दरभंगा: बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बुधवार को दरभंगा पहुंचकर आगामी चुनावों को लेकर बड़ा दावा किया है. उन्होंने कहा है कि देश के विभिन्न राज्यों में होने वाले चुनावों में एनडीए की सरकार बनेगी.
पश्चिम बंगाल चुनाव की खास चर्चा करते हुए उन्होंने पाकिस्तान की इंट्री का मुद्दा उठाया और कहा कि चुनाव से पहले इस तरह के मुद्दों को लाकर माहौल प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है. इस दौरान उन्होंने ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि बंगाल में बांग्लादेशी,रोहिंग्या और घुसपैठियों को संरक्षण दिया जा रहा है,जिससे राज्य के संसाधनों का दुरुपयोग हो रहा है. साथ ही उन्होंने कहा कि वोट बैंक की राजनीति के लिए सरकार किसी भी स्तर तक गिर रही है.
SIRमुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय सरावगी ने कहा कि इसमें केवल उन्हीं मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं,जो दो जगहों पर दर्ज थे,जिनकी मृत्यु हो चुकी है या जो अवैध रूप से सूची में शामिल थे.
उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी अपनी संभावित हार को देखकर बौखला गई है और भाषा की मर्यादा तोड़ रही है. साथ ही दावा किया कि इस बार पश्चिम बंगाल में बीजेपी की सरकार बनना तय है और जनता बदलाव चाहती है.
