल ने शहर के सर्किट हाउस में शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा है. प्रेस कॉन्फ्रेंस का मुख्य विषय ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’रहा. इस दौरान उन्होंने विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे ‘वोट चोरी’ और ‘रेजीम चेंज’ के मुद्दों को पूरी तरह भ्रामक और फर्जी नैरेटिव करार दिया.संजय जायसवाल ने कहा कि भारत एक मजबूत लोकतांत्रिक देश है, जहां सरकार बनाने और बदलने का अधिकार पूरी तरह जनता के हाथों में है. जनता अपने मताधिकार से प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक और पंचायत प्रतिनिधियों तक का चुनाव करती है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लगातार जनता का समर्थन और विश्वास मिल रहा है.उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान देश ने आर्थिक और विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है. उनके अनुसार केंद्र सरकार की नीतियों के कारण देश के करीब 50 करोड़ लोग अत्यंत गरीबी से बाहर आए हैं.विपक्ष की ओर से एसआईआर और वोट चोरी को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर उन्होंने कहा कि बिहार में सबसे पहले एसआईआर की प्रक्रिया पूरी हुई. इस दौरान लोगों को अपनी आपत्तियां दर्ज कराने और जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने का पर्याप्त अवसर दिया गया. उन्होंने दावा किया कि गलत तरीके से मतदाताओं के नाम काटे जाने का कोई ठोस उदाहरण सामने नहीं आया है. उन्होंने कहा कि विपक्ष जनता के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहा है.विपक्ष की प्रस्तावित मॉक पार्लियामेंट पर सवाल उठाते हुए भाजपा नेता ने कहा कि जब संसद का सत्र चलता है और सांसदों को अपनी बात रखने का अवसर मिलता है, तो अलग से मॉक पार्लियामेंट आयोजित करने की आवश्यकता क्यों है? उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष संसद में चर्चा करने और सरकार का जवाब सुनने से बचता है.संजय जायसवाल ने बताया कि भाजपा की ओर से 5 नवंबर को गया में पदयात्रा निकाली जाएगी. इसमें बिहार के नेता विजय कुमार सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. उन्होंने कहा कि इस पदयात्रा के माध्यम से लोगों को लोकतंत्र, राष्ट्रीय एकता और देश के विकास के प्रति जागरूक किया जाएगा. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ विदेशी ताकतें भी भारत की विकास यात्रा को बाधित करने की कोशिश कर रही है.राहुल गांधी की 1 नवंबर को प्रस्तावित रैली को लेकर भी उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि भाजपा अपने कार्यक्रम और राजनीतिक गतिविधियां स्वयं तय करती है. दिल्ली में भाजपा की पदयात्रा का उदाहरण देते हुए उन्होंने दावा किया कि बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी के बावजूद जनजीवन सामान्य रहा और दुकानें भी खुली रहीं.उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री की ओर से विपक्ष को विशेष संसद सत्र में चर्चा के लिए दिए गए प्रस्ताव का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है और उसे कुछ भी छिपाने की जरूरत नहीं है.राहुल गांधी की राजनीतिक गतिविधियों और बयानों पर तंज कसते हुए संजय जायसवाल ने उन्हें भाजपा का स्टार प्रचारक तक बता दिया. उन्होंने कहा कि भाजपा जब विपक्ष में थी, तब अटल बिहारी वाजपेयी और सुषमा स्वराज जैसे नेताओं ने सदन में रचनात्मक सुझाव दिए और संसदीय परंपराओं का पालन किया. उन्होंने विपक्ष को भी लोकतांत्रिक मर्यादाओं के तहत अपनी बात रखने की सलाह दी.वहीं, उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव योगी आदित्यनाथ या किसी अन्य चेहरे के नेतृत्व में लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि संबंधित नेता वहां के प्रभारी हैं और इस विषय पर गया में कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते.प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा नेता ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता के मताधिकार को सर्वोपरि बताया.गयाजी से प्रदीप कुमार सिंह की रिपोर्ट-
