
मंगलवार, 15 सितंबर 2026
Liveदरभंगा : इस वक्त की बड़ी खबर बिहार के दरभंगा से है जहां शराब कारोबारी को छुड़ाने के लिए पुलिस टीम पर हमला किया गया. वहीं कुछ बदमाशों ने पुलिस कर्मी से धक्का मुक्की किया है. रैयाम के बंसरा ठीकरा टोल में पुलिस की टीम द्वारा छापेमारी के दौरान यह घटना हुई है. इस दौरान 2 लीटर देसी शराब बरामद किया गया है. बदमाशों ने ट्रैक्टर-जेसीबी से पुलिस वाहन को घेर कर हमला किया. मामले में पुलिस ने शराब तस्कर महावीर सहनी समेत 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है.
दरभंगा : बड़ी खबर बिहार के दरभंगा से है जहां बहादुरपुर प्रखंड के BDO आनंद कुमार विभूति के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में आर्थिक अपराध इकाई यानी EOU ने बड़ी कार्रवाई की है. EOU की टीम ने BDO के पांच अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की है. बहादुरपुर प्रखंड के जनकपुरी मोहल्ला स्थित किराए के आवास और कार्यालय समेत अलग-अलग ठिकानों पर मंगलवार को EOU की टीम तलाशी ले रही है. आवास पर BDO आनंद कुमार विभूति मौजूद नहीं हैं. वहीं, उनकी पत्नी से EOU की टीम पूछताछ कर रही है.जानकारी के मुताबिक, मुजफ्फरपुर के BDO कार्यालय में भी EOU की टीम द्वारा छापेमारी की जा रही है. आनंद कुमार विभूति का कुछ महीने पहले ही मुजफ्फरपुर के कांटी से तबादला होकर बहादुरपुर प्रखंड में BDO के पद पर तैनाती हुई थी. निगरानी विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आनंद कुमार विभूति के खिलाफ उनकी ज्ञात आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का प्रथम दृष्टया साक्ष्य मिला है. जांच में 1 करोड़ 71 लाख 84 हजार रुपये से अधिक की संपत्ति ज्ञात आय से अधिक पाए जाने की बात कही गई है, जो उनकी ज्ञात आय से करीब 121.87 प्रतिशत अधिक बताई गई है.EOU की यह कार्रवाई विभागीय शिकायत के आधार पर आय से अधिक संपत्ति के मामले में की जा रही है. फिलहाल अलग-अलग ठिकानों पर तलाशी और पूछताछ जारी है. छापेमारी पूरी होने के बाद बरामदगी और अन्य संपत्तियों से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है.
दरभंगा : मुंबई से दरभंगा आने वाली SG-115 फ्लाइट में उड़ान भरने से ठीक पहले एक 80 वर्षीय बुजुर्ग महिला की अचानक तबीयत बिगड़ गई. महिला की शुगर लो होने की जानकारी सामने आने के बाद विमान के अंदर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल हो गया. घटना की सूचना मिलते ही मुंबई एयरपोर्ट पर डॉक्टरों की टीम को विमान के अंदर बुलाया गया.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विमान दरभंगा के लिए टेक ऑफ करने की तैयारी में था. इसी दौरान बुजुर्ग महिला की तबीयत अचानक खराब हो गई. महिला की हालत को देखते हुए विमान को रोक दिया गया और चिकित्सकों की टीम ने मौके पर पहुंचकर उनकी प्रारंभिक जांच की.जांच के बाद चिकित्सकों की सलाह पर महिला को विमान से उतार लिया गया, ताकि उनका समुचित उपचार और निगरानी की जा सके. इस दौरान विमान में सवार अन्य यात्रियों को करीब दो घंटे तक इंतजार करना पड़ा.बुजुर्ग महिला को मुंबई एयरपोर्ट पर उतारने और आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी करने के बाद SG-115 फ्लाइट ने दरभंगा के लिए उड़ान भरी और यात्रियों को लेकर दरभंगा पहुंची. घटना के कारण यात्रियों को कुछ समय तक परेशानी का सामना करना पड़ा.
