झारखंड प्रदेश युवा मोर्चा के आह्वान पर आज राज्य के विभिन्न जिला मुख्यालयों में विरोध प्रदर्शन का कार्यक्रम रखा गया है। इसी कड़ी में जमशेदपुर में भी युवा मोर्चा के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपायुक्त कार्यालय के बाहर एकत्र हुए। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर जोरदार नारेबाजी की और प्रशासन के खिलाफ धरना दिया। प्रदर्शन के दौरान पूरे समाहरणालय परिसर में गहमागहमी का माहौल देखने को मिला।धरने को संबोधित करते हुए भाजपा युवा मोर्चा के नेताओं ने पत्रकार अभिषेक भारती की तत्काल रिहाई की मांग की। नेताओं ने कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच होनी चाहिए, साथ ही राज्य में पत्रकारों के खिलाफ हो रही कथित दंडात्मक कार्रवाई पर तुरंत रोक लगनी चाहिए। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सच लिखने और रिपोर्टिंग करने वाली आवाजों को दबाने की कोशिश की जा रही है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
युवा मोर्चा नेताओं ने घटनाक्रम का जिक्र करते हुए कहा कि सिमडेगा के कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ एक नाबालिग लड़की द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न (पॉक्सो) के गंभीर आरोपों की रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकार अभिषेक भारती को सिमडेगा पुलिस ने जमशेदपुर के बिष्टुपुर इलाके से गिरफ्तार किया है। युवा मोर्चा ने इस गिरफ्तारी की कड़ी निंदा करते हुए अभिषेक भारती को बिना शर्त तुरंत रिहा करने की मांग की।प्रदर्शनकारियों ने कानून-व्यवस्था और जांच की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिन विधायक पर इतने गंभीर आरोप लगे हैं, वे बाहर खुलेआम घूम रहे हैं, जबकि रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकार को गिरफ्तार कर लिया गया है। युवा मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द न्याय और रिहाई नहीं मिली, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