गया जी : गयाजी एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान एक यात्री के हैंडबैग से करीब 110 ग्राम वजन की संदिग्ध सुनहरी धातु मिलने से हड़कंप मच गया. बिस्कुट के आकार की इस धातु को लेकर यात्री वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका. मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईएसएफ ने आयकर विभाग को सूचना दी. इसके बाद कोलकाता एयरपोर्ट पर विमान के पहुंचते ही संबंधित यात्री को हिरासत में लेकर पूछताछ और जांच शुरू की गई.जानकारी के अनुसार,यात्री इंडिगो की घरेलू उड़ान से गया से कोलकाता जाने वाला था. विमान में सवार होने से पहले एयरपोर्ट के सिक्योरिटी होल्ड एरिया में उसके हैंडबैग की एक्स-रे स्क्रीनिंग की जा रही थी. इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवान की नजर बैग में रखी संदिग्ध वस्तु पर पड़ी. बैग को अलग कर जांच की गई तो उसमें बिस्कुट के आकार की सुनहरे रंग की धातु बरामद हुई.सीआईएसएफ ने गया से कोलकाता तक किया अलर्टसंदिग्ध धातु के संबंध में आवश्यक दस्तावेज नहीं मिलने पर सीआईएसएफ की क्राइम इंटेलिजेंस विंग ने मामले की सूचना गया और पटना के आयकर अधिकारियों को दी. साथ ही कोलकाता एयरपोर्ट पर तैनात सीआईएसएफ की टीम को भी अलर्ट कर दिया गया,ताकि विमान के पहुंचने के बाद यात्री के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सके.विमान के कोलकाता पहुंचने पर आयकर विभाग के अधिकारियों ने यात्री को हिरासत में लेकर जांच आगे बढ़ाई. अब बरामद धातु की वास्तविक पहचान,उसके स्रोत और उससे संबंधित दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है.फिलहाल 110 ग्राम की इस संदिग्ध सुनहरी धातु को सोना मानकर अंतिम पुष्टि नहीं की गई है. जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद धातु वास्तव में सोना है या कोई अन्य धातु तथा मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाएगी.बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट--
बोधगया: तीन महीने के पवित्र वर्षावास काल की समाप्ति के बाद सोमवार को विश्व प्रसिद्ध महाबोधि मंदिर परिसर में विश्व शांति प्रार्थना का आयोजन किया गया. पवित्र बोधिवृक्ष की छांव में आयोजित इस प्रार्थना में देश-विदेश से आए एक हजार से अधिक बौद्ध भिक्षुओं, लामाओं और श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया.इस दौरान महाबोधि मंदिर परिसर बुद्धम शरणं गच्छामि के भाव और शांति के संदेश से आध्यात्मिक वातावरण में सराबोर नजर आया. बौद्ध भिक्षुओं और श्रद्धालुओं ने विश्व में शांति, सद्भाव, करुणा और मानव कल्याण की कामना की.वर्षावास काल बौद्ध परंपरा में विशेष महत्व रखता है. इस अवधि में बौद्ध भिक्षु एक स्थान पर रहकर साधना, ध्यान और धर्म-अध्ययन करते हैं. वर्षावास की समाप्ति के बाद महाबोधि मंदिर में आयोजित इस सामूहिक प्रार्थना ने भगवान बुद्ध के शांति और अहिंसा के संदेश को एक बार फिर वैश्विक स्तर पर सामने रखा.विश्व धरोहर महाबोधि मंदिर और पवित्र बोधिवृक्ष के सान्निध्य में आयोजित इस प्रार्थना में विभिन्न देशों से आए बौद्ध अनुयायुओं की भागीदारी ने बोधगया की अंतरराष्ट्रीय आध्यात्मिक पहचान को भी दर्शाया.बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट
गयाजी : बिहार के अंतरराष्ट्रीय हवाई संपर्क और पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में सोमवार को एक नई शुरुआत हुई. गयाजी एयरपोर्ट से थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के लिए इंडिगो एयरलाइंस की नॉन-स्टॉप अंतरराष्ट्रीय उड़ान सेवा शुरू हो गई. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सीएम हाउस से ऑनलाइन माध्यम से इस विमान सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.इस सेवा की शुरुआत के साथ ही गयाजी एयरपोर्ट से पहली बार इंडिगो एयरलाइंस की अंतरराष्ट्रीय उड़ान शुरू हुई है. अब बैंकॉक जाने वाले यात्रियों को सीधी विमान सेवा का लाभ मिलेगा. खास बात यह है कि यह सेवा केवल पर्यटन सीजन तक सीमित नहीं रहेगी,बल्कि सालभर उपलब्ध रहेगी. इससे पहले गयाजी से बैंकॉक के लिए सीधी उड़ान मुख्य रूप से पर्यटन सीजन के दौरान पांच से छह महीने तक ही उपलब्ध रहती थी.सप्ताह में दो दिन मिलेगी उड़ान की सुविधाइंडिगो की यह नॉन-स्टॉप उड़ान सेवा सप्ताह में दो दिन,प्रत्येक सोमवार और गुरुवार को संचालित होगी. विमान में कुल 180 यात्रियों के बैठने की क्षमता है. पहले दिन की उड़ान के लिए 33 सीटों की बुकिंग हुई. वहीं,बैंकॉक से 56 यात्री गयाजी एयरपोर्ट पहुंचे.इस विमान सेवा के शुरू होने से बौद्ध धर्मावलंबियों,विदेशी पर्यटकों,कारोबारियों और थाईलैंड आने-जाने वाले अन्य यात्रियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है. बोधगया में हर साल बड़ी संख्या में थाईलैंड समेत विभिन्न देशों से बौद्ध श्रद्धालु पहुंचते हैं. ऐसे में सीधी उड़ान से अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सकता है.उद्घाटन के मौके पर कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूदउड़ान सेवा के शुभारंभ के अवसर पर गयाजी एयरपोर्ट परिसर स्थित मीटिंग हॉल में कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान गया के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर,एडीएम परितोष कुमार,विधायक मनोरमा देवी,विधायक दीपा कुमारी,इंडिगो एयरलाइंस के पायलट और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे.गयाजी से बैंकॉक के लिए सालभर सीधी उड़ान की शुरुआत को गया और बोधगया के पर्यटन,अंतरराष्ट्रीय संपर्क और यात्रियों की सुविधा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट
