नीतीश कुमार के ‘न्याय के साथ विकास’ मॉडल को उत्तर प्रदेश में आगे बढ़ाने का संकल्प,कार्यकर्ता सम्मेलन में उमड़ी भीड़;कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ग्रहण की पार्टी की सदस्यता
वाराणसी: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर जनता दल (यूनाइटेड) ने अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में रविवार को वाराणसी के कोरौता स्थित रामलीला मैदान में जदयू का भव्य राज्यस्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश में पार्टी के विस्तार और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों का शंखनाद किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से चुनावी अभियान में जुटने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
सम्मेलन में जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, बिहार सरकार के मंत्री सह उत्तर प्रदेश प्रभारी श्रवण कुमार, मंत्री जमा खां, उत्तर प्रदेश जदयू के प्रदेश अध्यक्ष अनूप पटेल, सांसद कौशलेन्द्र कुमार, सुनील कुमार, विधायक संतोष निराला, अमरेन्द्र पाण्डेय, राहुल सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नीतीश कुमार की विचारधारा में आस्था जताते हुए जदयू की सदस्यता ग्रहण की।
यूपी में भी आगे बढ़ेगा ‘न्याय के साथ विकास’ का विजन-निशांत कुमार
सम्मेलन को संबोधित करते हुए निशांत कुमार ने कहा कि जदयू का लक्ष्य उत्तर प्रदेश में एक मजबूत संगठन खड़ा करना है, जो जनता की आवाज बने और उनके मुद्दों की लड़ाई लड़े। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और अभी से विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटने की अपील की।
उन्होंने कहा कि बिहार में पिछले दो दशकों के दौरान नीतीश कुमार के नेतृत्व में कानून-व्यवस्था, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। इन कार्यों और विकास के मॉडल को उत्तर प्रदेश के गांव-गांव तक पहुंचाने की जरूरत है।
निशांत कुमार ने कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि उत्तर प्रदेश में जदयू एनडीए के साथ मिलकर नीतीश कुमार के ‘न्याय के साथ विकास’ के विजन को धरातल पर उतारे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि वह लगातार जनता के बीच आते रहेंगे और पार्टी कार्यकर्ताओं से नियमित संवाद बनाए रखेंगे।
निशांत के नेतृत्व में अगले 50साल तक मजबूत रहेगी जदयू-संजय झा
जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है। नीतीश कुमार ने बिहार में सुशासन और विकास का जो मॉडल स्थापित किया है, उसे उत्तर प्रदेश के प्रत्येक मतदाता तक पहुंचाना पार्टी की प्राथमिकता है।
उन्होंने निशांत कुमार के राजनीति में सक्रिय होने को कार्यकर्ताओं के लिए नई ऊर्जा का स्रोत बताया। संजय झा ने कहा कि नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद पार्टी और बिहार के राजनीतिक माहौल में एक स्वाभाविक खालीपन महसूस हुआ था, लेकिन निशांत कुमार के राजनीति में आने से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा हुआ है।
उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि निशांत कुमार के नेतृत्व में अगले 50 साल तक कोई जदयू का बाल बांका नहीं कर सकता। उन्होंने निशांत कुमार के स्वास्थ्य मंत्री के रूप में किए जा रहे कार्यों की भी सराहना की।
संजय झा ने नीतीश कुमार के शुरुआती कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि जब उन्होंने बिहार की बागडोर संभाली थी, तब राज्य की स्थिति काफी खराब थी। लेकिन उनके नेतृत्व में विकास और सुशासन के क्षेत्र में व्यापक बदलाव हुए हैं।
निशांत को मिल रहा अपार स्नेह,यूपी में बढ़ेगा पार्टी का जनाधार-श्रवण कुमार
बिहार सरकार के मंत्री एवं जदयू के उत्तर प्रदेश प्रभारी श्रवण कुमार ने कहा कि उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ताओं की ओर से निशांत कुमार को जो स्नेह, समर्थन और आशीर्वाद मिल रहा है, उससे प्रदेश में पार्टी का जनाधार निश्चित रूप से बढ़ाने के प्रयासों को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार में बिना किसी भेदभाव के समाज के सभी वर्गों के उत्थान के लिए काम किया है। उनके दूरदर्शी नेतृत्व में बिहार ने विकास की नई दिशा हासिल की है। अब इसी सुशासन और विकास के मॉडल को उत्तर प्रदेश में भी आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
नीतीश कुमार ने अल्पसंख्यकों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा-जमा खां
बिहार सरकार के मंत्री जमा खां ने अपने संबोधन में अल्पसंख्यक समाज के विकास को लेकर नीतीश कुमार के कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने वर्ष 2005 में बिहार की सत्ता संभालने के बाद अल्पसंख्यक समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए।
उन्होंने बताया कि राज्य में करीब 9 हजार कब्रिस्तानों की घेराबंदी कराई गई, मदरसा शिक्षकों के वेतन में वृद्धि की गई और अल्पसंख्यक समुदाय के विद्यार्थियों के लिए आवासीय विद्यालय स्थापित किए गए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं से हुआ निशांत का स्वागत
सम्मेलन में निशांत कुमार की मौजूदगी को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया और फूल-मालाओं से अभिनंदन किया। निशांत कुमार ने भी सभी का अभिवादन स्वीकार करते हुए मिले स्नेह और समर्थन के लिए आभार जताया।
सम्मेलन के समापन पर नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर उत्तर प्रदेश में जदयू का संगठनात्मक आधार मजबूत करने तथा 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का संकल्प लिया। वाराणसी का यह सम्मेलन जदयू के उत्तर प्रदेश में संगठन विस्तार और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब पार्टी की चुनौती सम्मेलन में जुटे उत्साह को बूथ स्तर पर संगठनात्मक मजबूती और जनसंपर्क में बदलने की होगी।
संजय कुमार की रिपोर्ट

