पटना : मोकामा के विधायक अनंत सिंह इन दिनों राजनीतिक गतिविधियों के बजाय अपनी छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शाही शादी को लेकर चर्चा में हैं. शिवांगी सिंह की शादी आगामी 25 नवंबर 2026 को होने वाली है. शादी की तैयारियां अनंत सिंह के पैतृक गांव लदमां में जोर-शोर से चल रही है. बताया जा रहा है कि इस भव्य आयोजन के लिए करीब 10 बीघा जमीन पर तैयारियां की जा रही है.

शादी की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि विशाल टेंट-पंडाल लगाने के लिए उत्तर प्रदेश के मऊ जिले से कारीगरों की टीम पहुंची है. ग्रामीणों के मुताबिक, शादी में विशेष तरह का टेंट तैयार किया जा रहा है. इसकी सजावट और निर्माण को लेकर कई दिनों से काम चल रहा है. पूरे गांव में शादी को लेकर उत्साह का माहौल है.

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, शिवांगी के होने वाले पति का नाम ऋषिकेश कुमार है. ऋषिकेश ने अमेरिका से एमबीए की पढ़ाई की है और पिछले करीब 11 वर्षों से अमेरिका में रह रहे हैं. हालांकि, उनका परिवार बिहार के पटना जिले के बिहटा स्थित घोड़ाटाप गांव का रहने वाला है. उनके पिता रणविजय सिंह सीआरपीएफ में कमांडेंट हैं. फिलहाल परिवार बिहटा के कृष्णानगर में रहता है.

शादी समारोह में घुड़दौड़ और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन की भी चर्चा है. बताया जा रहा है कि देश-विदेश से बड़ी संख्या में मेहमान शामिल हो सकते हैं. हालांकि, मेहमानों की संख्या और आयोजन से जुड़ी कई जानकारियों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

शादी के बाद सरेंडर करेंगे अनंत सिंह

बेटी की शादी के बाद अनंत सिंह के सामने कानूनी प्रक्रिया भी महत्वपूर्ण होगी. चर्चित दुलारचंद यादव हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के मुताबिक उन्हें एक दिसंबर 2026 तक आत्मसमर्पण करना है. ऐसे में 25 नवंबर की शादी के बाद उनके सरेंडर की संभावना जताई जा रही है. फिलहाल लदमां गांव में शादी की तैयारियां चर्चा का विषय बनी हुई है.

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-