भागलपुर: बिहार के भागलपुर जिले के पीरपैंती रेलवे स्टेशन पर एक अनोखी घटना सामने आई है। कटिहार से पहुंची मेमो ट्रेन में सफर कर रही एक गर्भवती महिला को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। इसी दौरान महिला ने ट्रेन में ही एक बच्ची को जन्म दिया। ट्रेन में बच्चे की किलकारी गूंजते ही स्टेशन पर मौजूद यात्रियों और स्थानीय लोगों के बीच हलचल मच गई।

स्थानीय लोगों ने दिखाई तत्परता

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय निवासी रंजीत पासवान और वार्ड पार्षद राज आनंद ने तत्परता दिखाते हुए महिला को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। इसके बाद महिला और नवजात बच्ची को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में दोनों का उपचार किया गया।

मां और नवजात बच्ची दोनों स्वस्थ

राहत की बात यह है कि फिलहाल मां और नवजात बच्ची दोनों स्वस्थ हैं। इस घटना के दौरान स्थानीय लोगों ने जिस तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया, उसकी इलाके में सराहना हो रही है। मुश्किल समय में लोगों की मदद से प्रसूता और नवजात को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सका।

इस घटना ने एक बार फिर साबित किया कि जरूरत के समय इंसानियत और आपसी सहयोग सबसे बड़ी मदद साबित होते हैं।

संवाददाता रवि आर्यन भागलपुर