गया जी: जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्ती तेज कर दी है. इसी कड़ी में गुरुवार को बोधगया के जिन्दापुर टोल प्लाजा के पास जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) राजेश कुमार के नेतृत्व में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया. अभियान में ट्रैफिक पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने सड़क से गुजरने वाले विभिन्न वाहनों की जांच की.
जांच के दौरान बस, ट्रक, ट्रैक्टर, ऑटो समेत कई तरह के व्यावसायिक और यात्री वाहनों के दस्तावेजों की पड़ताल की गई. इस दौरान वैध परमिट, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र और अन्य जरूरी कागजात की जांच की गई. जिन वाहनों में नियमों का उल्लंघन पाया गया, उनके चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जुर्माना लगाया गया.
अभियान के दौरान करीब10लाख रुपये का जुर्माना लगाए जाने का अनुमान है. इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति रही. मौके पर ट्रैफिक इंस्पेक्टर एमबीएसई समेत परिवहन विभाग और यातायात पुलिस के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे.
डीटीओ राजेश कुमार ने स्पष्ट किया कि जिले में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए वाहन जांच अभियान लगातार जारी रहेगा. जिले के अलग-अलग स्थानों पर अचानक जांच की जा सकती है. उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज अपडेट रखें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि कार्रवाई से बचने के साथ सड़क सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सके.
बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट
