नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक,लकड़ी और अंतिम संस्कार सामग्री की दरें होंगी निर्धारित;सभी स्थलों का पंजीकरण अनिवार्य
रांची: रांची नगर निगम क्षेत्र के सभी मुक्तिधाम एवं दाह-संस्कार स्थलों की व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी। यहां स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश, शौचालय, शेड, पार्किंग और अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाएगा। साथ ही, इन स्थलों के संचालन में पारदर्शिता लाने और मनमानी वसूली पर रोक लगाने के लिए नगर निगम ने पहल तेज कर दी है। इस संबंध में शुक्रवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न अंचलों के अंतर्गत आने वाले दाह-संस्कार स्थलों की स्थिति और उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की गई।
लकड़ी और पूजन सामग्री की दरें होंगी निर्धारित
नगर आयुक्त ने दाह-संस्कार स्थलों पर लकड़ी एवं अन्य आवश्यक सामग्रियों की बिक्री में मनमानी वसूली रोकने के लिए उप नगर आयुक्त की अध्यक्षता में समिति गठित करने का निर्देश दिया। समिति में संबंधित अधिकारियों, वन विभाग और वर्तमान संचालक संगठनों के प्रतिनिधियों को शामिल किया जाएगा। समिति सभी स्थलों पर लकड़ी और दाह-संस्कार सामग्री की निर्धारित दरें तय करेगी। साथ ही, प्रत्येक स्थल के संचालन के लिए समितियों का चयन कर उनका नगर निगम में पंजीकरण कराया जाएगा।
सफाई से लेकर पहुंच पथ तक होगा सुधार
नगर निगम की विभिन्न शाखाओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। स्वच्छता शाखा प्रतिदिन दो पालियों में सफाई कराएगी। अभियंत्रण शाखा शेड निर्माण, रंग-रोगन, पहुंच पथ, बेंच और अन्य सुविधाओं को दुरुस्त करेगी। वहीं, हॉर्टिकल्चर शाखा हरित क्षेत्रों की सफाई और घास कटाई सुनिश्चित करेगी। इसके अलावा सभी मुक्तिधाम तक पहुंचने के लिए आवश्यक स्थानों पर दिशा-सूचक बोर्ड लगाए जाएंगे।
इन मुक्तिधामों की हुई समीक्षा
बैठक में हरमू मुक्तिधाम, स्वर्णरेखा घाट, चुटिया, घाघरा घाट, स्नेह समाज अरगोड़ा रोड, बड़गाई-बड़गाई मुक्ति धाम, पाहन टोली, तिरिल-कोकर, सिठियो-धुर्वा, गंगा नगर और जुमार नदी सहित विभिन्न दाह-संस्कार स्थलों की समीक्षा की गई। हेहल श्मशान घाट की वर्तमान स्थिति पर भी चर्चा हुई।
पंजीकरण नहीं कराने पर होगी नियमानुसार कार्रवाई
बैठक में झारखंड नगरपालिका अधिनियम 2011 के प्रावधानों के तहत सभी श्मशान घाटों, कब्रिस्तानों और दाह-संस्कार स्थलों का नगर निगम में पंजीकरण अनिवार्य होने की जानकारी दी गई। नगर आयुक्त ने कहा कि सभी स्थलों का संचालन पारदर्शी और निर्धारित नियमों के अनुरूप होना चाहिए। नगर निगम इन स्थलों के प्रबंधन और संचालन पर नियामक निगरानी रखेगा।
उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। बैठक में निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी और संबंधित स्थलों का संचालन करने वाले संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
रांची से राजेश पाठक की रिपोर्ट

