21 नवंबर को प्रधानमंत्री करेंगे छह लेन पुल का लोकार्पण, स्वास्थ्य मंत्री बोले- उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच विकास को मिलेगी नई गति
पटना:
कच्ची दरगाह–राघोपुर–बिदुपुर छह लेन गंगा महासेतु का नामकरण पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर ‘नीतीश सेतु’ किए जाने पर स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय बिहार के विकास में नीतीश कुमार के योगदान के प्रति सम्मान का प्रतीक है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि 21 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस पुल का लोकार्पण करेंगे। नीतीश कुमार के विजन और मार्गदर्शन में तैयार हुआ यह महासेतु प्रदेश के विकास और बेहतर कनेक्टिविटी की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

नीतीश कुमार के विकास कार्यों का सम्मान
मंत्री निशांत ने कहा कि नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल में बिहार के दूर-दराज के गांवों तक सड़कों और पुल-पुलियों का जाल बिछाने का काम किया। नदियों पर बड़े पुलों के निर्माण से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के बीच संपर्क मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि ‘नीतीश सेतु’ का नामकरण प्रदेश की सेवा में नीतीश कुमार के करीब दो दशकों के योगदान और उनकी विकासपरक सोच के प्रति सम्मान है।

उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच मजबूत होगी कनेक्टिविटी
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि गंगा नदी पर बना यह अत्याधुनिक छह लेन पुल उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन को सुगम बनाएगा। इससे लोगों को यात्रा में सुविधा मिलेगी और व्यापार, रोजगार तथा आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2005 से पहले बिहार में गंगा नदी पर मात्र चार पुल थे, जबकि आज इनकी संख्या बढ़कर लगभग डेढ़ दर्जन हो गई है। इनमें कुछ पुल चालू हो चुके हैं और कुछ निर्माणाधीन हैं। मंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी बिहार के विकास के प्रति नीतीश कुमार की प्रतिबद्धता और जनसेवा का संकल्प प्रदेश की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट