कोडरमा जीआरपी ने बिहार के युवक को 40 लाख रुपये के साथ किया गिरफ्तार
कोडरमा : बड़ी खबर झारखंड के कोडरमा से है जहां कोडरमा जीआरपी ने बिहार के युवक को 40 लाख कैश के साथ पकड़ा है. गया-धनबाद रेलखंड के कोडरमा रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने बड़ी कार्रवाई की है. बैग में भारी भरकम कैश लेकर कोलकाता जा रहा था. तभी इस बात की गुप्त सूचना किसी ने जीआरपी को दे दी.कोडरमा जीआरपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्लेटफार्म नंबर 3 पर खड़े युवक को बैग के साथ गिरफ्तार कर लिया. युवक के पास से बरामद बैग से 40 लाख कैश बरामद हुआ है. गिरफ्तार युवक की पहचान जमुई के सिकंदरा निवासी सुनील वर्णवाल के 19 वर्षीय पुत्र अमित कुमार के रूप में हुई है.पूछताछ में युवक ने बताया कि सोने-चांदी के व्यापार के लिए गया-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस से कोलकाता लेकर जा रहा था. जीआरपी ने अमित कुमार से इस बड़ी रकम के संबंध में आवश्यक कागजात पेश करने को कहा. इस पर युवक ने कागजात प्रस्तुत करने के लिए एक दिन का समय मांगा.जब उसे फिर से कागजात लेकर जीआरपी पोस्ट आने को कहा गया,तब भी वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका. अब जब्त की गयी राशि और युवक को इनकम टैक्स विभाग के अधिकारियों को सौंपा जाएगा. आयकर विभाग के अधिकारी पूछताछ करेंगे कि इतनी बड़ी रकम वो कहां से ला रहे थे और इसे कहां ले जाया जा रहा था. कैश का स्त्रोत पता लगाया जाएगा. फिलहाल जीआरपी आगे की कार्रवाई में जुटी है.कोडरमा से महादेव की रिपोर्ट--