गयाजी: बिहार के पर्यटन और अंतरराष्ट्रीय हवाई कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने की दिशा में आज एक नई शुरुआत होने जा रही है.गयाजी एयरपोर्ट से26अक्टूबर से बैंकॉक के लिए इंडिगो एयरलाइंस की नॉन-स्टॉप सीधी उड़ान शुरू हो रही है.मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ऑनलाइन माध्यम से इस विमान सेवा का शुभारंभ करते हुए हरी झंडी दिखाएंगे.इस सीधी उड़ान से बिहार और थाईलैंड के बीच हवाई संपर्क बेहतर होगा.खासकर बोधगया आने वाले विदेशी बौद्ध श्रद्धालुओं और पर्यटकों को इससे सुविधा मिलने की उम्मीद है.भगवान बुद्ध की ज्ञानस्थली बोधगया दुनिया भर के बौद्ध अनुयायियों के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र है.ऐसे में बैंकॉक के लिए सीधी विमान सेवा शुरू होने से बिहार की बौद्ध संस्कृति और पर्यटन को बढ़ावा मिल सकता है.इंडिगो की यह विमान सेवा सप्ताह में दो दिन, सोमवार और गुरुवार को संचालित होगी.यात्रियों के लिए टिकटों की बुकिंग भी शुरू हो गई है.इससे यात्रियों को दूसरे शहरों में विमान बदलने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है.विमान सेवा के शुभारंभ को लेकर गया एयरपोर्ट पर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी रहेगी.इस दौरान जिलाधिकारी शशांक शुभंकर और एसएसपी सुशील कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहेंगे.गया से बैंकॉक के लिए सीधी उड़ान शुरू होना अंतरराष्ट्रीय पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण कदम है.इससे बोधगया आने वाले विदेशी पर्यटकों की यात्रा आसान होने के साथ-साथ गया एयरपोर्ट की अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है.बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट-
1500 वर्ष पुराने यछीजी बौद्ध मंदिर से आया प्रतिनिधिमंडल,भगवान बुद्ध के शांति,करुणा और अहिंसा के संदेश को जापान में करेगा प्रचारितबोधगया:विश्व शांति की कामना लेकर जापान के1500 वर्ष पुराने यछीजी बौद्ध मंदिर से50 प्रतिनिधियों का दल बिहार के बोधगया पहुंचा है। पूर्णिमा के पावन अवसर पर यह प्रतिनिधिमंडल सोमवार को महाबोधि मंदिर परिसर स्थित पवित्र बोधि वृक्ष के नीचे पूजा-अर्चना करेगा और विश्व शांति के लिए प्रार्थना करेगा।बुद्ध के संदेश को जापान तक पहुंचाने का संकल्पभगवान बुद्ध की ज्ञानस्थली बोधगया पहुंचे जापानी प्रतिनिधिमंडल का उद्देश्य बुद्ध के शांति, करुणा और अहिंसा के संदेश को जापान के लोगों तक पहुंचाना है। बोधि वृक्ष के नीचे पूजा-अर्चना और प्रार्थना के बाद प्रतिनिधिमंडल जापान लौटेगा। वहां सदस्यों द्वारा बोधगया की ऐतिहासिक,धार्मिक और आध्यात्मिक महत्ता के बारे में लोगों को जानकारी दी जाएगी।भारत-जापान के आध्यात्मिक संबंधों को मिलेगी मजबूतीजापान से आए इस प्रतिनिधिमंडल का बोधगया पहुंचना भारत और जापान के बीच बौद्ध धर्म से जुड़े सदियों पुराने सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भगवान बुद्ध की शिक्षाओं के माध्यम से विश्व में शांति,सद्भाव और मानवता का संदेश फैलाना इस यात्रा का प्रमुख उद्देश्य है।बोधगया में होने वाली इस विशेष पूजा-अर्चना के जरिए प्रतिनिधिमंडल विश्व में शांति और आपसी सद्भाव की कामना करेगा।बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट
अतरी के जेठियन गांव जाकर मृतक के परिजनों से मिलेंगे मंत्री, बोले- पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद दिलाने का करेंगे प्रयासगयाजी:लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के कोटे से मंत्री बने संजय सिंह रविवार को गया पहुंचे। यहां उन्होंने प्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर के गर्भगृह में पूजा-अर्चना कर भगवान विष्णु का आशीर्वाद लिया। इस दौरान लोजपा (रामविलास) के वरिष्ठ नेता अरविंद सिंह,जिलाध्यक्ष दिलीप सिंह,ठाकुर सुमन सिंह समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।गोलीकांड के पीड़ित परिवार से करेंगे मुलाकातविष्णुपद मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री संजय सिंह ने बताया कि वह अतरी विधानसभा क्षेत्र के जेठियन गांव जाएंगे। यहां गोली मारकर हत्या किए गए युवक के परिजनों से मुलाकात करेंगे और घटना की जानकारी लेंगे।उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ पीड़ित परिवार से मिलकर पूरे मामले को समझा जाएगा। इसके बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान को भी घटना से अवगत कराया जाएगा। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।अनंत सिंह के निष्कासन पर बोले- यह जदयू का आंतरिक मामलाजदयू से अनंत सिंह के निष्कासन को लेकर पूछे गए सवाल पर संजय सिंह ने कहा कि यह जदयू का आंतरिक मामला है। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल में अनुशासन का पालन जरूरी है। पार्टी के संविधान और अनुशासन के अनुरूप नहीं चलने वालों के खिलाफ संबंधित दल अपने नियमों के अनुसार कार्रवाई कर सकता है।मुआवजे पर पीड़ित परिवार से मिलने के बाद लेंगे निर्णयगोलीकांड में जान गंवाने वाले युवक के परिजनों को सरकारी मुआवजा दिए जाने के सवाल पर मंत्री ने कहा कि वह पहले परिवार से मिलकर घटना और उनकी परिस्थितियों की जानकारी लेंगे। इसके बाद पीड़ित परिवार की सहायता के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।गयाजी से प्रदीप कुमार सिंह की रिपोर्ट
