
शनिवार, 19 सितंबर 2026
Liveलखीसराय : स्थानीय विधायक सह कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा गुरुवार को एक दिवसीय दौरे पर लखीसराय पहुँचे. उन्होंने बड़हिया प्रखंड के बाढ़ प्रभावित टाल क्षेत्र के पाली,एजनी, फदरपुर समेत कई गाँवों का दौरा कर बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की. इस दौरान बाढ़ पीड़ितों की समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया.इस मौके पर मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि सरकार बाढ़ जैसे आपदा से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है. बाढ़ पीड़ितों तक हर सुविधाएं पहुंचाई जा रही है. बाढ़ का पानी भी घट रहा है. बाढ़ के जल स्तर में कमी आने के बाद फसल क्षति का भी आकलन किया जाएगा और उन्हें फसल क्षति का भी मुआवजा दिया जाएगा.लखीसराय जिला से आत्मानंद सिंह की रिपोर्ट -
लखीसराय : केंद्रीय पशुपालन एवं मत्स्य संसाधन मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह एक दिवसीय दौरे पर लखीसराय पहुंचे. उन्होंने चानन प्रखंड के गोपालपुर गांव में करीब 110 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन सेक्स सॉर्टेड सीमेन प्लांट का निरीक्षण किया. करीब 80 एकड़ भूमि में बन रहे इस आधुनिक केंद्र को लेकर केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और गुणवत्ता के साथ समय पर काम पूरा करने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग के सचिव शिरसत कपिल, डीएम शैलेंद्र कुमार, सूर्यगढ़ा विधायक रामानंद मंडल समेत संबंधित विभाग के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.केंद्रीय मंत्री ने प्लांट के निर्माण की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए. बताया गया कि सेक्स सॉर्टेड सीमेन तकनीक के जरिए बेहतर नस्ल के पशुओं की संख्या बढ़ाने में मदद मिलेगी. इस तकनीक से करीब 90 प्रतिशत तक बछिया पैदा होने की संभावना रहती है. इससे भविष्य में दूध उत्पादन बढ़ाने और पशुपालकों की आमदनी में इजाफा होने की उम्मीद है. इस तकनीक के इस्तेमाल से नर पशुओं की संख्या को नियंत्रित करने में भी मदद मिलेगी, जिससे सड़कों पर लावारिस घूमने वाले पशुओं की समस्या कम हो सकती है.लखीसराय जिला से आत्मानंद सिंह की रिपोर्ट -
लखीसराय:सावन के तीसरी सोमवारी को हुए भगदड़ में सात महिला श्रद्धालुओं की मौत के बाद जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है. जिला पुलिस -प्रशासन का पूरा कुनबा अशोक धाम पहुंचकर अंतिम एवं चौथी सोमवारी की तैयारियों का जायजा लिया.साथ ही डीएम शैलेन्द्र कुमार,एसपी प्रेरणा कुमार समेत कई अधिकारी अशोक धाम स्टेशन स्थित घटनास्थल पर चल रहे तैयारियों को देखा और संबंधित अधिकारियों को कई निर्देश भी दिये,ताकि किसी भी तरह की फिर से अप्रिय घटना ना हो सके.डीएम शैलेन्द्र कुमार ने बताया कि इस बार अशोक धाम स्टेशन परिसर के मैदान में हीं जीक-जैक, मजबूत बारकेटिंग, पुलिसकर्मी एवं दंडाधिकारी की भी अतिरिक्त प्रतिनियुक्ति की गई है. सीसीटीवी कैमरा और मेडिकल टीम,कंट्रोल रूम की व्यवस्था की गई है. वहीं, एसपी प्रेरणा कुमार ने बताया कि चौथी सोमवारी पर सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम का दावा किया है,सभी जगहों महिला पुलिसकर्मी के साथ-साथ दंडाधिकारी की अतिरिक्त प्रतिनियुक्ति की गई है,ताकि कोई चूक नहीं हो सके.
