लखीसरायः बिहार के लखीसराय में नगर थाना पुलिस,डीआईयू और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए टॉप-10अपराधियों की सूची में शामिल सिकंदर साह को गिरफ्तार किया है। लंबे समय से फरार चल रहे सिकंदर साह पर हत्या,हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत पांच गंभीर मामले नगर थाना में दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान धर्मरायचक मोहल्ला निवासी रामजी साह के पुत्र सिकंदर साह के रूप में हुई है। पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी।
महिला की गोली मारकर हत्या के मामले में भी है आरोप
एसडीपीओ शिवम कुमार के अनुसार, 18मई2024को धर्मरायचक मोहल्ले में आपसी विवाद के दौरान सिकंदर साह ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर वाषो देवी की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना में एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की भी जानकारी है।
पुलिस के अनुसार,सिकंदर साह के खिलाफ नगर थाना में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। हत्या और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर आरोपों के कारण वह पुलिस की तलाश में था।
गुप्त सूचना के आधार पर हुई गिरफ्तारी
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सिकंदर साह अपने सहयोगियों के साथ नगर थाना क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर नगर थानाध्यक्ष अशोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस,डीआईयू और एसटीएफ की टीम ने कार्रवाई की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
आपराधिक मामलों की जांच में जुटी पुलिस
सिकंदर साह की गिरफ्तारी को पुलिस की कार्रवाई में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस उससे जुड़े आपराधिक मामलों और उसके सहयोगियों के संबंध में आगे की जांच कर रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने की दिशा में आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।
लखीसराय से आत्मानंद सिंह की रिपोर्ट