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया औद्योगिक कार्यक्रम का उद्घाटन;डोभी में1,670एकड़ में इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग सिटी विकसित करने की योजना, ‘बिहार बिजनेस कनेक्ट2027’के जरिए निवेश आकर्षित करने पर जोरबोधगया: बिहार में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने की दिशा में राज्य सरकार ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में बोधगया में उद्योग विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में देश-विदेश के उद्योगपतियों और निवेशकों ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। सम्मेलन में बिहार में निवेश की संभावनाओं,औद्योगिक आधारभूत संरचना के विकास और उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।कार्यक्रम में जापान,थाईलैंड और लाओस के राजनयिक प्रतिनिधियों के साथ केंद्र और राज्य सरकार के कई मंत्री,जनप्रतिनिधि तथा उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधि भी शामिल हुए। सरकार का उद्देश्य बिहार को निवेश के नए केंद्र के रूप में विकसित करना और राज्य में औद्योगिक गतिविधियों को गति देना है।देश-विदेश के निवेशकों के सामने बिहार में निवेश की संभावनाएंबोधगया में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के उद्योगपतियों और निवेशकों ने भाग लिया। सम्मेलन के दौरान बिहार में उद्योग स्थापित करने की संभावनाओं,निवेश की प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं पर विचार-विमर्श किया गया।राज्य सरकार की ओर से निवेशकों को उद्योग स्थापना के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने और प्रक्रियाओं को सरल बनाने पर जोर दिया जा रहा है। माना जा रहा है कि निवेश बढ़ने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।डोभी में1,670एकड़ में विकसित होगी इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग सिटीगया जिले के डोभी प्रखंड में लगभग1,670एकड़ भूमि पर इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग सिटी विकसित करने की योजना औद्योगिक विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इस परियोजना का उद्देश्य उद्योगों को एक ही क्षेत्र में आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है।योजना के तहत औद्योगिक इकाइयों के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया शुरू होने से निवेशकों को उद्योग स्थापित करने में सुविधा मिलने की उम्मीद है। इससे गया और आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं।‘बिहार बिजनेस कनेक्ट2027’से निवेश आकर्षित करने की तैयारीकार्यक्रम में आगामी ‘बिहार बिजनेस कनेक्ट2027’के कर्टेन रेजर कार्यक्रम का भी शुभारंभ किए जाने की जानकारी दी गई। इस पहल के माध्यम से देश और विदेश के निवेशकों को बिहार में निवेश के अवसरों से परिचित कराने तथा बड़े औद्योगिक प्रस्तावों को आकर्षित करने की योजना है।बिजनेस कनेक्ट जैसे आयोजनों के जरिए सरकार उद्योग जगत और प्रशासन के बीच संवाद बढ़ाने,निवेश संबंधी समस्याओं को समझने और औद्योगिक परियोजनाओं को आगे बढ़ाने पर ध्यान दे रही है।स्थानीय उद्योगों को बाजार उपलब्ध कराने पर जोरराज्य सरकार की औद्योगिक नीति के तहत स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और बिहार में विनिर्माण गतिविधियों को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया जा रहा है। उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार,निर्धारित मानकों पर खरे उतरने वाले स्थानीय उद्योगों के उत्पादों का25प्रतिशत तक सरकारी खरीद में शामिल करने की घोषणा भी की गई थी।इस पहल का उद्देश्य स्थानीय उद्यमियों को बाजार उपलब्ध कराना,उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करना और राज्य में औद्योगिक विकास को मजबूत करना है। हालांकि,इस प्रावधान की पात्रता,लागू शर्तों और कार्यान्वयन की स्थिति की आधिकारिक पुष्टि आवश्यक है।बोधगया में आयोजित यह कार्यक्रम बिहार में निवेश की संभावनाओं को सामने लाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। अब इन पहलों की सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि निवेश प्रस्ताव कितनी तेजी से वास्तविक औद्योगिक परियोजनाओं में बदलते हैं और उनसे स्थानीय लोगों के लिए कितने रोजगार के अवसर पैदा होते हैं।गयाजी से मनोज सिंह की रिपोर्ट