लखीसराय : सावन की तीसरी सोमवारी पर अशोकधाम मंदिर में आस्था का सैलाब अचानक मातम में बदल गया. मंदिर के दक्षिणी द्वार से अशोकधाम स्टेशन मार्ग के बीच लोगों की भीड़ बेकाबू होने के बाद मची भगदड़ में 7 महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 24 श्रद्धालु घायल हो गए. घायलों में 19 का इलाज सदर अस्पताल और 5 का शहर के निजी अस्पतालों में चल रहा है. मृतकों में लखीसराय, मुंगेर और पटना जिले की महिलाएं शामिल हैं.पीड़ितों के अनुसार सुबह मंदिर गेट से लेकर अशोकधाम स्टेशन के आसपास तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी. इसी बीच सुबह5:42बजे अशोकधाम स्टेशन पर मोकामा-बैद्यनाथधाम मेला स्पेशल ट्रेन रुकी.ट्रेन से सैकड़ों श्रद्धालु उतरकर बोलबम का जयघोष करते हुए मंदिर की ओर बढ़ने लगे. पहले से मौजूद लोगों की भीड़ के साथ इनके जुड़ने पर दबाव काफी बढ़ गया. इसी दौरान एक जर्जर विद्युत पोल भीड़ के दबाव में गिर गया जिससे श्रद्धालुओं में करंट फैलने की अफवाह फैल गई और देखते ही देखते भगदड़ मच गई. भगदड़ में महिलाएं भीड़ के नीचे दब गईं. एक-एक कर 7 महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई. घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई. पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया. घायलों को एंबुलेंस एवं अन्य वाहनों से सदर अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में चिकित्सकों की टीम को अलर्ट कर घायलों का इलाज शुरू कराया गया. घटना की सूचना मिलते ही डीएम शैलेंद्र कुमार प्रशासनिक टीम के साथ पहले घटनास्थल और फिर सदर अस्पताल पहुंचे. उन्होंने अधिकारियों से घटना की जानकारी ली तथा घायलों के इलाज की स्थिति का जायजा लिया. मुंगेर के प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम सिंह मीणा और डीआइजी राकेश कुमार ने भी घटनास्थल एवं सदर अस्पताल पहुंचकर पूरी जानकारी ली.मृतकों की सूची1. मनमाला देवी (44), पति निरंजन कुमार, बड़हिया वार्ड12, लखीसराय2. रिंकू देवी (50), पति नीरज यादव, बऊटोला फरदा, मुंगेर3. हेमलता देवी (55), पति सुरेंद्र यादव, प्रतापपुर, हलसी, लखीसराय4. ललिता देवी (50), पति गोरेलाल यादव, प्रतापपुर, हलसी, लखीसराय5. सविता कुमारी (35), पति रणवीर यादव, प्रतापपुर, हलसी, लखीसराय6. सरोज देवी (65), पति जनार्दन सिंह, बकांवा भदौर, पटना7. सावित्री देवी (49), पति मोहन यादव, चननिया, लखीसरायलखीसराय जिला से आत्मानंद सिंह की रिपोर्ट
लखीसराय : बड़ी खबर लखीसराय से है जहां पुलिस ने अंतरजिला गांजा तस्कर गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है. पकड़े गए तस्करों के पास से 9 किलो गांजा, बाइक एवं 6 मोबाइल बरामद किया गया है.मामले में एसीडीपीओ शिवम कुमार ने बताया कि मेदनीचौकी थाना की पुलिस को मद्य निषेध एवं स्वापक नियंत्रण ब्यूरो पटना के द्वारा सूचना मिली कि कुछ लोगों के द्वारा मेदनीचौकी थाना क्षेत्र के हुसैना गांव में गांजा की खरीद बिक्री की जानी है. इसी सूचना पर मैदनीचौकी पुलिस ने हुसैना गांव में छापेमारी की. इस दौरान हुसैना गांव के पंचायत भवन के समीप दो गांजा तस्करों को पकड़ा गया. तलाशी लेने के क्रम में इनके पास से एक बैग से कुल 9 किलो गांजा बरामद हुआ. तीन बाइक सवार गांजा तस्कर पुलिस को देखकर भागने लगे. जिन्हें पुलिस बल के द्वारा पकड़ा गया. तीनों व्यक्ति गांजा लेने के लिए आए थे. गांजे की बड़ी खेप खगड़िया से लाई जा रही थी जो कि लखीसराय के विभिन्न जगहों पर भेजा जाता. फिलहाल पुलिस बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच कर रही है तथा इसमें शामिल अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही है. गिरफ्तार सभी गांजा तस्कर की पहचान खगड़िया जिला निवासी संटू पासवान,रोशन कुमार वही लखीसराय जिला निवासी संजय कुमार,गौतम कुमार, राहुल कुमार के रूप में की गई है.लखीसराय जिला से आत्मानंद सिंह की रिपोर्ट --
