पटना: बिहार में जेडीयू में अंदरूनी मतभेद की चर्चाओं के बीच पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने शनिवार को बड़ा बयान दिया. पटना एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने पार्टी में किसी भी स्तर पर मतभेद से इनकार किया. ललन सिंह ने कहा कि जेडीयू में सबकुछ ठीक है और पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र के साथ नेताओं के बीच बेहतर समन्वय है.

ललन सिंह ने शुक्रवार को पटना में आयोजित जेडीयू विधानमंडल दल के सदस्यों के ओरिएंटेशन कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए थे. उनकी अनुपस्थिति को लेकर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि वह पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत गुजरात में थे और उन्हें कार्यक्रम की जानकारी नहीं थी. उन्होंने कहा कि कुछ विधायकों ने फोन कर कार्यक्रम में नहीं आने का कारण पूछा था.

ललन सिंह के मुताबिक,शुक्रवार रात उनकी स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से भी बातचीत हुई. वहीं,पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार ने उन्हें बताया कि विधायकों के लिए आयोजित कार्यक्रम सामान्य प्रकृति का था.

विधान परिषद चुनाव को लेकर मोकामा विधायक अनंत सिंह के बयान पर भी ललन सिंह से सवाल किया गया. अनंत सिंह ने पटना स्नातक क्षेत्र से जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार को हराने की बात कही है. इस पर ललन सिंह ने सीधे टिप्पणी करने से इनकार करते हुए कहा कि इसका जवाब वही लोग देंगे,जिन्होंने यह बयान दिया है.

ललन सिंह ने यह भी कहा कि वह स्थापना काल से जेडीयू से जुड़े हैं और पार्टी पहले की तरह एकजुट है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-