गयाजी : बिहार में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में आज का दिन अहम माना जा रहा है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शनिवार को बोधगया पहुंचेंगे, जहां आईटीसी वेलकम होटल में उद्योग विभाग की ओर से देश के विभिन्न राज्यों से आए उद्योगपतियों और बिहार में निवेश करने वाले निवेशकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक होगी. इस बैठक में बिहार में औद्योगिक विकास, निवेश की संभावनाओं और रोजगार के नए अवसरों पर चर्चा होने की उम्मीद है.मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम को लेकर बोधगया में तैयारियां पूरी कर ली गई है. शुक्रवार को बैठक से पहले उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह की ओर से आईटीसी वेलकम होटल में उद्योगपतियों के लिए डिनर और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इसके जरिए निवेशकों के साथ संवाद और बिहार की सांस्कृतिक पहचान को सामने रखने की पहल की गई.आज होने वाली बैठक में प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा, विजय चौधरी, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी समेत कई मंत्री, सांसद, विधायक और विभिन्न देशों के राजदूत शामिल होंगे. ऐसे में इस बैठक को बिहार में निवेश की संभावनाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.डोभी में 1670 एकड़ के कॉरिडोर को लेकर अहम कार्यक्रमइस कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण डोभी में1670एकड़ में विकसित किए जाने वाले क्षेत्र से जुड़ी परियोजना है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी वेब पोर्टल के माध्यम से कोलकाता-अमृतसर कॉरिडोर से संबंधित परियोजना का शुभारंभ करेंगे. इस परियोजना से जुड़े औद्योगिक विकास और निवेश की संभावनाओं पर भी सबकी नजर रहेगी.हालांकि, उद्योग विभाग की ओर से बैठक में होने वाली घोषणाओं को लेकर अभी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है. विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आज का दिन बिहार के लिए महत्वपूर्ण है और मुख्यमंत्री की ओर से बड़ी घोषणा की जा सकती है. अब सबकी निगाहें मुख्यमंत्री के संबोधन और सरकार की ओर से सामने आने वाले फैसलों पर टिकी है.फरवरी 2027 में फिर बोधगया में जुटेंगे निवेशकबिहार में निवेश को लेकर फरवरी2027में बोधगया में बिहार बिजनेस कनेक्ट कार्यक्रम आयोजित करने की भी तैयारी है. इस प्रस्तावित आयोजन में देश-विदेश के उद्योगपतियों और निवेशकों के शामिल होने की उम्मीद है. आज की बैठक में आगामी बिजनेस कनेक्ट की तैयारियों और निवेश से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है.सुरक्षा के कड़े इंतजाम, हाई अलर्ट पर बोधगयामुख्यमंत्री और कई वीवीआईपी के आगमन को देखते हुए गया एयरपोर्ट से आईटीसी वेलकम होटल तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. प्रमुख मार्गों और कार्यक्रम स्थल के आसपास पुलिस बल की तैनाती की गई है. प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और बोधगया को हाई अलर्ट पर रखा गया है.अब देखना होगा कि उद्योगपतियों के साथ होने वाली इस बैठक से बिहार में निवेश को लेकर कौन-सी नई योजनाएं सामने आती हैं और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपने संबोधन में राज्य के औद्योगिक भविष्य को लेकर क्या घोषणा करते हैं.बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट--
गया जी: बिहार में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार को बोधगया के आईटीसी वेलकम होटल में उद्योग विभाग की ओर से एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा. कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे. इसमें बिहार के मंत्री,निवेशकों और कई देशों के राजदूतों के शामिल होने की संभावना है. मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी है.शुक्रवार को गया के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर और एसएसपी सुशील कुमार ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया. इस दौरान अधिकारियों ने आयोजन की तैयारियों,सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन का जायजा लिया. संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए.बिहार में बड़े औद्योगिक ऐलान की उम्मीदनिरीक्षण के बाद जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने बताया कि उद्योग विभाग की ओर से बिहार में निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए निवेशकों के साथ यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. इसमें मुख्यमंत्री और मंत्री शामिल होंगे. साथ ही कई देशों के राजदूतों की भी भागीदारी रहेगी.