लखीसराय:नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत-संकल्प अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया. जिसमें बिहार सरकार के कृषि मंत्री विजय कुमार विशेष रूप से शामिल हुए. पॉलिटेक्निक कॉलेज स्थित सभागार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्‍यम से नशा मुक्त युवा-विकसित भारत संकल्प अभियान का लाइव प्रसारण किया गया. जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं आम लोग शामिल हुए. कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा, डीएम शैलेन्द्र कुमार ने किया.कार्यक्रम में नशे की लत के खिलाफ सौ सप्‍ताह तक चलने वाले इस अभियान में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया. माय भारत वॉलंटियर्स, यूथ क्लब, स्कूल, कॉलेज, विश्‍वविद्यालय, गैर-सरकारी संगठन, उद्योग संगठनों और आध्यात्मिक संगठन के प्रतिनिधि भी इस कार्यक्रम से में शामिल हुए.इस मौके पर मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि इस अभियान के अंतर्गत नशा-उन्‍मूलन के लिए जागरूकता गतिविधियां चलाई जाएगी. इनमें खेलकूद, वॉकथॉन, ध्यान सत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रम, जागरूकता अभियान,नुक्कड़ नाटक, चर्चा मंच,कला प्रतियोगिताएं और सामुदायिक कार्यक्रम शामिल होंगे. इसका उद्देश्‍य युवाओं को नशे की लत से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है.
लखीसराय: विशाल शिवलिंग को लेकर देश-दुनिया में ख्याति प्राप्त बिहार के बाबाधाम के रूप में चर्चित अशोक धाम में श्रावणी मेले का गुरूवार को शुभारंभ किया गया. सूबे के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने विधिवत रूप से उद्घाटन किया.इस मौके पर सूर्यगढ़ा विधायक रामानंद मंडल, डीएम शैलेन्द्र कुमार,एसपी प्रेरणा कुमार समेत अशोक धाम मंदिर ट्रस्ट के सचिव अमित कुमार, सदस्य डॉ.प्रवीण कुमार सिन्हा मौजूद रहे.उद्धघाटन के पूर्व कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने रूद्राभिषेक कर जिलेवासियों एवं प्रदेशवासियों के लिए कुशल कामना किया. इस मौके पर कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि इस पावन अवसर पर बिहारवासियों के सुख-समृद्धि की कामना करते हुए गौरवशाली एवं समृद्ध बिहार को लेकर भोलेनाथ से प्रार्थना किया. मंत्री ने कहा कि तमाम शिव भक्त सुखी निरोग रहकर बिहार के विकास एवं शांति के लिए अपना अमूल्य योगदान प्रदान करें.
लखीसराय:बड़ी खबर लखीसराय से आ रही है. आषाढ़ पूर्णिमा पर पूजा के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ऑटो पलटने से हादसा हो गया है. सिकंदरा के पास वाहन अनियंत्रित होकर पलट गयी. हादसे में 10 लोग घायल हो गए. हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को पहले सिकंदरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया.प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सभी को लखीसराय सदर अस्पताल रेफर किया गया.बताया जा रहा है कि मेदनी चौकी थाना क्षेत्र के हुसैना गांव के कई श्रद्धालु अशोकधाम मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद जमुई जिले के महादेव सिमरिया जा रहे थे. रास्ते में सिकंदरा के पास गड्ढे से बचने के प्रयास में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और टेंपू सड़क किनारे पलट गयी. घायलों में डोमन पासवान, अरविंद पासवान, विजय पासवान, शांति देवी, नागो डीलर, उषा देवी, लीला देवी, लक्ष्मी देवी, शांति देवी और उर्मिला देवी शामिल हैं। सभी मेदनी चौकी थाना क्षेत्र के हुसैना गांव के निवासी बताए गए हैं.