दरभंगा : आधुनिक शिक्षा के बढ़ते प्रभाव और सरकारी स्तर पर अपेक्षित सहयोग की कमी के बीच संस्कृत शिक्षा को नई दिशा देने की कवायद तेज हो गई है. बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड अब संस्कृत शिक्षा के विस्तार के साथ विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए कई नई पहल करने की तैयारी में है. दरभंगा पहुंचे बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष मृत्युंजय झा ने कहा कि आने वाले दिनों में संस्कृत शिक्षा से डेढ़ लाख विद्यार्थियों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है. इसके साथ ही संस्कृत विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन पढ़ाई की व्यवस्था भी शुरू की जाएगी.दरअसल, दरभंगा जिला संस्कृत प्राथमिक सह माध्यमिक शिक्षक संघ की ओर से आयोजित विशेष कार्यक्रम में बोर्ड के अध्यक्ष मृत्युंजय झा शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने शिक्षकों के वेतन, पेंशन और संस्कृत विद्यालयों के आधारभूत ढांचे में सुधार को लेकर सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई. कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 35 शिक्षकों को सम्मानित भी किया गया. इस अवसर पर मृत्युंजय झा ने कहा कि बिहार संस्कृत शिक्षा बोर्ड प्रदेश में संस्कृत शिक्षा की तस्वीर बदलने के लिए लगातार काम कर रहा है. उन्होंने कहा कि नियोजित और नियमित शिक्षकों के वेतन तथा पेंशन से जुड़े मामलों को राज्य सरकार और शिक्षा विभाग के समक्ष प्रमुखता से उठाया गया है.उन्होंने बोर्ड की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि मात्र 27 दिनों के भीतर 87 प्रतिशत परीक्षा परिणाम जारी करना बोर्ड की बड़ी उपलब्धि है. विद्यार्थियों को एक और मौका देने के लिए सप्लीमेंट्री परीक्षा की शुरुआत भी की गई है.बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि संस्कृत शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक सरकारी वेबसाइट bsseb.bihar.gov.in शुरू की गई है. आने वाले समय में इस वेबसाइट के माध्यम से विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे संस्कृत शिक्षा को तकनीक से जोड़ने में मदद मिलेगी.उन्होंने कहा कि करीब 27 वर्षों बाद संस्कृत पाठ्यक्रम में बदलाव किया गया है. राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप पाठ्यक्रम में कर्मकांड, ज्योतिष और आयुर्वेद जैसे व्यावहारिक विषयों को शामिल किया गया है, ताकि संस्कृत शिक्षा को वर्तमान समय की जरूरतों से जोड़ा जा सके. मृत्युंजय झा ने बताया कि प्रदेश के 50 संस्कृत विद्यालयों को मॉडल 10+2 स्कूल के रूप में विकसित करने की योजना है. इसके लिए केंद्र सरकार से प्रत्येक विद्यालय के लिए दो करोड़ रुपये के इंफ्रास्ट्रक्चर बजट का प्रस्ताव भी भेजा गया है.बोर्ड की इन पहलों से संस्कृत शिक्षा से जुड़े शिक्षाविदों और शिक्षकों में उत्साह देखने को मिल रहा है. कार्यक्रम में संस्कृत शिक्षा बोर्ड के सदस्य अरूण झा, शिक्षाविद डॉ. अनिल कुमार ईश्वर, प्रो. विजय मिश्रा, प्रो. भवेश्वर सिंह, सी.ए. आदित्य झा, दरभंगा जिला संस्कृत शिक्षक संघ के अध्यक्ष अमित कुमार दुबे, सचिव समीर कुमार सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहे.
