रांचीः छठ महापर्व को लेकर रांची नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने गुरुवार को निगम की टीम के साथ जुमार नदी छठ घाट, जेल तालाब और चडरी तालाब का निरीक्षण कर सफाई, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को 11 नवंबर 2026 तक सभी छठ घाटों का शेष कार्य पूरा कर श्रद्धालुओं के लिए तैयार करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान जुमार नदी छठ घाट पर अतिरिक्त सफाई कर्मियों की तैनाती, गाद निकालने और स्टोन डस्ट से घाट का समतलीकरण करने का निर्देश दिया गया। वहीं, जेल तालाब में मूर्ति विसर्जन के बाद 24 घंटे के भीतर अवशेष हटाने और जल की स्वच्छता सुनिश्चित करने को कहा गया।

चडरी तालाब में गहरे पानी वाले हिस्सों पर मजबूत बैरिकेडिंग, खुले नालों को ढकने और झुके पेड़ों की डालियों की छंटाई कराने का निर्देश दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

नगर आयुक्त ने सभी छठ पूजा समितियों के साथ समन्वय बनाकर चेंजिंग रूम, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पेंटिंग और संपर्क मार्गों की व्यवस्था समय पर पूरी करने को कहा।

उन्होंने कहा कि छठव्रतियों को स्वच्छ, सुरक्षित और प्रकाशमय वातावरण उपलब्ध कराना रांची नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए निगम की पूरी टीम लगातार काम कर रही है। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, वार्ड पार्षद, नगर प्रबंधक, जोनल सुपरवाइजर और विभिन्न छठ पूजा समितियों के सदस्य मौजूद रहे।

रांची से राजेश पाठक की रिपोर्ट