लखीसराय:बड़ी खबर लखीसराय से आ रही है,जहां नीट परीक्षा धांधली मामले में ईओयू ने कार्रवाई तेज कर दी है. बताया जाता है कि ईओयू की टीम लखीसराय पहुंची है और इस मामले में मंडल कारा लखीसराय में बंद साल्वर गैंग के सदस्य,सहयोगी और बायोमैट्रिक कर्मी को रिमांड पर लेनी की तैयारी में जुटी है.ईओयू सभी तीस आरोपी को सदर अस्पताल में मेडिकल चेकअप करवाकर आगे रिमांड की तैयारी में लग गई है. बता दें कि बीते 21 जून को नीट री- एग्जाम के दौरान लखीसराय पुलिस ने केंद्रीय विद्यालय परीक्षा केंद्र से 7, केआरके उच्च विद्यालय से एक और हसनपुर से एक डमी परीक्षार्थी,दो सहयोगी और 18 बायोमैट्रिक कर्मी को गिरफ्तार किया था. इस मामले में किऊल थाना में दो और केआरके मैदान में एक मामला दर्ज किया गया था जिसके बाद इस पूरे मामले को ईओयू में ट्रांसफर किया गया था. अब ईओयू की टीम कार्रवाई तेज कर दी है और आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी.लखीसराय जिला से आत्मानंद सिंह की रिपोर्ट --
लखीसराय:बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने प्रशांत किशोर के चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा कि लोकतंत्र में सभी को चुनाव लड़ने का अधिकार है. साथ ही उन्होंने दावा किया कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में एनडीए की जीत तय है.कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा भाजपा जिला प्रधान कार्यालय में भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं स्मरण पक्ष के अवसर पर कार्यकर्ता सम्मेलन में शिरकत करने पहुंचे. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया. सम्मेलन की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष ने की,जबकि मुख्य वक्ता के रूप में कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा और पूर्व मंत्री जनक राम मौजूद रहे. अपने संबोधन में दोनों नेताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्र निर्माण में योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्र की एकता,अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के लिए अपना जीवन समर्पित किया.विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन देशभक्ति,त्याग और सेवा का प्रेरणास्रोत है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया. कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने डॉ. मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी.लखीसराय जिला से आत्मानंद सिंह की रिपोर्ट-
लखीसराय: जिले में विश्व प्रसिद्ध अशोक धाम मंदिर में लगने वाले श्रावणी मेला की तैयारियां तेज हो गई हैं. मेले के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है. इसी कड़ी में डीएम और एसपी ने मंदिर परिसर में बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.अशोक धाम मंदिर परिसर में आगामी श्रावणी मेला को लेकर जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार और पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया. बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, यातायात, पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा, बैरिकेडिंग और पार्किंग जैसी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई. अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए ताकि लाखों श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े.बैठक के बाद डीएम और एसपी ने अशोक धाम रेलवे हॉल्ट, शिवगंगा और मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया. इस दौरान मंदिर ट्रस्ट के सदस्यों से आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई और संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया.