दरभंगा : संस्कृत विद्यालयों के शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों के लंबित वेतन और अन्य मांगों को लेकर बुधवार को बिहार संस्कृत प्राथमिक सह माध्यमिक शिक्षक संघ, जिला इकाई दरभंगा के बैनर तले जिले के विभिन्न संस्कृत विद्यालयों के करीब 150 शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने शहर में शांतिपूर्ण मौन जुलूस निकाला. जुलूस के माध्यम से सरकार एवं प्रशासन का ध्यान वर्षों से लंबित समस्याओं की ओर आकर्षित करते हुए शीघ्र समाधान की मांग की है.वहीं जिला सचिव समीर झा ने कहा कि संस्कृत शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए शिक्षकों एवं कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान आवश्यक है. उन्होंने प्रशासन से लंबित मांगों पर सकारात्मक पहल करते हुए शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की.संघ के नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा. उन्होंने कहा कि शिक्षकों एवं कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष तब तक जारी रहेगा, जब तक सभी जायज मांगें पूरी नहीं हो जाती.वहीं इस अवसर पर एमएलसी डॉ. मदन मोहन झा भी शिक्षकों के मार्च में शामिल हुए और उन्होंने कहा कि सरकार को तुरंत संस्कृत शिक्षकों की लम्बित वेतन भुगतान करना चाहिए. मैं इनके मांगों के समर्थन में सड़क से सदन तक साथ हूँ.
दरभंगा : सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज़ की चाह में बनाई गई एक रील अब महिला के लिए मुसीबत बन गई. दरअसल दरभंगा के घनश्यामपुर में महिला ने भोजपुरी गाने पर ओरिजनल पिस्टल हाथ में लेकर डांस करते हुए रील बनाई और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया. वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई और महिला को गिरफ्तार कर लिया.बताया जा रहा है कि पुलिस ने वीडियो का सत्यापन कराने के बाद महिला की पहचान सिरसिया गांव निवासी लाखो देवी के रूप में की. थानाध्यक्ष आलोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उसके घर पर छापेमारी की. तलाशी के दौरान पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक अतिरिक्त मैगजीन, एंड्रॉयड मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई.पुलिस ने अवैध हथियार रखने के आरोप में महिला को गिरफ्तार कर लिया है और न्यायिक हिरासत में भेज दिया. पुलिस के अनुसार, महिला के खिलाफ पहले से भी एक आपराधिक मामला दर्ज है.फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद पिस्टल कहां से आई और इसका इस्तेमाल किन-किन गतिविधियों में किया गया. इस कार्रवाई के साथ पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
दरभंगा : बड़ी खबर दरभंगा से है जहां शहर के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र स्थित अन्नपूर्णा गर्ल्स हॉस्टल में एलएनएमयू की 23 वर्षीय पीजी की छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. छात्रा का शव कमरे में फंदे से लटका मिला है. घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच में जुट गई है. बताया जा रहा है कि पटना से डायल-112 पर सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और बंद कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई. छात्रा के कान में हेडफोन लगा था और सामने मोबाइल रखा था, जिससे वीडियो कॉल चलने की आशंका जताई जा रही है. वहीं एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए, जबकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है. मृतका निधि कुमारी मधुबनी जिले के बिस्फी थाना क्षेत्र की रहने वाली थी. मामले में विश्वविद्यालय थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन मोबाइल समेत सभी डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी.
दरभंगा : बिहार के समाज कल्याण मंत्री मदन साहनी एवं सांसद गोपाल जी ठाकुर ने सोमवार को जिले के हनुमाननगर प्रखंड अंतर्गत पटोरी में केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-3 का भव्य उद्घाटन फीता काटकर तथा दीप प्रज्वलित कर किया. दरभंगा में तीसरे केंद्रीय विद्यालय के खुलने से जिले और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिलेगा. उन्होंने बताया कि केंद्रीय विद्यालय संगठन के नियमों के अनुसार फिलहाल विद्यालय में बालवाटिका-1, 2, 3 तथा कक्षा 1 से 5 तक की पढ़ाई शुरू होगी, जबकि भविष्य में इसे नर्सरी से प्लस-टू तक विस्तारित किया जाएगा.मंत्री ने कहा कि इस विद्यालय के शुरू होने से छात्र-छात्राओं को केंद्रीय विद्यालय संगठन के उत्कृष्ट पाठ्यक्रम एवं आधुनिक शिक्षण व्यवस्था का लाभ मिलेगा. वहीं सांसद गोपाल जी ठाकुर ने इसे दरभंगा के शैक्षणिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया.इस अवसर पर स्थानीय अभिभावकों एवं नागरिकों ने केंद्रीय विद्यालय की स्थापना का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में बड़ा कदम बताया.
