भाकपा राज्य परिषद की बैठक 12 सितंबर को, 28 सितंबर को राजभवन मार्च की तैयारी की होगी समीक्षा
पटना:भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी बिहार राज्य परिषद की बैठक 12 सितंबर 2026 को पटना में होगी. बैठक में जनसंगठनों के आह्वान पर शहीद ए आजम भगत सिंह की जयंती के मौके पर 28 सितंबर,2026 को पटना में आयोजित राजभवन मार्च की तैयारी की समीक्षा की जायेगी. केंद्र और राज्य सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ दिसम्बर में पार्टी की ओर से आयोजित होने वाले राष्ट्रव्यापी जेल भरो आन्दोलन की रणनीति बनाई जाएगी. बैठक को राष्ट्रीय सचिव संजय कुमार,राष्ट्रीय सचिव डा॰ गिरीशचंद्र शर्मा आदि नेता संबोधित करेंगे. भाकपा राज्य सचिव राम नरेश पाण्डेय ने कहा कि बिहार में भाजपा सरकार बनते ही अपराधी बेलगाम हो गया है. पुलिसिया जुल्म बढ़ गया है. महँगाई आसमान छू रही है. भ्रष्टाचार और लूट चरम पर है. महिला उत्पीड़न में बेतहाशा बढ़ोतरी हुई. सरकार किसानों से जमीन छीन कर कौड़ी के भाव में पूंजीपतियों को सौंप रही है. खजाना खाली होने से राज्यकर्मियों के वेतन-पेंशन के भुगतान के संकट की खबरें आ रही है. बिहार के किसान,मजदूर,छात्र,नौजवान,महिलाओं तथा आम जनता परेशान तथा बदहाल है. ऐसी परिस्थिति में बिहार के विभिन्न जनसंगठनों ने शहीद ए आजम भगत सिंह की जयंती के मौके पर 28 सितंबर 2026 को राजभवन मार्च का आह्वान किया है,जिसका पार्टी ने समर्थन किया है. उन्होंने 28 सितम्बर,2026 को जनसंगठनों द्वारा आयोजित राजभवन मार्च में अधिक से अधिक संख्या में आम लोगों,किसान,मजदूर,छात्र,नौजवान एवं महिलाओं को शामिल होने का आह्वान किया.पटना से अंकिता की रिपोर्ट--