लखीसराय : बिहार के लखीसराय में विकास योजनाओं की प्रगति और क्रियान्वयन की समीक्षा को लेकर जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति यानी 20 सूत्री की अहम बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता ग्रामीण कार्य मंत्री सुनील कुमार ने की. कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री सह सांसद ललन सिंह, सूर्यगढ़ा विधायक रामानंद मंडल, राजद एमएलसी अजय कुमार सिंह समेत जिले के जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में आयोजित बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ. राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान के बाद डीएम शैलेंद्र कुमार ने जिले में चल रही विकास योजनाओं की प्रगति पर विस्तृत प्रस्तुति दी. शिक्षा, पेयजल, ग्रामीण विकास, सामाजिक सुरक्षा, कृषि और आवास योजनाओं की समीक्षा की गई. बैठक में मुख्यमंत्री पोशाक योजना, मध्याह्न भोजन, साइकिल योजना, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, छात्रवृत्ति समेत विभिन्न योजनाओं की स्थिति पर चर्चा हुई. वहीं हर घर नल-जल योजना, सात निश्चय योजना और पाइप जलापूर्ति कार्यों की प्रगति का भी जायजा लिया गया.कार्यक्रम में सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने पेयजल व्यवस्था को प्राथमिकता देने पर जोर दिया. उन्होंने नल-जल योजना और खराब चापाकलों की मरम्मत में तेजी लाने का निर्देश दिया. साथ ही योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर प्रगति रिपोर्ट साझा करने की सलाह दी. बैठक में मनरेगा,प्रधानमंत्री आवास योजना,सामाजिक सुरक्षा पेंशन,पंचायत सरकार भवन निर्माण,सोलर लाइट योजना और भूमि संबंधी मामलों की भी समीक्षा हुई. अधिकारियों को लंबित दाखिल-खारिज और म्यूटेशन मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.लखीसराय जिला से आत्मानंद सिंह की रिपोर्ट-
लखीसराय:जिले केनया बाजार स्थित किउल नदी किनारे तेज आंधी और मूसलाधार बारिश के बीच एक यज्ञ मंडप अचानक भर भराकर गिर पड़ा जिससे मंडप के नीचे दबने से 3 मवेशी की मौत हो गई जबकि वहां मौजूद कुछ लोग किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग गये. बताया जा रहा है कि वृंदावन निवासी बिहारी यादव अपने मवेशियों को नदी किनारे चरा रहे थे. मौसम खराब होने पर वे मवेशियों को लेकर पास के यज्ञ मंडप में पहुंच गए. लेकिन कुछ ही देर बाद तेज हवाओं का दबाव इतना बढ़ गया कि पूरा मंडप धराशायी हो गया. मंडप में मौजूद लोगों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचा ली,लेकिन तीन मवेशी मलबे के नीचे दब गए. हादसा इतना भयावह था कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. जेसीबी मशीन की मदद से मलबा हटाया गया और दबे हुए मवेशियों को बाहर निकाला गया. इस घटना के बाद पशुपालकों का रो-रो कर बुरा हाल है,जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है. हादसे की जानकारी मिलने पर सूर्यगढ़ा के पूर्व विधायक प्रह्लाद यादव भी घटना स्थल पर पहुंचे. उन्होंने पीड़ित पशुपालकों से मुलाकात की और प्रशासन से सरकारी सहायता दिलाने का भरोसा दिया. साथ ही मृत मवेशियों का पोस्टमार्टम कराकर उचित मुआवजा दिलाने की बात कही.लखीसराय जिला से आत्मानंद सिंह की रिपोर्ट---
लखीसराय : कृषि मंत्री सह स्थानीय विधायक विजय कुमार सिन्हा ने लखीसराय का लाइफ लाइन कहे जाने वाले बाईपास आरओबी में आई दरार को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने बताया कि सरकार इस मामले को पूरे गंभीरता से लिया है. दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.आपको बता दें कि आरओबी पुल का निर्माण छह साल पूर्व लगभग 146 करोड़ की लागत से हुआ था. हाल ही में पुलों के कई हिस्सों में दरार दिखाई देने के बाद इसके निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे. उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा सरकार की पहली प्राथमिकता है.मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि पुल की स्थिति को लेकर उन्होंने संबंधित मंत्री एवं विभाग के सचिव से जांच कराकर जल्द पुल की मरम्मती की मांग की है. तत्काल आम लोगों को होने वाले परेशानी को कम करने को लेकर जिला प्रशासन को वैकल्पिक व्यवस्था करने के लिए निर्देशित किया गया है. बता दें कि पटना आईआईटी की टीम के द्वारा बायपास पुल के जांच के दौरान स्पेम में कई जगह दरारें पाई गई थी. इसके बाद जिला प्रशासन ने पुल के दोनों साइड हाइट बेरिकेडिंग कर दिया था. जिसके बाद बड़ी वाहनों के परिचालन पर रोक लग गई. दो जून को पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज पाल ने भी बाईपास पुल का निरीक्षण कर जल्द मरमती का कार्य पूरा करने का दावा किया था. लेकिन बायपास पुल बंद रहने के कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई.लखीसराय जिला से आत्मानंद सिंह की रिपोर्ट
लखीसराय : बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा एक दिवसीय दौरे पर बुधवार को लखीसराय पहुंचे. इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केंद्र सरकार में 12 वर्ष पूरे होने तथा देश के सबसे लंबे समय तक लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के अवसर पर बड़हिया स्थित प्रसिद्ध जगदंबा मंदिर में पूजा-अर्चना की.मंत्री विजय सिन्हा ने प्रधानमंत्री मोदी के दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और उनके नेतृत्व में देश की निरंतर प्रगति के लिए प्रार्थना की. इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष रंजन भी मौजूद रहे. मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कृषि मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपलब्धियों की सराहना की. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की है तथा अनुच्छेद 370 की समाप्ति, डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से देश को नई दिशा मिली है.विजय कुमार सिन्हा ने प्रधानमंत्री मोदी को महामानव और अवतरित पुरुष बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर नई पहचान बना रहा है. इस मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में नारे लगाए तथा उनके दीर्घायु और सफल नेतृत्व की कामना की. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे. प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष रंजन ने भी पीएम की दीर्घायु की कामना करते हुए पीएम के 12 साल कार्यकाल नहीं बल्कि अनवरत जारी रहने की कामना की.लखीसराय जिला से आत्मानंद सिंह की रिपोर्ट -
पटना/लखीसराय: जिले के रामगढ़ चौक पीएचसी के औचक निरीक्षण के दौरान सामने आयी अव्यवस्था और समाचार पत्रों में“रामगढ चौक पीएचसी में ड्यूटी छोड़ आराम में दिखे चिकित्सक-एएनएम”शीर्षक से प्रकाशित खबर का संज्ञान लेते हुए जिला स्वास्थ्य समिति ने अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है. इस मामले में लखीसराय के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने संबंधित प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक को'कारण बताओ नोटिस'जारी कर दिया है.दरअसल, विगत 14 मई को लखीसराय जिला स्वाथ्य समिति के डीपीएम ने रामगढ़ चौक पीएचसी का औचक निरीक्षण किया था. इस औचक निरिक्षण के दौरान उन्होंने पीएचसी में कई तरह की अव्यवस्था पायी थी. निरीक्षण के दौरान पीएचसी से अधिकांश चिकित्सक ड्यूटी से गायब पाए गए थे जबकि कई कर्मचारी बिना ड्रेसकोड के ड्यूटी पर मौजूद थे. इतना ही नहीं, अस्पताल में मरीजों के बेड भी अव्यवस्थित पाए गए. मरीजों को दी जाने वाली दवाएं भी बारिश के पानी में भींगती पायी गई. साथ ही अस्पताल का फार्मासिस्ट-सह-भंडारपाल भी निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित पाया गया. निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर की सफाई व्यवस्था भी भी बेहद खराब स्थित में मिली. जिला कार्यक्रम प्रबंधक ने इस पीएचसी की निगरानी में कई तरह की गड़बड़ी की लिखित शिकायत लखीसराय के सिविल सर्जन से की है.