दरभंगा : जिला परिषद अध्यक्ष पद के लिए बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित अंबेडकर सभागार में चुनाव संपन्न हुआ. चुनावी प्रक्रिया के दौरान जिला परिषद सदस्य रेणु देवी निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित घोषित की गईं. जिला परिषद अध्यक्ष पद के लिए वे एकमात्र प्रत्याशी रहीं, जिसके कारण मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ी. 47 सदस्यीय जिला परिषद के अध्यक्ष पद को लेकर सुबह से ही राजनीतिक सरगर्मियां तेज रहीं. चुनाव प्रक्रिया के दौरान रेणु देवी अपने 29 समर्थक जिला परिषद सदस्यों के साथ अंबेडकर सभागार पहुंचीं. वहीं, निवर्तमान अध्यक्ष सीता देवी और उनके समर्थक चुनावी प्रक्रिया से पूरी तरह दूर रहे. उनके खेमे के किसी सदस्य की सदन में उपस्थिति दर्ज नहीं हुई. निर्धारित कार्यक्रम के तहत दोपहर में नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई. रेणु देवी ने जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी कौशल कुमार के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया. उनके नामांकन का प्रस्ताव हायाघाट क्षेत्र की जिला परिषद सदस्य काजल देवी ने किया, जबकि डॉ. नंदकिशोर झा ‘बेचन’ ने उन्हें समर्थन किया. नामांकन पत्रों की जांच के बाद निर्वाचन अधिकारियों ने अन्य इच्छुक सदस्यों को भी प्रत्याशी बनने का अवसर दिया, लेकिन निर्धारित समयावधि समाप्त होने तक किसी अन्य सदस्य ने नामांकन दाखिल नहीं किया. इसके बाद निर्वाचन प्रक्रिया पूरी करते हुए रेणु देवी को निर्विरोध जिला परिषद अध्यक्ष घोषित कर दिया गया. चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए समस्तीपुर के एडीएम (आपदा) प्रेक्षक के रूप में मौजूद रहे. वहीं समाहरणालय परिसर और अंबेडकर सभागार के सभी प्रवेश द्वारों पर दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की तैनाती कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई थी.
दरभंगा : बड़ी खबर बिहार के दरभंगा से है जहांपुलिस ने गुप्त सूचना पर लहेरियासराय स्थित नाका नंबर छह इलाके में छापेमारी कर 45 बोतल प्रतिबंधित कोडिन युक्त कफ सिरप और करीब 24 लाख 97 हजार रुपये नकद बरामद किया है और मामले में 1 आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है. बताया जा रहा है कि पुलिस ने लहेरियासराय स्थित नाका नंबर 6 में छापेमारी कर 45 बोतल प्रतिबंधित कोडिन युक्त कफ सिरप और करीब 24 लाख 97 हजार रुपये नकद के साथ गौरी शंकर चौधरी नामक व्यक्ति को पकड़ा है. नोटों की संख्या इतनी ज्यादा थी कि पुलिस को गिनती के लिए मशीन मंगानी पड़ी. बताया जा रहा है कि आरोपी लंबे समय से अवैध दवा कारोबार में शामिल था और दुकान की आड़ में यह धंधा चला रहा था. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है.
