गयाजी : पश्चिमी चंपारण के सांसद एवं भाजपा के मुख्य सचेतक डॉ. संजय जायसवाल ने शहर के सर्किट हाउस में शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा है. प्रेस कॉन्फ्रेंस का मुख्य विषय ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’रहा. इस दौरान उन्होंने विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे ‘वोट चोरी’ और ‘रेजीम चेंज’ के मुद्दों को पूरी तरह भ्रामक और फर्जी नैरेटिव करार दिया.
संजय जायसवाल ने कहा कि भारत एक मजबूत लोकतांत्रिक देश है, जहां सरकार बनाने और बदलने का अधिकार पूरी तरह जनता के हाथों में है. जनता अपने मताधिकार से प्रधानमंत्री से लेकर मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक और पंचायत प्रतिनिधियों तक का चुनाव करती है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लगातार जनता का समर्थन और विश्वास मिल रहा है.
उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों के दौरान देश ने आर्थिक और विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है. उनके अनुसार केंद्र सरकार की नीतियों के कारण देश के करीब 50 करोड़ लोग अत्यंत गरीबी से बाहर आए हैं.
विपक्ष की ओर से एसआईआर और वोट चोरी को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर उन्होंने कहा कि बिहार में सबसे पहले एसआईआर की प्रक्रिया पूरी हुई. इस दौरान लोगों को अपनी आपत्तियां दर्ज कराने और जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत करने का पर्याप्त अवसर दिया गया. उन्होंने दावा किया कि गलत तरीके से मतदाताओं के नाम काटे जाने का कोई ठोस उदाहरण सामने नहीं आया है. उन्होंने कहा कि विपक्ष जनता के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहा है.
विपक्ष की प्रस्तावित मॉक पार्लियामेंट पर सवाल उठाते हुए भाजपा नेता ने कहा कि जब संसद का सत्र चलता है और सांसदों को अपनी बात रखने का अवसर मिलता है, तो अलग से मॉक पार्लियामेंट आयोजित करने की आवश्यकता क्यों है? उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष संसद में चर्चा करने और सरकार का जवाब सुनने से बचता है.
संजय जायसवाल ने बताया कि भाजपा की ओर से 5 नवंबर को गया में पदयात्रा निकाली जाएगी. इसमें बिहार के नेता विजय कुमार सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. उन्होंने कहा कि इस पदयात्रा के माध्यम से लोगों को लोकतंत्र, राष्ट्रीय एकता और देश के विकास के प्रति जागरूक किया जाएगा. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ विदेशी ताकतें भी भारत की विकास यात्रा को बाधित करने की कोशिश कर रही है.
राहुल गांधी की 1 नवंबर को प्रस्तावित रैली को लेकर भी उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि भाजपा अपने कार्यक्रम और राजनीतिक गतिविधियां स्वयं तय करती है. दिल्ली में भाजपा की पदयात्रा का उदाहरण देते हुए उन्होंने दावा किया कि बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी के बावजूद जनजीवन सामान्य रहा और दुकानें भी खुली रहीं.
उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री की ओर से विपक्ष को विशेष संसद सत्र में चर्चा के लिए दिए गए प्रस्ताव का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है और उसे कुछ भी छिपाने की जरूरत नहीं है.
राहुल गांधी की राजनीतिक गतिविधियों और बयानों पर तंज कसते हुए संजय जायसवाल ने उन्हें भाजपा का स्टार प्रचारक तक बता दिया. उन्होंने कहा कि भाजपा जब विपक्ष में थी, तब अटल बिहारी वाजपेयी और सुषमा स्वराज जैसे नेताओं ने सदन में रचनात्मक सुझाव दिए और संसदीय परंपराओं का पालन किया. उन्होंने विपक्ष को भी लोकतांत्रिक मर्यादाओं के तहत अपनी बात रखने की सलाह दी.
वहीं, उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव योगी आदित्यनाथ या किसी अन्य चेहरे के नेतृत्व में लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि संबंधित नेता वहां के प्रभारी हैं और इस विषय पर गया में कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते.
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा नेता ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता के मताधिकार को सर्वोपरि बताया.
गयाजी से प्रदीप कुमार सिंह की रिपोर्ट-
