लखीसराय में 20 सूत्री की बैठक आयोजित : केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने नल-जल योजना और खराब चापाकलों की मरम्मत में तेजी लाने का दिया निर्देश
लखीसराय : बिहार के लखीसराय में विकास योजनाओं की प्रगति और क्रियान्वयन की समीक्षा को लेकर जिला कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति यानी 20 सूत्री की अहम बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता ग्रामीण कार्य मंत्री सुनील कुमार ने की. कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री सह सांसद ललन सिंह, सूर्यगढ़ा विधायक रामानंद मंडल, राजद एमएलसी अजय कुमार सिंह समेत जिले के जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.
समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में आयोजित बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ. राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान के बाद डीएम शैलेंद्र कुमार ने जिले में चल रही विकास योजनाओं की प्रगति पर विस्तृत प्रस्तुति दी. शिक्षा, पेयजल, ग्रामीण विकास, सामाजिक सुरक्षा, कृषि और आवास योजनाओं की समीक्षा की गई. बैठक में मुख्यमंत्री पोशाक योजना, मध्याह्न भोजन, साइकिल योजना, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, छात्रवृत्ति समेत विभिन्न योजनाओं की स्थिति पर चर्चा हुई. वहीं हर घर नल-जल योजना, सात निश्चय योजना और पाइप जलापूर्ति कार्यों की प्रगति का भी जायजा लिया गया.
कार्यक्रम में सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने पेयजल व्यवस्था को प्राथमिकता देने पर जोर दिया. उन्होंने नल-जल योजना और खराब चापाकलों की मरम्मत में तेजी लाने का निर्देश दिया. साथ ही योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाकर प्रगति रिपोर्ट साझा करने की सलाह दी. बैठक में मनरेगा,प्रधानमंत्री आवास योजना,सामाजिक सुरक्षा पेंशन,पंचायत सरकार भवन निर्माण,सोलर लाइट योजना और भूमि संबंधी मामलों की भी समीक्षा हुई. अधिकारियों को लंबित दाखिल-खारिज और म्यूटेशन मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
लखीसराय जिला से आत्मानंद सिंह की रिपोर्ट-