दरभंगा : जिले के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के कलिगांव पंचायत स्थित चौर से गुजरने वाले हाईटेंशन बिजली टावर पर शुक्रवार को एक मूक-बधिर किशोरी के चढ़ जाने से इलाके में अफरातफरी मच गई. घटना की सूचना मिलते ही गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए. लोग लगातार आवाज लगाकर किशोरी को नीचे उतरने की अपील करते रहे, लेकिन मूक-बधिर होने के कारण वह किसी की बात नहीं सुन सकी और टावर के सबसे ऊपरी हिस्से तक पहुंच गई. इसकी सूचना मिलते ही सिंहवाड़ा थानाध्यक्ष बसंत कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया. करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस एवं स्थानीय लोगों की मदद से किशोरी को सुरक्षित नीचे उतारा गया.बताया जा रहा है कि दरभंगा से सीतामढ़ी जाने वाली चार लाख वोल्टेज लाइन के हाई टेंशन टावर पर किशोरी दास की 14 वर्षीय पुत्री धनवंती कुमारी चढ़ गई थी. धनवंती के परिजन ने बताया कि उनकी पुत्री शुक्रवार की दोपहर करीब तीन बजे चौर में भैंस चराने गई थी. करीब चार बजे जानकारी मिली कि वह हाई टेंशन बिजली टावर पर काफी ऊंचाई तक चढ़ गई है. परिजनों के अनुसार धनवंती मानसिक रूप से कमजोर है तथा मूक-बधिर भी है. उसके पिता बाहर प्रदेश में मजदूरी करते हैं, जबकि वह अपनी मां और पांच बहनों के साथ गांव में रहती है.सिंहवाड़ा थानाध्यक्ष बसंत कुमार ने बताया कि काफी प्रयास के बाद किशोरी का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया. जिसके बाद अस्पताल में चिकित्सा जांच कराई गई. सब कुछ सही पाया गया. इसके बाद बच्ची परिजन को सौंप दिया गया.
दरभंगा : बिहार के राज्यपाल सैयद अता हसनैन बुधवार को दरभंगा पहुंचे. कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल का भव्य स्वागत किया गया. उन्होंने महाराज कामेश्वर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और दरबार हॉल में आयोजित कार्यक्रम के साथ सीनेट बैठक में भाग लिया. इस दौरान उन्हें पाग और चादर भेंट कर सम्मानित किया गया.पत्रकारों से बातचीत में राज्यपाल ने कहा कि वे पहले भी दरभंगा आ चुके हैं और यहां दोबारा आने की इच्छा रखते हैं. उन्होंने उच्च शिक्षा क्षेत्र में काम अभी काफी बाकी होने की बात कही और बताया कि वे सभी विश्वविद्यालयों की स्थिति का लगातार विश्लेषण कर रहे हैं, जहां कुलपति अपने-अपने मुद्दे प्रस्तुत कर रहे हैं. राज्यपाल ने सीनेट की नियमित बैठकों पर जोर देते हुए कहा कि समस्याओं को गहराई से समझकर ही ठोस समाधान निकाला जाएगा. राज्यपाल ने विश्वास जताया कि विश्वविद्यालय, प्रशासन और मीडिया के सहयोग से शिक्षा व्यवस्था में सुधार संभव है. साथ ही उन्होंने दरभंगा में संस्कृत विश्वविद्यालय होने को गर्व की बात बताते हुए इसके विकास के लिए हरसंभव प्रयास का आश्वासन दिया.
दरभंगा : बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बुधवार को दरभंगा पहुंचकर आगामी चुनावों को लेकर बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा है कि देश के विभिन्न राज्यों में होने वाले चुनावों में एनडीए की सरकार बनेगी.पश्चिम बंगाल चुनाव की खास चर्चा करते हुए उन्होंने पाकिस्तान की इंट्री का मुद्दा उठाया और कहा कि चुनाव से पहले इस तरह के मुद्दों को लाकर माहौल प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है. इस दौरान उन्होंने ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि बंगाल में बांग्लादेशी, रोहिंग्या और घुसपैठियों को संरक्षण दिया जा रहा है, जिससे राज्य के संसाधनों का दुरुपयोग हो रहा है. साथ ही उन्होंने कहा कि वोट बैंक की राजनीति के लिए सरकार किसी भी स्तर तक गिर रही है.SIR मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय सरावगी ने कहा कि इसमें केवल उन्हीं मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, जो दो जगहों पर दर्ज थे, जिनकी मृत्यु हो चुकी है या जो अवैध रूप से सूची में शामिल थे. उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी अपनी संभावित हार को देखकर बौखला गई है और भाषा की मर्यादा तोड़ रही है. साथ ही दावा किया कि इस बार पश्चिम बंगाल में बीजेपी की सरकार बनना तय है और जनता बदलाव चाहती है.