उन्होंने कहा कि बिहार में औद्योगिक विकास की अपार संभावनाएं हैं. डोभी क्षेत्र में अमृतसर-कोलकाता औद्योगिक कॉरिडोर की मौजूदगी को देखते हुए इस क्षेत्र में उद्योगों के विकास की संभावनाएं महत्वपूर्ण हैं. कार्यक्रम के दौरान बिहार में औद्योगिक निवेश और विकास को लेकर बड़ी घोषणा होने की उम्मीद है.एयरपोर्ट से होटल तक चाक-चौबंद रहेगी सुरक्षावहीं,एसएसपी सुशील कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री और अन्य वीवीआईपी के आगमन को लेकर बोधगया में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. गया एयरपोर्ट से आईटीसी वेलकम होटल तक पुलिस बल की तैनाती रहेगी. संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है,जबकि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं.उन्होंने कहा कि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन पर विशेष निगरानी रखी जाएगी,ताकि कार्यक्रम में शामिल होने वाले अतिथियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो.मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर बोधगया में प्रशासनिक गतिविधियां तेज है. अब सभी की नजरें उद्योग विभाग के इस कार्यक्रम पर टिकी हैं,जहां बिहार में निवेश और औद्योगिक विकास को लेकर महत्वपूर्ण घोषणाएं होने की उम्मीद है.बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट
गयाजी : बिहार के गयाजी में दरोगा के बेटे रानू सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. शुक्रवार देर रात करीब दो बजे मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भिक्षा गांव में पुलिस और हत्याकांड के आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई. इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो आरोपियों के पैर में गोली लगी. घायलों की पहचान श्याम बिहारी और गौरव उर्फ कला के रूप में हुई है. दोनों को इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है. गया के एसएसपी सुशील कुमार ने मुठभेड़ की पुष्टि की है.पुलिस के अनुसार, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी. इसी क्रम में भिक्षा गांव में पुलिस टीम आरोपियों को पकड़ने पहुंची थी. इसी दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की गई, जिसके बाद मुठभेड़ हुई. मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है.19 अक्टूबर की रात हुई थी वारदातदरअसल, 19अक्टूबर2026की रात गया के मानपुर स्थित सिद्धार्थपुरी कॉलोनी में अपराधियों ने दारोगा सुधांशु शेखर उर्फ पिंटू सिंह के दोनों बेटों पर गोलीबारी की थी. सुधांशु शेखर फिलहाल मोतिहारी में दरोगा के पद पर तैनात हैं. इस हमले में उनके30वर्षीय छोटे बेटे रानू सिंह की मौत हो गई थी, जबकि32वर्षीय बड़े बेटे मोनू सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे. बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना के अस्पताल में भर्ती कराया गया था.पुराने विवाद की आशंका, जांच जारीपरिजनों के मुताबिक, घटना से पहले दोनों भाइयों को फोन कर मौके पर बुलाया गया था. शुरुआती जांच में पुराने विवाद और जुआ खेलने को लेकर हुए विवाद की आशंका सामने आई थी. हालांकि, हत्या की वास्तविक वजह की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है.हत्याकांड के बाद गया पुलिस और एसटीएफ आरोपियों की तलाश में जुटी थी. पुलिस के मुताबिक, मामले में पहले भी दो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई थी. अब मुठभेड़ में दो अन्य आरोपियों के घायल होने के बाद पुलिस हत्या के पीछे की वजह, साजिश और अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच कर रही है.संजय कुमार की रिपोर्ट--
गया जी : बड़ी खबर बिहार के गयाजी से है जहां दुर्गा पूजा के दौरान जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नौरंगा आहार के पास सिद्धार्थपुरी मोहल्ले के निकट बदमाशों ने मोतिहारी में तैनात दरोगा सुधांशु शेखर उर्फ पिंटू सिंह के दोनों बेटों को गोली मार दी है. घटना में छोटे बेटे रानू सिंह (30) की मौत हो गई,जबकि बड़े बेटे मोनू सिंह (32) की हालत गंभीर बनी हुई है,जिसे इलाज के लिए मगध मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना से इलाके में सनसनी है.दुर्गा पूजा के दौरान गया जिले के मानपुर में गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के नौरंगा आहार के पास सिद्धार्थपुरी मोहल्ले के निकट बदमाशों ने मोतिहारी में तैनात दरोगा सुधांशु शेखर उर्फ पिंटू सिंह के दोनों बेटों को गोली मार दी. इस घटना में छोटे बेटे रानू सिंह (30) की मौत हो गई,जबकि बड़े बेटे मोनू सिंह (32) की हालत गंभीर बनी हुई है,जिसे इलाज के लिए मगध मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है.बताया जा रहा है कि दोनों भाई मूल रूप से गया जिले के अतरी थाना क्षेत्र के जेठियन गांव के रहने वाले हैं. उनका परिवार पिछले कुछ वर्षों से मानपुर के सिद्धार्थपुरी मोहल्ले में रह रहा है.परिजनों के मुताबिक मोहल्ले में कुछ दूर पर किसी से झगड़ा हुआ था और दोनों भाइयों को फोन करके बुलाया गया,जब वहां पर दोनों भाई पहुंचे तो अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी,जिससे फायरिंग में छोटे भाई रानू शेखर और बड़े भाई मोनू शेखर को गोली लग गई.स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि घटनास्थल के आसपास जुआ और शराब का अड्डा संचालित होता है. आशंका जताई जा रही है कि जुए को लेकर हुए विवाद में गोलीबारी की घटना हुई. हालांकि पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है. वहीं पुलिस फिलहाल कुछ भी बोलने से परहेज कर रही है. पुलिस ने घटनास्थल से कुछ खोखे बरामद किए हैं.फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. गोलीबारी में शामिल आरोपियों की पहचान और घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाया जा रहा है.गयाजी से प्रदीप कुमार सिंह की रिपोर्ट--
गयाजी : शारदीय नवरात्र के अवसर पर गया जिले के कुजापी गांव में इस बार श्रद्धालुओं को वृंदावन के प्रसिद्ध प्रेम मंदिर की झलक देखने को मिलेगी. करीब 70 वर्षों से चली आ रही पूजा परंपरा को आगे बढ़ाते हुए नवयुग कला परिषद प्रेम मंदिर की थीम पर भव्य पूजा पंडाल का निर्माण करा रही है. पंडाल को आकर्षक स्वरूप देने के लिए कारीगर दिन-रात जुटे हुए हैं. रंगीन रोशनी और कलात्मक सजावट इसकी भव्यता में चार चांद लगाएगी.महासप्तमी को पट खुलने के साथ ही पंडाल में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की उम्मीद है. कुजापी के अलावा पंचानपुर, कोच, मानपुर, पटवा टोली और शहर के विभिन्न मोहल्लों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचेंगे. श्रद्धालु मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के साथ पंडाल की भव्यता का आनंद ले सकेंगे.हर साल अलग थीम पर बनता है पंडालनवयुग कला परिषद की ओर से हर वर्ष पूजा पंडाल को विशेष स्वरूप दिया जाता है. पिछले दो वर्षों में वैष्णो देवी की थीम पर गुफा का निर्माण कराया गया था, जिसे देखने बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे. इस बार प्रेम मंदिर की थीम चुनी गई है.सामूहिक प्रयास से हो रही तैयारीपरिषद के अध्यक्ष राजेश कुशवाहा के नेतृत्व में आयोजन की तैयारियां चल रही हैं. रवि कुमार, पप्पू कुमार, राजेश कुमार, शुभम कुमार, मुकेश कुमार, प्रदीप कुमार और लड्डू केलवे समेत दर्जनों सदस्य व्यवस्था में जुटे हैं.गयाजी से प्रदीप कुमार सिंह की रिपोर्ट-
गया जी : बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार को गया पहुंचे. मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद उनके पहली बार गया आगमन पर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया. इस दौरान वे जदयू की ओर से आयोजित‘20साल बेमिसाल’ विकास प्रदर्शनी कार्यक्रम में शामिल हुए. दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया.प्रदर्शनी में पिछले20वर्षों के दौरान बिहार और गया जिले में हुए विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शित किया गया. इसमें गंगाजल आपूर्ति योजना, जीविका योजना, रबर डैम और विष्णुपद कॉरिडोर सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं को प्रमुखता से जगह दी गई. इस दौरान शॉर्ट टाइम में ही कार्यक्रम को खत्म करने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार निकल गए, जो काफी देर तक चर्चा का विषय बना रहा.वहीं बेलागंज विधायक मनोरमा देवी ने नीतीश कुमार को अभिभावक बताते हुए गया आगमन के लिए आभार जताया. उन्होंने मां दुर्गा और ईश्वर से उनके स्वस्थ रहने तथा निरंतर मार्गदर्शन देने की कामना की.वहीं, जदयू युवा के जिला अध्यक्ष सतीश पटेल ने कहा कि नीतीश कुमार के आगमन से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है. नवरात्र के पावन अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला.कार्यक्रम में पूर्व एमएलसी कुमुद वर्मा,अनुज सिंह, वरिष्ठ नेता चंदन सिंह, पूर्व विधायक कृष्णानंद यादव सहित जदयू के कई नेता, कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे.गयाजी से प्रदीप कुमार सिंह की रिपोर्ट
