गया जी : बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शनिवार को गया पहुंचे. मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद उनके पहली बार गया आगमन पर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया. इस दौरान वे जदयू की ओर से आयोजित‘20साल बेमिसाल’ विकास प्रदर्शनी कार्यक्रम में शामिल हुए. दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया.

गयाजी में ‘20 साल बेमिसाल’ प्रदर्शनी का उद्घाटन, नीतीश कुमार के आगमन पर जदयू कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह

प्रदर्शनी में पिछले20वर्षों के दौरान बिहार और गया जिले में हुए विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शित किया गया. इसमें गंगाजल आपूर्ति योजना, जीविका योजना, रबर डैम और विष्णुपद कॉरिडोर सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं को प्रमुखता से जगह दी गई. इस दौरान शॉर्ट टाइम में ही कार्यक्रम को खत्म करने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार निकल गए, जो काफी देर तक चर्चा का विषय बना रहा.

वहीं बेलागंज विधायक मनोरमा देवी ने नीतीश कुमार को अभिभावक बताते हुए गया आगमन के लिए आभार जताया. उन्होंने मां दुर्गा और ईश्वर से उनके स्वस्थ रहने तथा निरंतर मार्गदर्शन देने की कामना की.

वहीं, जदयू युवा के जिला अध्यक्ष सतीश पटेल ने कहा कि नीतीश कुमार के आगमन से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ है. नवरात्र के पावन अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला.

कार्यक्रम में पूर्व एमएलसी कुमुद वर्मा,अनुज सिंह, वरिष्ठ नेता चंदन सिंह, पूर्व विधायक कृष्णानंद यादव सहित जदयू के कई नेता, कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे.

गयाजी से प्रदीप कुमार सिंह की रिपोर्ट