दरभंगा : जिले में रसोई गैस की रिफिलिंग को लेकर लोगों में भारी परेशानी देखने को मिल रही है. गैस एजेंसियों पर सुबह पांच बजे से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग रही है. लेकिन कई लोगों को घंटों इंतजार के बाद भी निराश होकर घर लौटना पड़ रहा है. स्थिति को देखते हुए सदर एसडीएम विकास कुमार ने गैस आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा के लिए सभी गैस एजेंसी संचालकों और संबंधित अधिकारियों के साथ आपात बैठक की. बैठक में गैस की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने को लेकर एसडीएम ने एजेंसी संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और गैस का वितरण पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से किया जाए. उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी स्थिति पर लगातार निगरानी रख रहा है.इसके साथ ही एसडीएम ने आम लोगों से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडर का भंडारण न करें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके. वहीं गैस लेने पहुंचे कई उपभोक्ताओं ने एजेंसियों पर अव्यवस्था की शिकायत की. उनका कहना है कि ऑनलाइन मिलने वाला चार अंकों का नंबर एजेंसी पर छह अंकों में मांगा जा रहा है, जिसके कारण गैस प्राप्त करने में दिक्कत हो रही है और लोगों को बार-बार लाइन में लगना पड़ रहा है.प्रशासन का कहना है कि जल्द ही व्यवस्था को दुरुस्त कर उपभोक्ताओं को राहत देने का प्रयास किया जाएगा.
दरभंगा : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बिहार दौरे के बाद प्रदेश की सियासत गरमा गई है. गृहमंत्री का दौरा समाप्त होने के बाद बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि जब-जब गृह मंत्री बिहार आए हैं, तब-तब कोई बड़ा निर्णय हुआ है. इस बार भी कुछ बड़ा होने वाला है.संजय सरावगी ने कहा कि गृह मंत्री के दौरे के दौरान कई अहम निर्देश दिए गए हैं और आगे भी ठोस कदम उठाए जाएंगे. उन्होंने सीमांचल क्षेत्र में बांग्लादेशी घुसपैठ और अतिक्रमण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सीमांचल में करीब दस किलोमीटर अंदर तक हुए अवैध अतिक्रमण को खाली कराने का आदेश दिया गया है.उन्होंने कहा कि आतंकवाद और नक्सलवाद को पूरी तरह खत्म करना तथा देश के भीतर मौजूद घुसपैठियों को बाहर करना केंद्र सरकार का मुख्य उद्देश्य है. देश की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में कड़े कदम उठाए जा रहे हैं. सीमांचल को अलग राज्य बनाने की चर्चा पर प्रतिक्रिया देते हुए सरावगी ने कहा कि उन्हें इस तरह की किसी भी योजना की जानकारी नहीं है. उन्होंने स्पष्ट किया कि अलग राज्य बनाने की बात केवल राजनीतिक बयानबाजी है. विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि अन्य दलों के नेता चुनाव के समय बिहार आते हैं, लंबी-लंबी बातें करते हैं और फिर लौट जाते हैं, जबकि भाजपा विकास और सुरक्षा के मुद्दों पर ठोस काम कर रही है.
दरभंगा : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मंगलवार को दरभंगा पहुंचे. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी की मां के श्राद्धकर्म में शामिल हुए. मुख्यमंत्री ने उनकी माता जी को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. सीएम के साथ विधानसभा स्पीकर प्रेम कुमार भी सरावगी की मां को श्रद्धांजलि दी.
दरभंगा : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मंगलवार को दरभंगा पहुंचे. दरभंगा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी की दिवंगत माता जी की श्रद्धांजलि सभा में शामिल होंगे. दरभंगा हवाई अड्डा पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया. इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के आवास के लिए रवाना हुए. बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष की माता स्व.राधा देवी सरावगी के द्वादशा श्राद्ध कर्म में शामिल होने के लिए भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन मंगलवार को दरभंगा पहुंचे. दरभंगा हवाई अड्डा पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया. सूत्रों के अनुसार राज्यसभा चुनाव को लेकर भाजपा चुनाव कोर कमिटी की महत्वपूर्ण बैठक पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के आवास पर आयोजित की जाएगी. बैठक में आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवारों के चयन पर चर्चा होगी और नामों की घोषणा किये जाने की संभावना है.