गया जी: जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्ती तेज कर दी है. इसी कड़ी में गुरुवार को बोधगया के जिन्दापुर टोल प्लाजा के पास जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) राजेश कुमार के नेतृत्व में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया. अभियान में ट्रैफिक पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने सड़क से गुजरने वाले विभिन्न वाहनों की जांच की.जांच के दौरान बस, ट्रक, ट्रैक्टर, ऑटो समेत कई तरह के व्यावसायिक और यात्री वाहनों के दस्तावेजों की पड़ताल की गई. इस दौरान वैध परमिट, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र और अन्य जरूरी कागजात की जांच की गई. जिन वाहनों में नियमों का उल्लंघन पाया गया, उनके चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया गया.अभियान के दौरान करीब10लाख रुपये का जुर्माना लगाए जाने का अनुमान है. इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति रही. मौके पर ट्रैफिक इंस्पेक्टर एमबीएसई समेत परिवहन विभाग और यातायात पुलिस के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे.डीटीओ राजेश कुमार ने स्पष्ट किया कि जिले में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए वाहन जांच अभियान लगातार जारी रहेगा. जिले के अलग-अलग स्थानों पर अचानक जांच की जा सकती है. उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज अपडेट रखें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि कार्रवाई से बचने के साथ सड़क सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सके.बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट
बोधगया: दशहरा और दीपावली के दौरान आगजनी की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए अग्निशमन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी है.पूजा पंडालों से लेकर होटलों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तक में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की जांच की जा रही है.विभाग की टीम अब तक22पूजा स्थलों का निरीक्षण कर चुकी है.इस दौरान पूजा समितियों को अग्नि सुरक्षा के सभी मानकों का पालन करने का निर्देश दिया गया है.अग्निशमन विभाग के अधिकारी विनोद कुमार सिंह ने बताया कि पूजा पंडालों में आग से बचाव के लिए विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है.पंडालों में बिजली के लिए अच्छी गुणवत्ता वाले तारों का इस्तेमाल करने और जरूरी सुरक्षा उपकरण रखने को कहा गया है.जनरेटर को पंडाल से कम से कम20फीट की दूरी पर रखने के साथ अग्निशमन यंत्र, पानी और बालू की व्यवस्था अनिवार्य रूप से रखने का निर्देश दिया गया है.बिजली के मुख्य कनेक्शन के पास सीओ₂अग्निशमन यंत्र रखने की भी सलाह दी गई है.210प्रतिष्ठानों का अग्नि सुरक्षा ऑडिटबोधगया में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए होटलों और अन्य प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया जा रहा है.अधिकारी के मुताबिक, अब तक करीब210प्रतिष्ठानों का अग्नि सुरक्षा ऑडिट पूरा कर प्रमाणपत्र जारी किया जा चुका है.शेष प्रतिष्ठानों में भी जांच और सुरक्षा मानकों के अनुपालन की प्रक्रिया जारी है.बिना लाइसेंस पटाखा बिक्री पर होगी कार्रवाईदीपावली को देखते हुए पटाखा दुकानों की भी जांच की जाएगी.विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना लाइसेंस पटाखों की बिक्री करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.पटाखा दुकानें भीड़भाड़ वाले इलाकों से दूर निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुसार लगानी होंगी.दुकानों में पानी, बालू और अग्निशमन यंत्र की व्यवस्था भी जरूरी होगी.आम लोगों से भी सतर्क रहने की अपीलअग्निशमन विभाग ने पूजा समितियों और आम लोगों से अपील की है कि पंडालों में दीपक और अगरबत्ती जलाते समय ज्वलनशील वस्तुओं से दूरी बनाए रखें.हवन निर्धारित सुरक्षित स्थान पर ही करें और बिजली के तारों तथा जनरेटर के आसपास विशेष सावधानी बरतें.पटाखे छोड़ते समय बच्चों को अकेला न छोड़ें.विभाग का कहना है कि त्योहारों के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है.ऐसे में आग से बचाव के इंतजामों के साथ आम लोगों की सतर्कता और पूजा समितियों की जिम्मेदारी भी बेहद महत्वपूर्ण है.बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट
गयाजी: बिहार के गयाजी एयरपोर्ट पर इंडिगो की फ्लाइट में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई,जब एक महिला यात्री ने मोबाइल छूट जाने के बाद विमान को रोकने की मांग शुरू कर दी. महिला के हंगामे और क्रू मेंबर के साथ कथित बदसलूकी के कारण दिल्ली से गया पहुंची फ्लाइट को कोलकाता के लिए रवाना होने से पहले वापस पार्किंग एरिया में लाना पड़ा.जानकारी के अनुसार,विमान की सीट नंबर 17Cपर बैठी महिला यात्री आशा राजेंद्र कृष्णमूर्ति का मोबाइल छूट गया था. मोबाइल को लेकर महिला ने विमान रोकने की मांग की. इस दौरान क्रू मेंबर के साथ बदसलूकी करने का आरोप भी लगा.मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला यात्री को विमान से उतारकरCISFके हवाले कर दिया गया. इसके बाद मगध मेडिकल थाना की पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है. वहीं,संबंधित एयरलाइंस की ओर से महिला के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट ---