
घरों के दरवाजे और दीवारें क्षतिग्रस्त
नवादा:- रजौली क्षेत्र में एक हाथी के उत्पात से ग्रामीणों और नगर पंचायत के लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। बताया जा रहा है कि अपने झुंड से बिछड़ा एक हाथी रजौली के जंगलों से निकलकर शहरी क्षेत्र में पहुंच गया और कई जगहों पर तोड़फोड़ मचाई। हाथी ने कई घरों के दरवाजों और दीवारों को क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे लोगों में भय का माहौल बन गया है।स्थानीय लोगों के अनुसार, हाथी रात के समय अचानक बस्ती में पहुंच गया और इधर-उधर घूमते हुए कई घरों के दरवाजों को नुकसान पहुंचाया। इसके अलावा खेतों में लगी फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचाया गया है। हाथी के डर से ग्रामीण और नगर पंचायत के लोग पूरी रात जागते रहे और अपने घरों से बाहर निकलने से भी कतराते रहे। घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम भी सतर्क हो गई है और हाथी की गतिविधियों पर नजर रख रही है। वन विभाग के कर्मियों द्वारा लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो। दरअसल, विशेषज्ञों का कहना है कि जंगलों में लगातार हो रही कटाई और भोजन की कमी के कारण हाथी अक्सर रिहायशी इलाकों की ओर रुख कर रहे हैं। हाथियों को बरगद, पीपल और गन्ना जैसे पौधे अधिक पसंद होते हैं। इनकी कमी होने पर वे गांव और कस्बों में खाने की तलाश में पहुंच जाते हैं। वहीं अपने झुंड से अलग हुआ हाथी अक्सर ज्यादा आक्रामक और उत्पाती हो जाता है, जिससे आसपास के इलाकों में भय का माहौल बन जाता है।फिलहाल वन विभाग हाथी को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर वापस भेजने की कोशिश में जुटा हुआ है, जबकि स्थानीय लोग सतर्कता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।नवादा से दिनेश कुमार की रिपोर्ट