दरभंगा : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जल-जीवन-हरियाली अभियान के बीच दरभंगा जिले के केवटी प्रखंड मुख्यालय से सरकारी पेड़ों की कथित अवैध कटाई का मामला सामने आया है. इसकी शिकायत मिलते ही वन विभाग ने जांच शुरु कर दी है. सरकारी पेड़ों की अवैध रुप से कटाई होने के मामले में शिकायतकर्ता इकबाल अंसारी का आरोप है कि करीब 50 वर्ष पुराने कीमती पेड़ समेत 14–15 पेड़ों को बिना किसी कागजी प्रक्रिया के काटकर गायब कर दिया गया है और इससे जुड़े साक्ष्य प्रशासन को सौंप दिए गए हैं. शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि सरकारी संपत्ति के संरक्षक माने जाने वाले प्रखंड विकास पदाधिकारी ने पद का दुरुपयोग करते हुए लकड़ी को निजी उपयोग में लाने और ऐशो-आराम के लिए पलंग-सोफा बनाने का काम कराया. उन्होंने कहा है कि Indian Forest Act, 1927 तथा Forest Conservation Act, 1986 के तहत सरकारी परिसर में लगे पेड़ों की अवैध कटाई दंडनीय अपराध की श्रेणी में आती है. वहीं प्रखंड विकास पदाधिकारी चंद्र मोहन पासवान ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि आंधी-तूफान में पेड़ गिरने के बाद सुरक्षा कारणों से उसे हटवाया गया.मिथिला वन प्रमंडल के वन प्रमंडल पदाधिकारी भास्कर चंद्र भारती ने बताया कि शिकायत मिली है और जांच के निर्देश दे दिए गए हैं. रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज है और सबकी नजर वन विभाग की जांच रिपोर्ट पर टिकी है.
दरभंगा : इस वक्त की बड़ी खबर बिहार के दरभंगा से है जहां जिला व्यवहार न्यायालय ने 32 वर्ष पुराने हत्या के मामले में 5 दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है. अदालत ने इसके अलावा सभी पर 5 लाख रुपये जुर्माना देने का भी आदेश दिया है. 8 अगस्त 1994 में अंधाधुंध फायरिंग में 2 लोगों की मौत हो गई थी. जिला अपर सत्र न्यायाधीश-3 सुमन कुमार दिवाकर की अदालत ने 32 वर्ष पुराने हत्या के मामले में बड़ा फैसला सुनाया है. अदालत ने चर्चित अधिवक्ता अंबर इमाम हासमी, पूर्व लोक अभियोजक कौशर इमाम हासमी समेत पांच अभियुक्तों को आजीवन कारावास एवं प्रत्येक पर 5 लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है. मामले में लोक अभियोजक अमरेंद्र नारायण झा ने बताया कि यह फैसला सत्रवाद संख्या 320/2010 एवं 326/1999 में सुनाया गया. मामला 8 अगस्त 1994 का है, जब बसंत गांव में तालाब पर पशु को पानी पिलाने के दौरान रामपुकार चौधरी एवं ग्रामीणों पर अंधाधुंध फायरिंग की गई थी. इस घटना में 2 लोगों की मौत हुई थी—एक की मृत्यु डीएमसीएच में इलाज के दौरान, जबकि दूसरे की मौत कुछ दिनों बाद इलाज के क्रम में हुई थी.इस मामले में वर्ष 1994 में कुल 13 नामजद एवं 10–12 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी. अनुसंधान के दौरान एक अभियुक्त रंगदार हासमी फरार हो गया था. पुलिस ने कुल 12 अभियुक्तों के खिलाफ आरोप पत्र समर्पित किया था. गवाही के दौरान दो अन्य अभियुक्त भी फरार हो गए, जिनका ट्रायल अलग कर दिया गया.अदालत ने शेष बचे पांच अभियुक्तों को आजीवन कारावास के साथ पांच लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई है. जुर्माने की राशि अदा नहीं करने की स्थिति में उन्हें एक वर्ष का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा.