विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक, चालकों के निबंधन के लिए नवंबर के अंत तक शुरू होगा ऑनलाइन पोर्टल
पटना: बिहार में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और सुविधाजनक बनाने की दिशा में सरकार कई महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रही है। गयाजी को 50 इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराई जाएंगी, जबकि राज्य के 31 स्थानों पर पीपीपी मोड के तहत आधुनिक बस स्टैंड विकसित किए जाएंगे। इसके अलावा वाहन चालकों के निबंधन और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए नवंबर के अंत तक ऑनलाइन पोर्टल शुरू होगा।

इस संबंध में बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार की अध्यक्षता में उनके कार्यालय कक्ष में परिवहन विभाग के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में यात्री सुविधाओं, इलेक्ट्रिक बसों, बस स्टैंड निर्माण और वाहन चालकों के कल्याण पर चर्चा हुई।

गयाजी को मिलेंगी 50 इलेक्ट्रिक बसें
अधिकारियों ने बताया कि पीएम ई-बस योजना के तहत बिहार के छह क्षेत्रीय कार्यालयों के लिए कुल 400 इलेक्ट्रिक बसें आवंटित की गई हैं। इनमें पटना को 150 और गयाजी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, भागलपुर एवं पूर्णिया को 50-50 बसें मिलेंगी। फिलहाल पटना में 52 पीएम ई-बसों का संचालन हो रहा है।

31 स्थानों पर बनेंगे आधुनिक बस स्टैंड
राज्य के 31 स्थानों पर पीपीपी मॉडल के तहत आधुनिक बस स्टैंड विकसित किए जाएंगे। यहां यात्रियों के लिए पेयजल, प्रतीक्षालय, शौचालय, पार्किंग, प्रकाश व्यवस्था और सीसीटीवी जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। बैठक में गयाजी के प्रस्तावित अंतरराज्यीय बहुमंजिला बस स्टैंड की भी समीक्षा की गई। योजना के तहत भूतल पर पार्किंग, पहले और दूसरे तल पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स तथा तीसरे से सातवें तल तक होटल और मल्टीप्लेक्स सिनेमा हॉल विकसित किए जाने का प्रस्ताव है।

चालकों के लिए इसी महीने ऑनलाइन पोर्टल
वाहन चालकों के निबंधन और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए नवंबर के अंत तक ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया जाएगा। मुख्यमंत्री वाहन चालक कल्याण योजना, 2024 के तहत चालकों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच, जीवन और स्वास्थ्य बीमा तथा प्रशिक्षण जैसी सुविधाएं दी जाएंगी। इस योजना के लिए प्रथम वर्ष में 34.08 करोड़ रुपये और पांच वर्षों में कुल 90.40 करोड़ रुपये के संभावित व्यय का प्रावधान है।

यात्रियों को मिलेगी बसों की लाइव ट्रैकिंग सुविधा
यात्रियों की सुविधा के लिए जल्द ही 'व्हेयर इज माय बस' मोबाइल ऐप विकसित किया जाएगा। इसके माध्यम से बसों की लाइव लोकेशन, टिकटिंग और आवागमन से जुड़ी जानकारियां एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगी। विधानसभा अध्यक्ष ने गयाजी रेलवे स्टेशन से विष्णुपद मंदिर तक महिलाओं के लिए संचालित पिंक बस सेवा को और सुगम बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में प्रखंड स्तर पर पेयजल, शौचालय, यात्री शेड, संपर्क सड़क और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इसके अलावा बिहार विधानसभा परिसर में इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा।

त्योहारों पर सस्ती बस यात्रा की सुविधा
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि दीपावली के अवसर पर 5 से 20 नवंबर तक अंतरराज्यीय विशेष बसों का परिचालन किया जा रहा है। निर्धारित 1,800 रुपये के किराये पर एक-तिहाई सरकारी अनुदान दिया जा रहा है, जिससे यात्रियों को 1,200 रुपये में सफर की सुविधा मिल रही है। होली के अवसर पर भी ऐसी किराया रियायत देने की योजना है।

बैठक में परिवहन विभाग की ओएसडी अरुणा कुमारी, बीएसआरटीसी के रीजनल मैनेजर अरविंद कुमार सिंह, वाहन एसोसिएशन ऑफ बिहार के प्रदेश अध्यक्ष उपेंद्र राय, संरक्षक मनोज कुमार सहित विभागीय एवं विधानसभा सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट