गयाजी : बिहार में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में आज का दिन अहम माना जा रहा है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी शनिवार को बोधगया पहुंचेंगे, जहां आईटीसी वेलकम होटल में उद्योग विभाग की ओर से देश के विभिन्न राज्यों से आए उद्योगपतियों और बिहार में निवेश करने वाले निवेशकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक होगी. इस बैठक में बिहार में औद्योगिक विकास, निवेश की संभावनाओं और रोजगार के नए अवसरों पर चर्चा होने की उम्मीद है.
मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम को लेकर बोधगया में तैयारियां पूरी कर ली गई है. शुक्रवार को बैठक से पहले उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह की ओर से आईटीसी वेलकम होटल में उद्योगपतियों के लिए डिनर और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इसके जरिए निवेशकों के साथ संवाद और बिहार की सांस्कृतिक पहचान को सामने रखने की पहल की गई.
आज होने वाली बैठक में प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा, विजय चौधरी, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी समेत कई मंत्री, सांसद, विधायक और विभिन्न देशों के राजदूत शामिल होंगे. ऐसे में इस बैठक को बिहार में निवेश की संभावनाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
डोभी में 1670 एकड़ के कॉरिडोर को लेकर अहम कार्यक्रम
इस कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण डोभी में1670एकड़ में विकसित किए जाने वाले क्षेत्र से जुड़ी परियोजना है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी वेब पोर्टल के माध्यम से कोलकाता-अमृतसर कॉरिडोर से संबंधित परियोजना का शुभारंभ करेंगे. इस परियोजना से जुड़े औद्योगिक विकास और निवेश की संभावनाओं पर भी सबकी नजर रहेगी.
हालांकि, उद्योग विभाग की ओर से बैठक में होने वाली घोषणाओं को लेकर अभी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है. विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आज का दिन बिहार के लिए महत्वपूर्ण है और मुख्यमंत्री की ओर से बड़ी घोषणा की जा सकती है. अब सबकी निगाहें मुख्यमंत्री के संबोधन और सरकार की ओर से सामने आने वाले फैसलों पर टिकी है.
फरवरी 2027 में फिर बोधगया में जुटेंगे निवेशक
बिहार में निवेश को लेकर फरवरी2027में बोधगया में बिहार बिजनेस कनेक्ट कार्यक्रम आयोजित करने की भी तैयारी है. इस प्रस्तावित आयोजन में देश-विदेश के उद्योगपतियों और निवेशकों के शामिल होने की उम्मीद है. आज की बैठक में आगामी बिजनेस कनेक्ट की तैयारियों और निवेश से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है.
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, हाई अलर्ट पर बोधगया
मुख्यमंत्री और कई वीवीआईपी के आगमन को देखते हुए गया एयरपोर्ट से आईटीसी वेलकम होटल तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. प्रमुख मार्गों और कार्यक्रम स्थल के आसपास पुलिस बल की तैनाती की गई है. प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और बोधगया को हाई अलर्ट पर रखा गया है.
अब देखना होगा कि उद्योगपतियों के साथ होने वाली इस बैठक से बिहार में निवेश को लेकर कौन-सी नई योजनाएं सामने आती हैं और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपने संबोधन में राज्य के औद्योगिक भविष्य को लेकर क्या घोषणा करते हैं.
बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट--
