पटना नगर निगम ने संभाली कमान,ICCCसे हो रही लाइव मॉनिटरिंग;भीड़ प्रबंधन और आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेष तैयारी
पटना: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर पटना नगर निगम ने सुरक्षा और व्यवस्था को हाईटेक बना दिया है। गंगा घाटों से लेकर शहर के प्रमुख तालाबों तक 35 संवेदनशील घाटों पर लगे 187 अत्याधुनिक सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है।
इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (ICCC) के जरिए घाटों पर भीड़, श्रद्धालुओं की आवाजाही और तैयारियों की लाइव मॉनिटरिंग की जा रही है। वहीं, किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस और प्रशासनिक टीमों के बीच समन्वय स्थापित किया जा रहा है।
16PAसिस्टम से प्रसारित हो रहे जागरूकता संदेश
घाटों पर स्वच्छता और सुरक्षा को लेकर 16 पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम लगाए गए हैं। इनके माध्यम से श्रद्धालुओं से पूजा सामग्री, फूल-माला और प्लास्टिक गंगा में नहीं फेंकने तथा निर्धारित स्थानों पर कचरा डालने की अपील की जा रही है।
NITघाट पर बनेगा लाइव व्यूइंग सेंटर
पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड की ओर से NIT घाट पर विशेष लाइव व्यूइंग सेंटर तैयार किया जा रहा है। यहां से पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी विभिन्न घाटों की गतिविधियों पर नजर रखेंगे और जरूरत पड़ने पर तत्काल कार्रवाई करेंगे।
नगर निगम मुख्यालय के कंट्रोल रूम से घाटों पर चल रहे निर्माण, सफाई, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और अन्य तैयारियों की भी निगरानी की जा रही है।
गौरतलब है कि इस वर्ष गंगा में बाढ़ के कारण जलस्तर सामान्य से अधिक रहा है। ऐसे में छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम आधुनिक तकनीक के साथ व्यापक तैयारियों में जुटा है।
पटना से अंकिता की रिपोर्ट