लखीसराय : केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ललन, बिहार के मंत्री लेसी सिंह, मंत्री श्रवण कुमार, सूर्यगढ़ा विधायक रामानंद मंडल एक दिवसीय दौरे पर शनिवार को जिले के पिपरिया प्रखंड स्थित मोहनपुर गांव पहुंचे. वहां उन्होंने मोहनपुर गांव में स्थित नवनिर्मित +2 उच्च विद्यालय भवन का फीता काटकर उद्घाटन किया. वहीं 30.74 करोड़ की लागत से पिपरिया प्रखंड सह अंचल कार्यालय भवन का भी नारियल फोड़कर और रिमोट से शिलान्यास किया. जो स्थानीय शिक्षा और प्रशासनिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है.केंद्रीय मंत्री के मोहनपुर गांव पहुंचते ही एनडीए कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने फूल-माला, गाजे-बाजे और हाथी-घोड़ा के साथ लोगों ने जमकर स्वागत किया. लोगों ने केंद्रीय मंत्री ललन सिंह,लेसी सिंह, श्रवण कुमार को बुके और माला पहनाकर स्वागत किया.कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने लालू परिवार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि2005के पहले बिहार देश के मानचित्र में नहीं था. बिहार में ना सडक,सिंचाई,बिजली और ना ही कानून था. बहन-बेटिया शाम में घर से बाहर नहीं निकलती थी. आरजेडी के लूच्चे -लफंगे घुमते थे सड़क पर जिससे बेटियां असुरक्षित महसूस करती थी. सिर्फ पारिवारवाद और अपराधियों का बोलबाला था. नीतीश कुमार जबसे मुख्यमंत्री बने तबसे बिहार बदल चुका है.वहीं भवन निर्माण मंत्री लेसी सिंह ने बताया कि भवन मंत्री बनने के बाद पहली बार इस विकास यात्रा में सरकारी योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करने के लिए पिपरिया पहुंची हूं. ये मेरा सौभाग्य है,आज पिपरिया प्रखंड की जो तस्वीर बदली है,इसमें ललन सिंह का देन है. पिपरिया प्रखंड वासियों का लंबे समय से प्रक्षलित मांग आज पूरा हुआ है,इसके लिए स्थानीय सांसद और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह को धन्यवाद देते हैं. इनके प्रयास से आज प्रखंड मुख्यालय और अंचल कार्यालय भवन का शिलान्यास हुआ है. वहीं मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि पहले लोगों को दियारा क्षेत्र में आने के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था. लेकिन आज पिपरिया प्रखंड में ऐतिहासिक काम हुआ है.2005के पहले जो सरकार थी उसमें ना बिजली,सड़क,सिंचाई,पेयजल की कोई व्यवस्था नहीं है. लेकिन नीतीश कुमार और ललन सिंह के नेतृत्व में पूरा बिहार बदल गया है.लखीसराय से आत्मानंद सिंह की रिपोर्ट
लखीसराय : बड़ी खबर लखीसराय से है जहां लोगों की भीड़ ने पुलिस के हाथों से गिरफ्तार आरोपी को छुड़ा लिया. पूरा मामला पिपरिया थाना क्षेत्र के पथुआ गांव का है.दरअसल पिपरिया थाना प्रभारी सौरभ कुमार ने गुप्त सूचना पर फरार चल रहे पथुआ गांव निवासी इंदल भगत को गिरफ्तार करने पहुंचे जहां ग्रामीणों की भीड़ ने थानाध्यक्ष से आरोपी इंदल भगत को छुड़ा लिया. इस दौरान थानाध्यक्ष के साथ दुर्व्यवहार भी किया गया. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में दिख रहा है कि ग्रामीणों की भीड़ ने थानाध्यक्ष के हाथों से गिरफ्तार इंदल भगत को छुड़ा रहा है. जबकि थानाध्यक्ष के हाथ में पिस्टल भी दिख रहा है. इसके बावजूद भीड़ के सामने थानाधिकारी की कुछ नहीं चली और ग्रामीण आरोपी इंदल भगत को छुड़ा लिया. थानाध्यक्ष सौरभ कुमार ने बताया इंदल भगत पर मारपीट सहित अन्य मामले दर्ज हैं जिसमें फरार चल रहा था. गुप्त सूचना पर उसे पथुआ गांव से गिरफ्तार किया लेकिन भीड़ ने छुड़ा लिया.लखीसराय जिला से आत्मानंद सिंह की रिपोर्ट --
लखीसराय:बिहार केडिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा. बिहार में एक बार फिर से जहरीली शराब से मौत मामले में तेजस्वी यादव के आरोप पर पलटवार किया है. विजय सिन्हा ने कहा कि तेजस्वी सिर्फ मीडिया में बयान देते हैं सत्ता और विपक्ष दोनों की भूमिका में रहने के बावजूद कभी भी पीड़ित परिवारों के आंसू पोंछने नहीं गए.वहीं, बंगाल की मुख्यमंत्री द्वारा उर्दू में मेनिफेस्टो जारी करने के सवाल पर कहा कि वह ममता बनर्जी बंगाल को बंगलादेश बनाना चाहती है. उन्होंने दावा किया है कि बंगाल में इस बार सत्ता का परिवर्तन होगा. उन्होंने कहा कि इस बार बंगाल में ममता सरकार राज का अंत होगा.