विदेशी पर्यटकों से जबरन भीख मांगने और उन्हें परेशान करने का उठा मुद्दा,केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने ट्रैफिक,अतिक्रमण और सुरक्षा व्यवस्था पर जताई चिंता
बोधगया: विश्व प्रसिद्ध अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल बोधगया में पर्यटन सीजन शुरू होते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की सुविधाओं, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए शनिवार को बीटीएमसी सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में गया के सांसद सह केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने पर्यटकों को हो रही विभिन्न परेशानियों का मुद्दा उठाया।

फर्जी बौद्ध भिक्षुओं पर कार्रवाई की मांग
बैठक में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने महाबोधि मंदिर परिसर में बौद्ध भिक्षुओं का वेश धारण कर घूमने वाले कुछ असामाजिक तत्वों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग विदेशी पर्यटकों से जबरन भीख मांगते हैं और उन्हें परेशान करते हैं। उन्होंने प्रशासन से ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। उनका कहना था कि इस तरह की गतिविधियों से वास्तविक बौद्ध भिक्षुओं की गरिमा और बोधगया की अंतरराष्ट्रीय छवि प्रभावित होती है।

ट्रैफिक और अतिक्रमण की समस्या पर भी जताई नाराजगी
केंद्रीय मंत्री ने बोधगया में लगातार बढ़ रही ट्रैफिक समस्या और अतिक्रमण को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बोधगया बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश के पर्यटन और अर्थव्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण स्थान रखता है। यहां हर साल बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक और बौद्ध श्रद्धालु पहुंचते हैं। पर्यटन से हजारों लोगों का व्यवसाय और रोजगार जुड़ा हुआ है। ऐसे में पर्यटकों को सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस की कार्यशैली में सुधार लाने तथा यातायात व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश
बैठक में पर्यटकों की समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर चर्चा हुई। अवैध रूप से बौद्ध भिक्षु का वेश धारण कर पर्यटकों को परेशान करने वाले लोगों को चिह्नित करने, ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने और अतिक्रमण पर नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाने पर विचार किया गया।

बैठक में कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में सांसद सह केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, एडीएम सह बीटीएमसी सचिव परितोष कुमार, एसडीएम अनिल कुमार रमण, सिटी एसपी अभिनव, डीटीओ राजेश कुमार, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राजीव कुमार गुप्ता, नगर परिषद अध्यक्ष ललिता देवी, बोधगया मठ के स्वामी विवेकानंद गिरि और बोधगया एसडीपीओ सुनील कुमार पांडेय मौजूद रहे। इसके अलावा बोधगया होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं महासचिव जय सिंह, ट्रैवल्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संदीप कुमार, विभिन्न जनप्रतिनिधि और बोधगया थाना प्रभारी भी बैठक में शामिल हुए।

अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल की छवि बनाए रखना प्रशासन की चुनौती
पर्यटन सीजन के दौरान बोधगया में विदेशी पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए प्रशासन के सामने सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई और अतिक्रमण जैसी चुनौतियां हैं। अब देखना होगा कि बैठक में उठाए गए मुद्दों पर प्रशासन कितनी तेजी से कार्रवाई करता है और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को कितना बेहतर माहौल उपलब्ध करा पाता है।

बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट